वाराणसी की राजातालाब तहसील के नवनिर्मित भवन का गेट मंगलवार की शाम गिर जाने से उसके नीचे दबकर चौकीदार करुणापति यादव (42) की मौत हो गई। सूचना पाकर वकीलों ने चौकीदार को क्षेत्र के निजी अस्पताल पहुंचाया।
जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। टॉमा सेंटर में डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिए जाने पर पुलिस ने शव को बीएचयू पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया।
राबर्ट्सगंज निवासी करुणापति मंगलवार की शाम गेट को बंद कर रहा था। इसी दौरान गेट उसके ऊपर गिर पड़ा और वो गंभीर रूप से घायल हो गया। तहसील के नए भवन में लोगों की आवाजाही कम होने के कारण काफी देर तक वो गेट के नीचे दबा रहा।
राहगीरों की सूचना पर तहसील के वकील मौके पर पहुंचे। सभी ने एसडीएम और तहसीलदार को फोन किया लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। वकील करुणापति को रोहनिया स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। सूचना पाकर तहसील के कर्मचारी उसे ट्रॉमा सेंटर ले गए।