वाराणसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनार किले में 25 घंटे से ज्यादा समय तक साथ रहे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। उन्होंने शनिवार की शाम 5:12 बजे ट्वीट किया कि उभ्भा में हुए निर्मम नरसंहार के पीड़ित परिजनों और आदिवासी परिवारों के साथ एकजुट होने चुनार आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं और दूसरी पार्टी के नेताओं का दिल की गहराइयों से आभार प्रकट करती हूं।
उधर, इससे पहले प्रियंका ने उभ्भा के आदिवासी परिवारों की रोती-बिलखती महिलाओं का 25 सेकंड का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया कि क्या इनके आंसुओं को पोंछना अपराध है...? खूनी संघर्ष में जान गंवाने वाले 10 आदिवासियों के परिजनों से मुलाकात के बाद दोपहर 2:45 बजे प्रियंका ने ट्वीट किया कि मानवता के नाम पर हर एक भारतीय को इन आदिवासियों के साथ खड़ा होना चाहिए। उभ्भा में जो कुछ किया गया वह अकल्पनीय रूप से क्रूर और अन्यायपूर्ण है।
प्रियंका, सोनभद्र और बाबतपुर एयरपोर्ट ट्विटर के टॉप ट्रेंड्स में
प्रियंका गांधी का धरना, सोनभद्र के उभ्भा का खूनी संघर्ष, बाबतपुर एयरपोर्ट पर रोके गए तृणमूल कांग्रेस के सांसदों और कांग्रेस नेताओं से जुड़ा प्रकरण शनिवार सुबह से ही ट्विटर के टॉप ट्रेंड्स में थे। हैशटैग सोनभद्र नरसंहार, सोनभद्र, प्रियंका टेक्स चार्ज, यूपी में जंगलराज, मिर्जापुर और प्रियंका गांधी को लेकर सवा लाख से ज्यादा ट्वीट किए गए। वहीं, सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर भाजपा और कांग्रेस समर्थकों ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा। साथ ही, खूनी संघर्ष के लिए एक-दूसरे की पार्टी की सरकार को कसूरवार ठहराया।