पिता के निधन के बाद मां पर जिम्मेदारी, सब्जी की दुकान में बेटियां बंटाती हैं हाथ, पूर्व सीएम ने किया सम्मानित
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। रायपुर में 68वीं स्कूल नेशनल कुराश प्रतियोगिता में एक स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीत कर यूपी को चैंपियन बनाने वाली लोहता की मथुरापुर भर्थरा निवासी तीन बहनों और उनकी मां सरिता को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में सम्मानित किया। बहनों, मां और कोच प्रदीप पटेल को 51-51 हजार रुपये देकर प्रोत्साहित भी किया। पिता का निधन छह माह पहले हो चुका है। सरिता भरथरा बाजार में सब्जी की दुकान लगाती हैं। राष्ट्रीय पदक विजेता प्रीति पटेल (10वीं) युगल बिहारी इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं। जबकि जुड़वा बहनें प्राची और शशि (नौवीं) छितौनी के देवाड़ी इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं। तीन भर्थरा से साइकिल चलाकर 10 किलोमीटर दूर जंसा के संजोई अखाड़े में अभ्यास करने जाती हैं। जबकि कुराश गद्दे पर खेला जाता है। प्रीति ने बताया कि स्कूल और घर के कामकाज निपटाने के बाद उन्हें खेलने का समय मिलता है। कोच प्रदीप ने बताया कि मिट्टी पर अभ्यास कर मैट पर प्रतियोगिता में पदक जीतना खिलाड़ियों की ऊर्जा और उनकी तकनीकी क्षमता को दिखाता है।
तीनों ने बताया कि उनके पिता का सपना था कि वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतें। पिता के सपने को साकार करने और अब राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए अधिक मेहनत करेंगी। बताया कि पुरस्कार में मिले पैसे का प्रयोग खुराक पर करेंगी। तीनों आगामी एशियन कुराश प्रतियोगिता में खेलने के लिए मेहनत कर रही हैं।