सेवापुरी ब्लॉक के ठटरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े रूपापुर फीडर की सप्लाई बुधवार की सुबह साढ़े सात से साढ़े ग्यारह तक चार घंटे और डेढ़ से साढ़े तीन बजे तक कुल छह घंटे बिजली कटौती हुई। इस दौरान सुबह ट्रांसफार्मर का केबल जलने और दोपहर में हिटिंग की वजह से तार टूटने पर बिजली बाधित हुई। शिकायत पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने सुधारकर आपूर्ति बहाल की। ठटरा उपकेंद्र के जेई विनम्र पटेल ने बताया कि रूपापुर फीडर पर लोड ज्यादा है इससे समस्या बढ़ गई। तार की क्षमता बढ़ाने का काम हो रहा है। संवाद
कैंट स्टेशन समेत रेलवे कॉलोनियों में 16 घंटे बिजली गुल
कैंट स्टेशन व आसपास की रेलवे कॉलोनियों में बुधवार की सुबह छह बजे अचानक बिजली गुल हो गई। स्टेशन पर यात्री सुविधा कुछ देर तक प्रभावित हुई। कॉलोनी में कर्मचारियों को पेजयल समेत अन्य सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ा। रात 10 बजे तक बिजली नहीं आई। बिजली कटौती से रेलकर्मियों की पूरी दिनचर्या प्रभावित हुई। उधर, कैंट स्टेशल पर जेनरेटर के सहारे यात्री सुविधा को बहाल किया गया। फॉल्ट ठीक करने वालों ने बताया कि रात 12 से एक बजे तक बिजली सप्लाई बहाल होने की उम्मीद है।
भिखारीपुर से स्टेशन को आने वाले विद्युत सप्लाई में लहरतारा के पास फॉल्ट था, जिसे बनाया जा रहा है। इस दौरान स्टेशन पर जेनरेटर के जरिये यात्री सुविधा और रेलवे कॉलोनी में पानी की सुविधा बहाल की गई है। - अशोक पासवान, सहायक मंडल अभियंता विद्युत
सारनाथ के जेई को हटाने का दिया आदेश
वाराणसी। सर्किट हाउस में बुधवार को राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने बिजली निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कहा कि हर हाल में निर्बाध बिजली आपूर्ति हो। सारनाथ वार्ड के विद्युत विभाग के जेई को कार्यों में लापरवाही पर तत्काल हटाने का आदेश दिया। साथ ही कहा कि बिजली के पोलों को हटाने और लटकते तारों को दुरुस्त करने के कार्यों की स्थलीय जांच क्षेत्रीय जेई और पार्षद की संयुक्त टीम करेगी।
बिजली कटौती से खफा सोनातालाब सारनाथ के लोगों ने पंचक्रोशी-पांडेयपुर मार्ग पर जाम कर दिया। तकरीबन आधे घंटे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली विभाग से फोन पर बात की। नया ट्रांसफार्मर लगाने के बाद जाम समाप्त हुआ। एसडीओ आनंद सिंह ने बताया कि दो दिन पहले 630 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था। यहां 400 केवीए का ट्राली ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया है। जिससे बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई। विरोध करने वालों में दनियालपुर के राजेश, राजू गुप्ता, गजब नगर के अमृत लाल, राजेश, विनोद अनिकेत आदि शामिल रहे।