खाद्य एवं रसद आयुक्त ने सर्किट हाउस में की समीक्षा बैठक
- फोटो : demo
इस वर्ष के अंत तक ग्रामीण क्षेत्रों की राशन की सभी दुकानों में पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन लगा दी जाएगी। मशीनों के जरिए कार्ड धारकों को आधार से लिंक किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को तो लाभ होगा ही, धांधली भी रुकेगी। शहरी क्षेत्रों में पूर्व में ही मशीनें लगाई जा चुकी हैं।
ये जानकारी सूबे के खाद्य एवं रसद आयुक्त अजय चौहान ने वाराणसी में दी। वह शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रयास है कि परिवार के किसी एक व्यक्ति का आधार लिंक कर दिया जाए।
बाद में परिवार के हर सदस्य का आधार लिंक कराया जाएगा। आधार की वजह से ही पिछले एक साल में सूबे में 40 हजार डुप्लीकेट वोटरों का पता चल सका है।
चौहान ने कहा कि गांवों के कुछ छोटे किसान अपना माल गांव की ही राशन की दुकान पर बेचना चाहते हैं। यह व्यवस्था बनाने के बारे में भी सरकार विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि गेहूं की रिकॉर्ड खरीदारी के बाद सरकार धान की खरीदारी की तैयारी में जुट गई है।
सभी जिलों में धान क्रय केंद्र खोलने की तैयारियां शुरू करने को कहा गया है। इसके पूर्व उन्होंने सर्किट हाउस में वाराणसी, आजमगढ़ एवं मिर्जापुर मंडल की समीक्षा की। पीओएस मशीन, निलंबित दुकानों, रिक्तियां, आईजीआरएस के तहत आने वाली विभागीय शिकायतें समेत बिंदुओं पर अधिकारियों से चर्चा की गई।