राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव मंदिर जाने से पहले सोचते हैं कि मंदिर जाने से कहीं मेरा वोट कम न हो जाए। लेकिन पीएम के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्म स्थान पर भव्य राम मंदिर, उज्जैन में महाकाल लोक दिव्य और भव्य निर्माण हुआ।
मंगलवार को सेवा पखवाड़े के तहत भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय रोहनिया में डॉ. आर बालसुब्रमण्यम की पुस्तक पावर विदिन द लीडरशिप लेजेंसी आफ नरेंद्र मोदी विषय पर संगोष्ठी हुई। इसके बतौर मुख्य वक्ता राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि सत्यनिष्ठा के साथ राजधर्म का पालन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।
इस पुस्तक के लेखक ने बहुत समय तक पीएम के साथ कार्य किया है। राजधर्म क्या होता है, पीएम अपने को प्रधान सेवक मानते हुए इसका कैसे पालन करते हैं, इस पुस्तक में पढ़ने को मिलता है। भीष्म पितामह ने जिस तरह युधिष्ठिर को राजधर्म के 10 पहलुओं को बताया था।
वह दस पहलु इस पुस्तक में है। 2014 के बाद जितनी भी योजनाएं आई वह सब जनकल्याण वाली हैं। पीएम ने अपने कार्यकाल के दौरान कभी भी छुट्टी नहीं ली। दिवाली वाले दिन पर पीएम सेना के जवानों के साथ सीमा पर दिवाली मनाते हैं। उपहार में मिली वस्तुओं को नीलाम कर उसकी राशि को नमामि गंगे को भेंट कर देते हैं।
संगोष्ठी की अध्यक्षता एवं स्वागत भाषण क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने की। संचालन महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने व धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर मेयर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक डॉ अवधेश सिंह, एमएलसी धर्मेन्द्र राय आदि मौजूद रहे।