शिक्षा नीति में जल्द ही बदलाव होगा। सरकारी योजनाओं का लाभ प्राइवेट विद्यालयों को भी मिलेगा। जिसमें बेहतर शिक्षा और अध्ययन करा रहे अध्यापकों को फायदा होगा। इसके लिए जल्द बैठक होगी। यह बातें स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सोमवार को वाराणसी के सुल्तानीपुर स्थित हनुमत इंटरमीडिएट कॉलेज के वार्षिकोत्सव में कहीं।
मंत्री ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों की ही हालत सुधरते ही विकास दर बढ़ जाएगी। सुल्तानीपुर में आईटीआई की पहल कौशल विकास योजना के तहत की जा रही है। इससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कौशल विकास के नाम पर रुपये खर्च कर रही है और जगह-जगह कौशल केंद्र खोले जा रहे हैं।
सुल्तानीपुर-दानगंज मार्ग पर यात्रा करने के बाद मंत्री ने माना कि अभी सड़कें दुरुस्त नहीं हुई हैं। उन्होंने सडक ठीक कराने का भरोसा दिलाया। विधायक अवधेश सिंह ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में छात्र-छात्राओं को अब बिजली भरपूर मिल रही है।
पूर्व एमएलसी विनीत सिंह ने कहा कि छात्र मेहनत और लगन के साथ पढ़ें भाग्य तभी साथ देगा। ग्रामीणों ने दानगंज इलाके में पशु चिकित्सालय और सुल्तानीपुर में मिनी अस्पताल खोलने की मांग को लेकर पत्रक सौंपा।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान बिफरे स्वास्थ्य मंत्री
निजी प्रैक्टिस करने और बाहर से दवा लिखने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल के निरीक्षण पर पहुंचे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने खामियों पर जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाई। अस्पताल के नवनिर्मित ट्रॉमा सेंटर में उस अनुरूप सुविधा और संसाधन उपलब्ध न होने पर निर्देश दिया कि इसे इमरजेंसी के रूप में चलाएं।
कहा कि जब ट्रॉमा सेंटर जैसी सुविधाएं यहां उपलब्ध ही नहीं हैं तो इसे ट्रॉमा सेंटर नाम कैसे दे दिया गया। निजी प्रैक्टिस करने और बाहर से दवा लिखने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की ताकीद विभागीय उच्चाधिकारियों को की। मंत्री ने बताया कि अब तक आठ ऐसे चिकित्सकों को चिह्नित किया गया है।
दीनदयाल अस्पताल के इस ट्रॉमा सेंटर का निर्माण पूर्ववर्ती सपा सरकार में कराया गया था। नई बिल्डिंग बनने के बाद उद्घाटन तो हो गया लेकिन ट्रॉमा सेंटर पर चौबीस घंटे चिकित्सा के लिहाज से न डॉक्टरों की तैनाती की गई न जरूरी संसाधन मुहैया कराए गए।
दो दिवसीय बनारस दौरे के अंतिम दिन स्वास्थ्य मंत्री ने दीनदयाल अस्पताल के ट्रामा सेंटर, निर्माणाधीन महिला अस्पताल, आशा ज्योति केंद्र के निरीक्षण के अलावा वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी की।
विधायक अवधेश सिंह की शिकायत पर 27 करोड़ की लागत से बन रहे महिला अस्पताल के निर्माण का जायजा लेने पहुंचे। यहां निर्माण की गति धीमी और गुणवत्तायुक्त काम न होने पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को लखनऊ तलब किया।