प्रेस कॉन्फ्रेंस में गृह मंत्री बोले,सपा, बसपा, कांग्रेस ने कीचड़ किया
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को यहां कहा कि हम सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि यूपी का निर्माण करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्वांचल विकास का फंड कई गुना बढ़ाया जाएगा। चंदौली और सोनभद्र जैसे उपेक्षित जिले पर्यटन के लिहाज से विकसित होंगे। पूरी तरह तबाह हो चुके मऊ को फिर से पूर्वांचल का मैनचेस्टर बनाया जाएगा।
घौसाबाद स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में गृहमंत्री ने कानून व्यवस्था के सवाल पर कहा कि यूपी पुलिस में इतना दम है कि वह माफियाओं का कलेजा निकाल सकती है लेकिन उसके हाथ बंधे हैं।
नेताओं की कथनी और करनी में अंतर के चलते ही सरकारों पर विश्वसनीयता का संकट खड़ा हो गया था लेकिन भाजपा सरकार ने केंद्र की सत्ता संभालने के बाद इसे चुनौती के रूप में लिया और जनता का भरोसा जीतने में सफलता पाई।
सपा, बसपा और कांग्रेस ने प्रदेश की राजनीति को कीचड़ बना दिया है और कीचड़ में केवल कमल खिलता है। सूबे में स्पष्ट बहुमत की भाजपा सरकार बनने जा रही है। कहा कि पूर्वांचल के विकास लिए केंद्र सरकार ने गोरखपुर में एम्स खोलने के साथ ही खाद कारखाना चालू कराया। बेरोजगारों को रोजगार के नए अवसर मुहैया कराए।
बीएचयू में विश्वस्तरीय सुविधाओं वाले कैंसर अस्पताल का निर्माण शुरू हो चुका है। कहा कि पहले केंद्र से राज्यों को मात्र 32 प्रतिशत राजस्व मिलता था लेकिन मोदी सरकार ने इसे बढ़ाकर 42 प्रतिशत कर दिया है।
देश में सबसे पहले अटल जी ने चार, छह, आठ लेन हाईवे निर्माण की शुरुआत की थी। हमारे साथी नितिन गडकरी हर साल 10 हजार किमी हाइवे का निर्माण करा रहे हैं। 2017-18 में लक्ष्य रखा गया है कि हर साल 25 हजार किमी हाइवे का निर्माण कराया जाए।