बिजली विभाग की महिमा निराली है, जब चाहे बिजली काट दे। लेकिन सोमवार को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में आधे शहर को एक चूहे ने अंधेरे में डुबा दिया। चूहे ने बिजली विभाग को धता बताते हुए सब स्टेशन का पैनल बोर्ड कुतर दिया। इससे आधे शहर की विद्युतापूर्ति बाधित हो गई। सुबह के सात बजे की गई बिजली देर शाम तक शुरू नहीं हो सकी।
विज्ञापन
सोमवार को फतहां स्थित सिविल लाइन उपकेंद्र में चूहा घुस गया। उसने पहले पैनल बोर्ड से छेड़छाड़ की और उसके बाद अंदर घुस कर कहीं से तार कुतर दिया। नतीजे में सखौरा फीडर से संबद्ध लगभग आधे नगर की विद्युतापूर्ति बाधित हो गई। विभाग शाम चार बजे तक न तो फाल्ट ढूंढ पाया और न ही विद्युतापूर्ति चालू कर सका। इस भीषण उमस भरी गर्मी में लोग त्राहि-त्राहि कर उठे।
पानी के लिए मचा हाहाकार
नगर में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। नगर की जलापूर्ति व्यवस्था बिजली आधारित है। सीधे ट्यूबवेल से जलापूर्ति की जाती है। सुबह से लाइट थी नहीं। इससे ट्यूबवेल चल नहीं सके और लोगों को एक बूंद पानी नहीं नसीब हो सका। लोग चिलचिलाती धूप में पानी के लिए हैंडपंप खोजते रहे। एक-एक बाल्टी पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार यादव ने कहा कि सिविल लाइन विद्युत उपकेंद्र के पैनल बोर्ड में चूहा घुस गया है। संभवतः वहीं से गड़बड़ी है। जल्दी ही विद्युतापूर्ति चालू की जाएगी।