जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में बृहस्पतिवार को जैश-ए-मोहम्मद के एक फिदायिन हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए। आतंकियों ने घात लगातार हमले को अंजाम दिया। जिसे लेकर पूरे देश में आक्रोश व्याप्त है।
वाराणसी में रामनगर किले के पास सैनिकों के काफिले पर हुए आत्मघाती हमले से नाराज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाजपा सभासद संतोष शर्मा एवं भाजपा नेता अरविंद कुमार के नेतृत्व में पाकिस्तान का पुतला फूंका। इसके पूर्व शास्त्री चौक से जुलूस निकालकर रामनगर में भ्रमण किया और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। लोगों का कहना था कि प्रधानमंत्री को पाकिस्तान को सबक सिखाना चाहिए।
वहीं मऊ जिले में फिदायीन हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों को गुरुवार को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नगर के सहादतपुरा में दुकानदारों और महिलाओं ने कैंडिल जलाकर शहीदों की शहादत में अमर रहे और वंदे मातरम के नारे भी लगाए। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित किया।