वाराणसी में बजरंग दल और विहिप ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को उदयपुर की घटना के विरोध में जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्तओं ने इससे पहले जिला मुख्यालय से लेकर कमिश्नरी सभागार तक जुलूस भी निकाला। उसके बाद सभा की और घटना को लेकर आक्रोश जाहिर किया।
कन्हैया लाल के हत्यारों को फांसी दिलाने की मांग की। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यहां कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट चतुर्थ के जरिए जिलाधिकारी को सौंपा।
उदयपुर की घटना को लेकर देशभर में उपजे तनाव के बीच वाराणसी में पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से धर्म गुरुओं के साथ बैठक कर क्षेत्र में शांति की अपील के साथ ही मिश्रित आबादी वाले इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
मिश्रित आबादी वाले इलाकों में खास नजर रखी जी रही है। इसके अलावा सिविल ड्रेस में भी पुलिस निगरानी रख रही है। सोशल मीडिया पर खास नजर है। किसी भी तरह के अफवाह या सौहार्द बिगाड़ने वाले मैसेज पर तत्काल संबंधित पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।