भाजपा और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता काफी उत्साहित
- फोटो : demo
मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ के पहली बार काशी आगमन को लेकर भाजपा और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। पूरे बनारस को भगवामय किया जा रहा है।
बाबतपुर से लेकर सामने घाट तक बैनर-पोस्टर लग गए हैं। सीएम के स्वागत में प्रमुख चौराहों पर झालरें लगाई जा रही हैं। कई जगहों पर स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं।
कार्यकर्ताओं को जुलूस के रूप में छोटी कटिंग में बने सभास्थल तक ले जाने की भी मुकम्मल तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी ने तय किया है कि हर बूथ से 20 कार्यकर्ता सभा में पहुंचेंगे। हिंदू युवा वाहिनी के भी एक हजार से अधिक कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।
संगठन ने सीएम आगमन से पूर्व गुरुवार को कार्यक्रम को सफल बनाने की रूपरेखा पर चर्चा की। कार्यकर्ता सीएम के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रहे।
वाराणसी के 50 प्वाइंट पर तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट
सीएम के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा को लेकर बैठक
- फोटो : अमर उजाला
सीएम के आगमन के मद्देनजर गुरुवार को डीएम के निर्देश पर 26 और 27 मई के कार्यक्रम के लिए विभिन्न 50 प्वाइंट पर अलग-अलग मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। एडीएम स्तर के अधिकारी व्यवस्था की मॉनीटरिंग करेंगे। एडीएम सिटी जेएम सिंह कानून एवं शांति व्यवस्था के प्रभारी होंगे।
26 मई को कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज में प्रदर्शनी स्थल पर क्षेत्रीय मद्य निषेध अधिकारी रामसेवक सिंह यादव और प्रदर्शनी स्थल के बाहर जिला खनन अधिकारी अनिल कुमार सिंह की तैनाती की गई है। प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न स्थानों पर आठ मजिस्ट्रटों की ड्यूटी लगाई गई है।
26 एवं 27 मई को सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों से वार्ता के दौरान एडीएम प्रोटोकाल विद्याशंकर सिंह समेत चार मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। 27 मई को सर्किट हाउस से काल भैरव मंदिर एवं काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन तक मुख्य राजस्व अधिकारी मनीलाल यादव, सिटी मजिस्ट्रेट रामकेर यादव समेत पांच मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे।
मंडलीय अस्पताल, चौकाघाट फ्लाईओवर, सामने घाट और मंडुवाडीह आरओबी, दुर्गाकुंड तालाब, शंकुलधारा पोखरा एवं पीएम के संसदीय कार्यालय तक जिला विद्यालय निरीक्षक समेत तीन मजिस्ट्रेट रहेंगे। बीएचयू में आयोजित संपूर्ण कार्यक्रम की जिम्मेदारी वीडीए सचिव एमपी सिंह को दी गई है। उनके सहयोग में छह मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
26 और 27 मई को बाबतपुर एयरपोर्ट पर एसडीएम पिंडरा समेत चार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बाबतपुर से सर्किट हाउस के बीच एसडीएम सदर को तैनात किया गया है।
साथ ही, बिजली विभाग ने सीएम के संभावित रूट पर 50 से अधिक विभागीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। सर्किट हाउस, कटिंग मेमोरियल, कमिश्नरी हाल, एमईएस पर अलग से अधिकारियों को लगाया गया है जो मॉनीटरिंग करते रहेंगे।