बारिश के चलते दर्जनों मोहल्ला की बिजली गुल हो गई। दोपहर बाद शाम करीब तीन बजे जैसे ही तेज हवा संग बारिश शुरू हुई कुछ जगहों पर बिजली विभाग ने एहतियातन बिजली काट दी, जबकि कुछ जगहों पर ट्रिपिंग की वजह से बिजली कट गई। इस वजह से घरों में अंधेरा छाया रहा। करीब घंटे भर बाद आपूर्ति बहाल हुई। बारिश शुरू होने के बाद मंडुवाडीह, बजरडीहा, साकेतनगर, इंदिगरानगर, सुंदरपुर समेत दर्जनों मुहल्लों में बिजली कटौती के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को हुई बारिश से भले ही ठंड में इजाफा हो गया हो लेकिन किसानों के फसलों के लिए अमृत वर्षा हुई है। कृषि वैज्ञानिकों और किसानों का कहना है कि हल्की बारिश से उनकी फसलों को फायदा होगा। अगर बारिश तेज होती तो मटर, टमाटर, आलू सहित कई फसलों को नुकसान होता। खेतों में पानी जमा होने से गलन और पाला की संभावना बढ़ गई है। जबकि ठंड बढ़ने से पशुओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
कादीपुर खुर्द के किसान अवधेश दूबे ने बताया कि इस बारिश से फूल वाली सब्जियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। ठंड के अचानक बढ़ते ही पशुओं की परेशानी बढ़ गई है। दानगंज इलाके के किसानों ने बारिश को गेहूं की फसल के लिए अमृत बताया। कृषि रक्षा विभाग के अधिकारियों ने सलाह दी है किसान बारिश के पानी के निकास का उचित प्रबंध कर गलन और पाले की समस्या से फसलों का बचाव कर सकते हैं।