गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्र
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्र ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी काफी काम हिंदी में आरंभ कर दिया है। उनके समाचार, ट्विटर और सोशल मीडिया एकाउंट हिंदी में हैं। सात वर्षों में हिंदी बोलने, लिखने और पढ़ने वालों की संख्या में व्यापक वृद्धि हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदी को सरल कर रोजमर्रा के शब्दों को प्रयोग करने पर भी जोर दिया है। प्रत्येक भाषा के प्रचलित शब्दों को भी हिंदी में शामिल किया गया है। हिंदी का शब्द भंडार वैसे भी बहुत विशाल है, इसी कारण यह विश्व की सर्वश्रेष्ठ भाषाओं में से एक है।
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि आधुनिक काल में भाषा के जरिए ही क्रांति और आर्थिक विकास हुआ है। महात्मा गांधी से पहले देश एक डोर में नहीं जुड़ा था, लेकिन महात्मा गांधी ने हिंदी और लोक भाषा को चुना और इस माध्यम से जन आंदोलन किया।
उसी प्रकार 2014 के बाद इस देश के मनीषियों ने जो सपना देखा उस पर अपनी भाषा के माध्यम से काम अब हो रहा है। मॉडल टेक्नोलॉजी और नई शिक्षा नीति से देश में बदलाव आएगा। उन्होंने कहा, अपनी भाषा के विकास के बिना भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह नहीं बना सकता है।