वाराणसी। कजाकपुरा रेलवे लाइन के किनारे रविवार को मिले एक युवक के शव का मामला अब कमिश्नर तक पहुंच गया है। इसके लिए समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष ने थाना आदमपुर द्वारा जांच में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। हत्या की दृष्टि से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
कहा कि 16 मई को कजाकपुरा रेलवे लाइन के किनारे संदिग्ध परिस्थिति में विक्की यादव ( 24 वर्ष) का शव मिला था। मामले में आदमपुर पुलिस द्वारा घटना की जांच न करने के बाद मृतक के पिता पारस यादव ने सपा के पदाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। जिसके बाद जिलाध्यक्ष सुजीत यादव एवं महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने तत्काल कोतवाली के सहायक पुलिस आयुक्त प्रवीण सिंह को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश से भी शिकायत की। थाना आदमपुर की ओर से कोई जांच न करने का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की। फिलहाल पुलिस आयुक्त ने आरोप पर डीएसपी काशी जोन से जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।