युवा निशानेबाज को कुलपति ने सम्मानित किया
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के जिला राइफल क्लब के युवा निशानेबाज शशांक त्रिपाठी ने निशानेबाजी में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। इसके लिए शशांक को पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति निर्मला एस. मौर्य ने नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया है।
निशानेबाजी में 300 मीटर बिग बोर राइफल चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाले शशांक ने बताया कि उनके मार्गदर्शक उनके पिता शैलेंद्र त्रिपाठी हैं। उनके पिता मौजूदा समय में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की वाराणसी इकाई में डिप्टी एसपी के पद पर तैनात हैं। निशानेबाजी के छह साल के सफर में उन्होंने राज्य स्तरीय, प्री नेशनल और नेशनल प्रतियोगिताओं में 12 स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक जीता है।
बीते साल आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में शशांक ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की तरफ से निशानेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया था। शशांक के शानदार प्रदर्शन के चलते प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय ने शीर्ष पांच में अपनी जगह बनाई थी। शशांक की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश राज्य राइफल संघ के संयुक्त सचिव पंकज श्रीवास्तव ने उन्हें बधाई देते हुए और बेहतर करते रहने के लिए शुभकामनाएं दी है।