राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज वाराणसी आ रहे हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद अपने पहले दौरे पर वह बनारस को सौगात भी देंगे। राष्ट्रपति करीब 26 सौ करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा सुबह-ए- वाराणसी के तहत स्मार्ट साइकिल योजना, शहर के पार्कों और चौराहों के सौंदर्यीकरण को भी हरी झंडी देंगे।
राष्ट्रपति सोमवार की सुबह करीब 10.30 बजे वाराणसी पहुंचेंगे और करीब पांच घंटे तक शहर में रुकेंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद वाराणसी के विकास में एक और पत्थर जोड़ने जा रहे हैं। राष्ट्रपति वाराणसी हनुमना खंड की करीब 125 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन को चौड़ीकरण करने की परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण इस योजना पर 2510 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसमें वाराणसी से चुनार, लालगंज होते हुए मध्य प्रदेश की सीमा तक चौड़ीकरण का कार्य होगा। राष्ट्रपति इस परियोजना के पहले चरण की आधारशिला रखेंगे। इसमें वाराणसी से डगमगपुर तक चौड़ीकरण किया जाएगा।
इस परियोजना में जमीन का अधिग्रहण भी किया जाएगा। वाराणसी की महत्वाकांक्षी परियोजना रिंग रोड-2 का भी राष्ट्रपति शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना 125 करोड़ रुपये की है। इसी दौरान शहर छह करोड़ की लागत से तैयार होने वाले चार पार्क और 20 करोड़ रुपये से होने वाले आठ चौराहों के सौंदर्यीकरण को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
नगर निगम की महत्वपूर्ण स्मार्ट साइकिल योजना भी राष्ट्रपति वाराणसी को समर्पित करेंगे। यह योजना अब तक पुणे में संचालित हो रही है। इसमें एक रुपये के सिक्के के जरिए स्मार्ट साइकिल निर्धारित समय के लिए पर्यटकों को मिलेगी।
राष्ट्रपति की तैयारियों को लेकर रविवार को प्रशासन और पुलिस के अधिकारियी तैयारी में जुटे रहे। राष्ट्रपति के दौरे में रूट निर्धारण को लेकर भी मंथन किया गया गया।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन और दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रपति करीब पांच घंटे तक शहर में रहेंगे और इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
राज्यपाल राम नाइक की पुस्तक का करेंगे विमोचन
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 26 मार्च को पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल राम नाइक की पुस्तक चरैवेति चरैवेति का विमोचन करेंगे। इसके बाद कौशल विकास मिशन से जुड़े लाभार्थियों को प्रमाण पत्र का वितरण भी करेंगे। इस दौरान राज्यपाल राम नाइक, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
जून तक पूरा होगा रिंग रोड-1
वाराणसी की बेहद महत्वाकांक्षी रिंग रोड-1 परियोजना जून तक पूरी होने की उम्मीद है। हरहुआ से संदहा तक 16 किलोमीटर की यह रिंग रोड 261 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही है। दूसरे चरण में यह रिंग रोड कछवा से कपसेठी तक बननी है। सबसे अंतिम और तीसरे चरण में यह संदहा से गंगापार अलीनगर तक तैयार होगी।
इन पार्कों का होगा सौंदर्यीकरण
गुलाब बाग, शास्त्री पार्क, रविन्द्रपुरी पार्क और मछोदरी पार्क
इन चौराहों का होगा सुदंरीकरण का
पुलिसिया लाइन, कैंट, अंधरा पुल, चौका घाट, कचहरी, पांडेयपुर, नदेसर, मलदहिया