श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर से जिले के संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों को निशुल्क ड्रेस और किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही विद्यालयों को न्यास की ओर से वाद्ययंत्र देने पर भी सहमति बनी है। इसके साथ ही पहली बार विश्वनाथ मंदिर की ओर संस्कृत ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा।
शहर के स्टेशन, बस अड्डे और घाटों पर रहने वाले लोगों को प्रतिदिन बाबा का प्रसाद बनाकर वितरण करने का भी प्रस्ताव न्यास में रखा गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि मंदिर के अन्नक्षेत्र में प्रसाद तैयार करके मंदिर के ही वाहनों से दोपहर में प्रसाद शहर में वितरण किया जाएगा।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय को मिलेगा एक करोड़
न्यास के सदस्य और संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल ने न्यास परिषद को विश्वविद्यालय के कार्यों में सहयोग करने की बात कही। न्यास परिषद के अध्यक्ष प्रो. पांडेय ने विश्वविद्यालय के भवन की मरम्मत और उनके रखरखाव के लिए एक करोड़ रुपये तक का बजट न्यास परिषद की ओर से देने की सहमति प्रदान की गई।