अमिताभ बच्चन और उनके परिवार के सदस्यों की सलामती के लिए हवन-पूजन करते प्रशंसक।
- फोटो : PTI
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके परिवार के सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव मिलने की सूचना से प्रशंसक दुखी हैं। हर कोई बिग बी के जल्द से जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना कर रहा है। काशी में भी हवन-पूजन और दुआओं का दौर जारी है।
रविंद्रपुरी स्थित वेद पारायण केंद्र में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व अध्यक्ष आचार्य अशोक द्विवेदी ने अमिताभ बच्चन के पूरे परिवार की स्वास्थ्य की कामना के लिए रुद्राभिषेक व पूजन कराया। आचार्य अशोक द्विवेदी ने बताया कि भगवान विश्वनाथ का पूजन करके अमिताभ बच्चन और उनके पूरे परिवार के बेहतर स्वास्थ्य के लिए कामना की गई है।
काली महाल स्थित शिया जामा मस्जिद में भी अमिताभ बच्चन के बेहतर स्वास्थ्य के लिए दुआख्वानी की गई। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि कुली फिल्म की शूटिंग के दौरान जब अमिताभ बच्चन घायल हुए थे, तो उस दौरान भी पूरे देश में उनकी सलामती के लिए दुआएं हुई थीं।
अल्लाह से दुआ है कि वह अपनी रहमत बरसाएं और सभी को जल्द से जल्द स्वस्थ करें। वहीं गोदौलिया स्थित मंदिर में सपा नेता रविकांत विश्वकर्मा ने बिग बी की सलामती के लिए हवन-पूजन कराया। इस दौरान उन्होंने अमिताभ और अभिषेक बच्चन के पोस्टरों के साथ उनकी लंबी आयु की कामना की।
मिर्जापुर में भी अमिताभ बच्चन व परिवार की कुशलता के लिए हुआ विशेष पूजन
तीर्थ पुरोहितों की ओर से मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर में रविवार को विशेष पूजा-पाठ किया गया।
- फोटो : अमर उजाला।
कोरोना की चपेट में आए सदी के महानायक अमिताभ बच्चन सहित उनके परिवार की कुशलता के लिए तीर्थ पुरोहितों की ओर से मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर में रविवार को विशेष पूजा-पाठ की गई। श्री विंध्य पंडा समाज अध्यक्ष पंकज द्विवेदी के बताया कि महानायक अमिताभ बच्चन अपनी पत्नी एवं पुत्र के साथ मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन पूजन करने के लिए आए थे।
उसी दौरान अपने पुत्र अभिषेक बच्चन एवं बहू ऐश्वर्या राय का सिंदूरदान मां विंध्यवासिनी मंदिर के गर्भ गृह में कराया था। उन्होंने कहा कि सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के परिवार के कोई न कोई सदस्य प्रतिवर्ष जहां माता के दरबार मे पहुंचते हैं वहीं विंध्यवासिनी के दरबार में अमिताभ बच्चन खुद दो बार हाजिरी लगा चुके हैं। पूजा-पाठ के दौरान मंत्री भानु पाठक, उपाध्यक्ष प्रहलाद मिश्रा, ब्रह्मा शुक्ला, गौतम द्विवेदी, बबवा द्विवेदी समेत अन्य मौजूद रहे।