फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की चर्चित खबरें : जेल में 10 मुलाकातियों के कटे जेब, अफसर के बैंक खाते में 16 लाख होल्ड

Thu, 16 Jan 2025 04:32 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : जिला जेल में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। यहां 10 मुलाकातियों के जेब काटकर हजारों रुपये निकाल लिए गए। जेल अधीक्षक से इसकी शिकायत की गई है। वहीं, बरेका के डिपो सामग्री अधीक्षक अनिल सिंह कुशवाहा और उनकी मां को छह दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर 18.82 लाख की साइबर ठगी के मामले में 16 लाख रुपये होल्ड हो गए। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिला जेल चौकाघाट में बुधवार सुबह 10 मुलाकातियों की जेब कट गई। किसी के 10 हजार तो किसी के पांच, तीन और दो हजार रुपये चोरी हो गए। पीड़ितों ने जेल अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की है। मकर संक्रांति के दौरान जिला जेल में मुलाकातियों की भीड़ रही। 

विज्ञापन


जेल गेट के पास ही कतारबद्ध मुलाकातियों का एक-एक कर जेब कट गया। जेल मोहर लगने के दौरान ही जेब कटने पर पीड़ितों ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों से शिकायत की। पीड़ित विवेक मिश्रा के 15 सौ, धीरज के 10 हजार, बृजेश के 2800, ऋषि साहू के 1700, प्रदीप के 500 रुपये चोरी हो गए।

बरेका अधिकारी के 16 लाख बैंक खाते में होल्ड
बरेका के डिपो सामग्री अधीक्षक अनिल सिंह कुशवाहा और उनकी मां को छह दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर 18.82 लाख की साइबर ठगी के मामले में 16 लाख रुपये होल्ड हो गए। अन्य रकम पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बैंकों में गए हैं। साइबर क्राइम थाने की पुलिस की दो टीमें जांच कर रही हैं। घटना के बाद बरेका में अन्य लोग सतर्क हो गए हैं।
विज्ञापन


बरेका कॉलोनी में रहने वाले निवासी अनिल सिंह को साइबर जालसाजों ने नरेश अग्रवाल मनी लॉड्रिंग केस में फंसाने का झांसा देकर एक से छह जनवरी तक मां के साथ डिजिटल अरेस्ट रखा था। गिरफ्तारी का भय दिखाकर 20 लाख रुपये मांगने पर बरेका अधिकारी ने जालसाजों के बैंक खाते में 18.82 लाख रुपये भेजे। बाद में मामला संदिग्ध लगने पर अधिकारी ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही साइबर क्राइम थाने में एफआईआर कराई।

Trending Videos

शारीरिक शोषण के आरोप में केस
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण के मामले में पीड़िता ने केस दर्ज कराया। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उसका गर्भपात भी कराया। पुलिस आयुक्त से गुहार के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। बड़ालालपुर चांदमारी क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि बड़ागांव के कुरू निवासी शुभम शर्मा ने शादी का वादा किया था।

इस बीच कई बार शारीरिक शोषण किया। प्रेम के बारे में शुभम के माता-पिता को भी पता था, लेकिन उन लोगों ने शादी के एवज में 10 लाख रुपये और बाइक की मांग की थी। अब मालूम चला है कि शुभम की शादी किसी दूसरी युवती से हो रही है। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

बाइक सवार नहर में गिरा, दो घायल
मिर्जामुराद के गौर गांव के नहर में बुधवार शाम बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरे। प्रधुम कुमार (26) निवासी प्रतापपुर अपने साथी रामआसरे (30) के साथ बाइक से भुआलपुर माइनर पिच रोड से घर लौट रहे थे। इस बीच बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। जिसकी वजह से दोनों घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 

बनारस स्टेशन के यार्ड में मिला महिला का शव
बनारस रेलवे स्टेशन के यार्ड में बुधवार को महिला का क्षत विक्षत शव जीआरपी ने बरामद किया। सुबह पांच बजे स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ सूचना दी कि लाइन नंबर 12 पर महिला का शव पड़ा है। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी ने ट्रैक के बीच फंसे शव को कब्जे में लिया। महिला के पास ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान हो सके। जीआरपी ने आशंका जताई कि चलती ट्रेन से गिरने से महिला की मौत हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

बरेका में सड़क खोदकर छोड़ी, 3 हजार राहगीर परेशान
बरेका में सड़क की खोदाई कर छोड़ दिया गया है। राहगीरों को आवाजाही में परेशानियां हो रही हैं। ठंड के जाने का इंतजार किया जा रहा है, इसके बाद ही सड़क का निर्माण होगा। बरेका में कंदवा गेट से बाल उद्यान तक की सड़क पिछले एक पखवारे से खोद कर छोड़ी गई है। मार्ग को बांस-बल्ली लगाकर बंद कर दिया है। 

यही हाल इंटर कॉलेज चौराहे से सूर्य सरोवर की तरफ जाने वाले मार्ग का भी है। कल्याण केंद्र से पहाड़ी गेट जाने वाली सड़क व बाल निकेतन मार्ग भी खराब है। बरेका के अधिकारियों ने बताया कि सड़क का टेंडर होता है। 

कंदवा गेट से अंदर प्रवेश करने वाले मार्ग को खोदकर बनाया जाना है, लेकिन जैसे ही काम शुरू हुआ ठंड पड़ने लगी। जिसकी वजह से काम रुक गया। ठंड तक मार्ग को बांस बल्ली लगाकर अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सड़क मार्ग बंद होने से रोज तीन हजार से लोगों को परेशानी हो रही है। 

विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत तीन गिरफ्तार
मिर्जामुराद के करधना (प्रतापपुर) में सोमवार रात फंदे से लटककर जान देने के मामले में पति समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। कोर्ट ने सभी को जेल भेज दिया। करधना (प्रतापपुर) में घरेलू कलह से परेशान किरण देवी (23) ने जान दे दी थी। विवाहिता के मामा ने पति विकास पटेल, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य आरोप में केस दर्ज कराया था। 

छात्रा के निधन पर शोक, श्रद्धांजलि दी
मिर्जामुराद स्थित किसान इंटर कॉलेज की कक्षा 12वीं की छात्रा आकांक्षा कुमारी का निधन हो गया। इस पर बुधवार को विद्यालय परिसर में शोकसभा कर आकांक्षा को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ शिवराज मिश्र, अध्यापक विमल सिंह, सुरेंद्र तिवारी, मतलूब खान, अखिलेश सिंह गौतम आदि लोग उपस्थित रहें।

भीख मांग रहे छह लोगों को भेजा अपना घर आश्रम
वाराणसी प्रशासन की ओर से बुधवार को मलदहिया चौराहा, तेलियाबाग, चौकाघाट, अंधरापुल के आसपास अभियान चलाया गया। अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि भीख मांग रहे दस लोगों को पकड़ा गया। इसमें छह लोगों को अपना घर आश्रम भेजा गया। एक को रामनगर बालगृह में भेजा गया तो तीन को सीडब्लयूसी के सामने पेश किया गया। 

भाजपा को समर्थन देने का एलान
पूर्वांचल मूवमेंट, बहुजन समता पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को परेड कोठी स्थित कपूर भवन में बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर आगामी 5 फरवरी को होने वाले मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को समर्थन देने का निर्णय लिया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने कहा कि यह फैसला समग्र विकास के लिए लिया गया है। इस मौके पर चिन्मय चटर्जी चिन्मयानंद, दिलीप विश्वकर्मा, नरेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, रेखा श्रीवास्तव, रितु साहनी आदि मौजूद रहे।

एनएसयूआई कार्यकर्ता आज फूकेंगे मोहन भागवत का पुतला
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की ओर से गुरुवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का काशी विद्यापीठ के गेट पर पुतला दहन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष शशांक शेखर सिंह ने बताया कि मोहन भागवत द्वारा देश की आजादी को लेकर एक बयान दिया गया है, जिसको लेकर लोगों में नाराजगी है। इसके विरोध में दोपहर 1 बजे गेट नंबर दो के पास पुतला दहन किया जाएगा।

अखिलेश को पत्र भेजकर सपरिवार दर्शन के लिए बुलाया काशी
सनातन रक्षक दल ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र भेजकर काशी आमंत्रित किया है। वह यहां आकर दर्शन पूजन करें और काशी तीर्थ के तीर्थत्व को जानें। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि आपके (अखिलेश यादव) महाकुंभ व स्नान पर्व पर दिए गए विचार बिल्कुल सनातन धर्म से अलग हैं। यहां सपरिवार आएं और दर्शन पूजन करें। संस्था आपका पूरा सहयोग करेगी। कहा कि भगवान श्रीकृष्ण काशी में एक साल तपकर भगवान कृष्णेश्वर महादेव को स्थापित किए थे।

आज 10 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
महाकुंभ के लिए गुरुवार को पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस समेत मंडल के विभिन्न स्टेशनों से 10 जोड़ी कुंभ स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। बनारस, कैंट और सिटी से श्रद्धालु इन ट्रेनों में सवार हो सकेंगे। सभी ट्रेनें प्रयागराज और झूंसी सहित महाकुंभ के विभिन्न स्टेशनों तक जाएंगी और वहां से रवाना होंगी। 

विधायक ने कई लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई
अपना दल एस पार्टी के मोहनसराय कनेरी स्थित कार्यालय में बुधवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर रमना गांव के प्रधान अमित पटेल के साथ आए हुए कई लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई गई। विधायक एवं जिलाध्यक्ष डॉ नरेंद्र पटेल ने माल्यार्पण कर पार्टी का पटका पहनाया। विधायक ने अपने जन्मदिन पर जरूरतमंदों को कंबल और अनाज बांटे। 

पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े बजाए और आतिशबाजी कर मिठाईयां बांटी। विधायक को पुष्पगुच्छ भेंट करने के बाद केक काटा। विधायक ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि संगठित होकर पार्टी की मुखिया केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के हाथों को मजबूती प्रदान करें। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष युवा मंच धीरेंद्र सिंह सोनू, मानस कुमार सिंह, देवांश कुमार ,अजीत पटेल, राकेश यादव, सियाराम पटेल आदि शामिल रहे। 

मिल्कीपुर उपचुनाव में बसपा ने भाजपा को दिया समर्थन
पूर्वांचल मूवमेंट और बहुजन समता पार्टी (बसपा) के पदाधिकारियों की बुधवार को कैंट स्थित कपूर भवन सभागार में बैठक हुई। जिसमें मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी चंद्रभान पासवान को समर्थन देकर जिताने पर चर्चा की गई। 

कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए बसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देकर जिताया जाएगा। तभी क्षेत्र के समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी चंद्रभान पासवान को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। इस दौरान नरेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, रेखा श्रीवास्तव, रितु साहनी, नीता धर मौजूद रहे।

प्रदेश स्तरीय योग प्रतियोगिता में अनन्या ने हासिल की 17वीं रैंक
प्रदेश स्तरीय योग प्रतियोगिता में पश्चिमपुर अहरक गांव की 14 वर्षीय अनन्या सिंह ने यूपी टीम में प्रतिभाग करते हुए 17वीं रैंक हासिल कर गांव का नाम रोशन किया है। हैदराबाद के तेलंगाना में अखिल भारतीय योगासन प्रतियोगिता के अंडर 14 वर्ग में अनन्या ने योग प्रशिक्षक कमलेश पांडेय के नेतृत्व में जीत हासिल की। इससे पूर्व अयोध्या में आयोजित प्रतियोगिता में अनन्या ने स्वर्ण पदक जीता। इस उपलब्धि से ग्राम प्रधान पति प्रवीण सिंह सहित अन्य लोगों ने बधाई दी। 

स्वर्वेद मंदिर में तीन लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
मकर संक्रांति पर महाकुंभ स्नान के बाद हुए पलट प्रवाह का असर काशी में दिखने लगा है। उमरहां स्थित स्वर्वेद महामंदिर में दर्शन-पूजन के लिए तीन लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ के चलते वाराणसी-गाजीपुर हाईवे 3-4 किमी तक जाम की चपेट में रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस व स्वयंसेवक लगे रहे।

मेयर ने गंगा घाटों और रैन बसेरों की व्यवस्था देखी
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बुधवार को गंगा घाटों का निरीक्षण किया। अस्सी से दशाश्वमेध तक पैदल चलकर घाटों की व्यवस्थाएं देखीं। अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य को निर्देश दिए कि घाटों की सफाई से कोई समझौता न किया जाए। घाटों पर तीनों शिफ्ट में सफाई कर्मचारी लगाकर सफाई कराई जाए। 

उन्होंने राजेंद्र प्रसाद घाट और चितरंजन पार्क के रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड देखकर ही रैन बसेरों में श्रद्धालुओं को जगह दें। बाहरी लोगों को यहां आश्रय दें। स्थानीय लोगों को न रुकने दें। इसके अलावा वहां अलाव और ठंड से बचाव के इंतजाम देखे। निरीक्षण के दौरान उपसभापति नरसिंह दास, प्रवीण राय, अतुल पांडेय, मनीष तिवारी आदि मौजूद रहे। 

इस्राइल के साथ जर्मनी और जापान के लिए आवेदन शुरू
वाराणसी। सेवायोजन कार्यालय की तरफ से युवाओं से जर्मनी, इस्राइल और जापान में नर्सिंग के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। इसके लिए rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर आवेदन शुरू हो गया है। इस्राइल में रिक्त पदों हेतु न्यूनतम शैक्षिक योग्यता जीडीए, एएनएम, जीएनएम,बीएससी नर्सिंग है।

जर्मनी में रिक्त पदों हेतु न्यूनतम शैक्षिक योग्यता जनरल नर्सिंग, नर्स में डिप्लोमा है। वहीं जापान में रिक्त पदों हेतु न्यूनतम शैक्षिक योग्यता जनरल नर्सिंग में डिप्लोमा जीजीए, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग है। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग के rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।

जरूरतमंदों को दिए कंबल
ठंड़ से बचाव के लिए बुधवार को हुकुलगंज में जरूरतमंदों को कंबल दिए। कलावती देवी रघुनाथ प्रसाद चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रमोद अग्रहरी ने बताया कि मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक सुनील पटेल और चिकित्सक अशोक राय रहे। ट्रस्ट और वाराणसी व्यापार मंडल काशी प्रांत के अध्यक्ष प्रमोद अग्रहरी ने बताया कि 300 से अधिक लोगों को कंबल दिए। इसमें सनी जोहर, चंद्र भूषण दास, हरि शंकर अग्रहरी, सारिका अग्रहरी आदि रहे।

सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य। - फोटो : अमर उजाला
महाकुंभ में वैश्विक समागम आस्था और विश्वास का प्रमाण : लक्ष्मण आचार्य
असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य बुधवार को काशी पहुंचे। प्रबुद्धजनों ने नागपुर वाटिका अस्सी पर उनका सम्मान किया। यहां उन्होंने प्रबुद्धजनों के साथ खिचड़ी खाई और देश की सांस्कृतिक समृद्धि पर बात की।

राज्यपाल ने कहा कि 144 वर्षों बाद प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में दुनियाभर से लोगों का आना देश के लिए गर्व का विषय है। एक साथ इतना बड़ा सांस्कृतिक एकत्रीकरण दुनिया में कहीं नहीं हुआ। यह सनातन और भारत के प्रति बढ़ती आस्था व विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भव्य और स्वच्छ महाकुंभ के आयोजन के लिए बधाई दी।

कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं का एकत्रित होना भारतीय संस्कृति की शक्ति को दर्शाता है। इस मौके पर राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, मेयर अशोक कुमार तिवारी, पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह, भाजपा नेता सुधीर मिश्रा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर समेत अन्य मौजूद रहे।

7.85 करोड़ से बनेगा फूलपुर थाने का नया भवन
फूलपुर थाने का नया भवन 7.85 करोड़ की लागत से बनेगा। बुधवार को पिंडरा विधायक डाॅ. अवधेश सिंह, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और डीसीपी गोमती ने भूमि पूजन किया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि नया थाना भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। 

सरकार की स्मार्ट पुलिसिंग की पहल के तहत एक महत्वपूर्ण कदम है। थाना भवन निर्माण में गुणवत्ता व समय सीमा को ध्यान में रख निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही ग्रीन बेल्ट के रूप में निर्धारित स्थान पर पौधरोपण किया जाएगा। भवन में सीसीटीवी कंट्रोल रूम, महिला सहायता कक्ष, डिजिटल रिकार्ड सिस्टम, प्रशासनिक कक्ष, कार्यालय, प्रशासनिक सुविधाएं होंगी। 

छुट्टा पशुओं से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए नंबर जारी
सीडीओ हिमांशु नागपाल के निर्देश पर बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस पर योजनाओं की जानकारी दी। किसानों ने कहा कि छुट्टा पशुओं से परेशानी बढ़ रही है। इस पर अफसरों ने कहा कि छुट्टा पशु लगातार पकड़े जा रहे हैं। फिर भी कोई दिक्कत हो तो किसान 8887605941 पर संपर्क कर सकते हैं। 

सीडीओ ने कहा कि जो किसान गोशाला से गायों को पालन पोषण के लिए लेते हैं तो उन्हें 1500 रुपये हर महीने दिए जाएंगे। सहकारिता विभाग ने बताया जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया है। सिंचाई विभाग ने बताया कि बाबतपुर रजवाहे में टेल तक पानी पहुंच गया है।

लघु सिंचाई विभाग ने बताया कि मध्यम गहरी बोरिंग और गहरी बोरिंग के लिए इस साल का लक्ष्य पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री सिंचाई एवं जल संरक्षण, ड्रिप सिंचाई एवं मिनी स्प्रिंकलर सिंचाई योजना चल रही है, जिन किसानों को योजना का लाभ लेना हो वह विभाग से संपर्क कर लें।

वेलेंट वाराणसी इन डाक बाइकर्स महाप्रचार अभियान शुरू
डाक सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए वाराणसी परिक्षेत्र के बीस डाक योद्धाओं ने बुधवार को महाअभियान की शुरुआत की। पोस्टमास्टर जनरल कर्नल विनोद ने इसकी शुरूआत की। भदोही, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया तथा वाराणसी में दो दो दिन अभियान होगा। 

कर्नल विनोद ने बताया कि इंडिया पोस्ट सभी को बेहतर डाक और वित्तीय सेवा दे रहा है। योजनाओं की जानकारी के लिए ऐसे कार्यक्रम होते हैं। बृहस्पतिवार को भदोही के एक स्कूल में पोस्ट कार्ड लेखन प्रतियोगिता होगी। साथ में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। 

बुधवार को पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक के 10,456 खाते, सुकन्या समृद्धि योजना के 749 खाते, महिला सम्मान सेविंग्स सर्टिफिकेट के 357 खाते, सीनियर सिटीजन के 156 खाते, फिलेटेलिक डिपाॅजिट एकाउंट के 40 खाते, डाक जीवन बीमा / ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना के 20,58,509 रुपए प्रीमियम का व्यवसाय अर्जित किया। साथ ही गांव में 10 साल से कम उम्र की सभी बच्चियों को सुकन्या समृद्धि योजना से जोड़ते हुए 6 संपूर्ण सुकन्या ग्राम घोषित किए। इसमें बिसुनपुर, उमरी, जगापुर, कांटीरामपुर, हरिभानपुर तथा कनियर सम्मिलित हैं। 

संस्कृत विश्वविद्यालय में जमा होने लगी परीक्षा की कॉपियां
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षा की कॉपियां बुधवार से विश्वविद्यालय में पहुंचने लगी हैं। पहले दिन वाराणसी में बने केंद्रों की कॉपियां आईं। 18 जनवरी तक 27 लाख कॉपियां मंगाई जानी हैं। हालांकि अभी मूल्यांकन कब से शुरू होगा, इसकी तिथि तय नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि गणतंत्र दिवस के बाद से कॉपियों की जांच शुरू हो जाएगी।

विश्वविद्यालय की ओर से 2 से 12 दिसंबर तक शास्त्री प्रथम सेमेस्टर(2023-26) के केवल अनुत्तीर्ण (भूतपूर्व अथवा बैक) छात्रों के साथ ही तृतीय सेमेस्टर सत्र(2023-26) की परीक्षा और शास्त्री चतुर्थ सेेमेस्टर (2023-25) की परीक्षा करवाई गई। अब विश्वविद्यालय की ओर से मूल्यांकन की तैयारी चल रही है।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि बुधवार से कॉपियां आने लगीं। पहले दिन वाराणसी के साथ ही आसपास के जिलों से 30 से अधिक केंद्रों की कॉपियां आई हैं। सभी केंद्राध्यक्षों से 18 तक हर हाल में सभी कॉपियों को जमा करने को कहा गया है।

विज्ञान प्रदर्शनी में खुशी, रंजना, ऋचा प्रथम
राजकीय बालिका इंटर कालेज जक्खिनी में नेशनल एकेडमी ऑफ साइंस इंडिया कार्यक्रम में कक्षा 10, 12 की छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी लगाई। इसमें बीएचयू की डॉ. मधुलिका अग्रवाल, डॉ. नीलम श्रीवास्तव, डॉ. गीता गौतम और प्रो. पीसी अभिलाप ने छात्राओं से वैज्ञानिक सोच को विकसित करने और कॅरिअर संबंधित तथ्यों पर संवाद किया।

प्रदर्शनी का आयोजन जीव विज्ञान के प्रवक्ता सुनीता सिंह पटेल के नेतृत्व में हुआ। प्रदर्शनी में प्रथम विजेता पुरस्कार (2000) कक्षा 11 की खुशी मिश्रा, रंजना यादव, ऋचा शर्मा और प्रिया मोदनवाल को द्वितीय पुरस्कार (1000) 9 बी की रोशनी सरोजा और तृतीय पुरस्कार (500), कक्षा 12 की श्रेया सिंह और कक्षा 9 बी की सानिया गुप्ता को पुरस्कृत किया गया। 

पीएम से संसदीय कार्यालय में विधायक ने सुनीं समस्याएं
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बुधवार को गुरुधाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई की। नागरिकों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताईं। विधायक ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, चिकित्सा सहायता और सीवर जैसी प्रमुख समस्याएं रहीं। इस दौरान कुशाग्र, ऋतिक और वैभव उपस्थित थे।

काशी विद्यापीठ में स्टार्ट-अप जागरूकता कार्यक्रम आज
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय स्टार्ट-अप दिवस को लेकर 16 जनवरी को स्टार्ट-अप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया है। हर प्रसाद गुप्त इन्क्यूबेशन फाउंडेशन के निदेशक प्रो. मोहम्मद आरिफ ने बताया कि सुबह 11 बजे से इन्क्यूबेशन सेंटर के कॉन्फ्रेंस हॉल में होने वाले कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्टार्ट-अप से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत रूप से जानकारी दी जाएगी। 

कैंट विधायक ने लोगों को बांटा कंबल
कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों की मदद के लिए कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बंगाली टोला स्थित गुरुकृपा कॉलोनी में सैकड़ों लोगों के बीच कंबल वितरित किए। इस कार्यक्रम में वृद्ध, महिलाएं, दिव्यांगजन और जरूरतमंद लोग शामिल हुए। सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि इस पुनीत कार्य के लिए गुरुकृपा कॉलोनी के निवासियों ने आपस में चंदा जुटाकर कंबल खरीदे। मुझे भी सम्मिलित होने का अवसर दिया। इसके लिए मैं सभी नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। 

कंबल वितरण के दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। कंबल पाकर लोगों ने विधायक को धन्यवाद देते हुए आशीर्वाद दिया और उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी, संदीप बनर्जी, बाबू यादव, सुनील जायसवाल, कार्तिक नंदी कई अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आरोग्य मंदिर पर सुविधाओं की हकीकत जानने पहुंची एनक्वास टीम
जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेने बुधवार को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टेंडर्ड (एनक्वास) की टीम पहुंची। इसमें पीएचसी सेवापुरी के तहत चलने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिर मनियारीपुर में दो सदस्यीय टीम ने मरीजों के जांच, टीकाकरण, स्वच्छता के साथ ही कामकाज की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

एनक्वास प्रमाणीकरण के तहत आरोग्य मंदिर को देखने आई केंद्रीय टीम में डॉ. अतींद्र उपाध्याय, डॉ. विकास कुमार ने पूरे केंद्र का भ्रमण किया। सदस्यों ने मरीजों को मिलने वाली दवाओं के साथ ही गर्भावस्था एवं शिशु जन्म देखभाल, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल, बाल स्वास्थ्य एवं किशोरावस्था स्वास्थ्य देखभाल, परिवार नियोजन के साथ ही संचारी रोगों का प्रबंधन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम आदि के बारे में बातचीत की।

स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि टीम को विभागवार किए जा रहे कार्यों, मरीजों द्वारा भरे गए संतुष्टि प्रपत्रों से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. वाईबी पाठक ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से समुदाय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाई जा रही है।

अगले 21 दिन विश्वनाथ मंदिर में सुगम दर्शन फुल
बाबा विश्वनाथ मंदिर में अगले 21 दिनों के लिए सुगम दर्शन की बुकिंग फुल है। ऑनलाइन एप या वेबसाइट पर एक भी टिकट उपलब्ध नहीं है। कैंसिल होने पर ही वेटिंग में शामिल भक्तों की टिकट कंफर्म की जाएगी। इन 21 दिनों में से सात स्पेशल दिन पर बुकिंग की अनुमति नहीं है।

शाही स्नान के एक दिन पहले और बाद में आरती की बुकिंग बंद है। बुधवार को दिन में 11 बजे तक करीब 300 टिकट खाली थे, लेकिन शाम तक वो भी नहीं बचे। अब सुगम दर्शन के ऑफलाइन टिकट भी लोगों को नहीं मिल रहे हैं। हर दिन विश्वनाथ मंदिर में सुगम दर्शन के 1200 टिकट ऑनलाइन बुक किए जा सकते हैं। 14 दिनों में करीब 17 हजार भक्तों ने सुगम दर्शन का टिकट बुक कराए हैं।

निजीकरण का टेंडर प्रकाशित होने के विरोध में प्रदर्शन, काली पट्टी बांध किया काम
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। निजीकरण के लिए टेंडर प्रकाशित होने का हवाला देते हुए कर्मचारियों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही दिन में काली पट्टी बांधकर कामकाज किया। 

कहना है कि 18 जनवरी तक इसी तरह विरोध जारी रहेगा। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बुधवार को भिखारीपुर के हनुमान मंदिर पर विरोध प्रदर्शन में कर्मचारियों, अभियंताओं और संविदा कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों में मदन श्रीवास्तव, आरके वाही, अंकुर पांडेय ने कहा कि टेंडर नोटिस प्रकाशित होने के बाद से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरएफपी डॉक्यूमेंट में कर्मचारियों के लिए शर्तें लिखी गई हैं।

अर्ली वीआरएस की बात भी लिखी है। इससे कर्मचारियों का नुकसान है। दूसरी ओर निजीकरण के विरोध को दबाने के लिए संविदा कर्मियों को हटाने, नियमित कर्मचारियों को निलंबित करने जैसे कार्य पावर कारपोरेशन प्रबंधन की ओर से किया जा रहा है। चेतावनी दी कि निजीकरण वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान एसके सिंह, ओपी सिंह, रमाशंकर पाल, अनिल कुमार, जय प्रकाश लोग मौजूद रहे।

बिना लाइफ जैकेट के नाव में न बैठाएं
डीएम एस राजलिंगम और अपर पुलिस कमिश्नर एस चिनप्पा ने बुधवार को घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण को लेकर की गई तैयारियों को परखा। डीएम ने निर्देश दिए कि कोई भी नाव संचालक बिना लाइफ जैकेट लोगों को नाव में न बैठाए। यह सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान गोदौलिया चौराहे से दशाश्वमेध घाट तक पैदल चलते हुए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए। दर्शनार्थियों से भी सहयोग करने की अपील की। उन्होंने दशाश्वमेध घाट, मान मंदिर घाट, त्रिपुर घाट, ललिता घाट, मणिकर्णिका घाट और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के पुख्ता सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए 20 को पहलवानों का होगा चयन
गोरखपुर में 27 से 29 जनवरी को होने वाली प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जिला और मंडलीय पहलवानों का चयन 20 और 21 जनवरी को सिगरा स्टेडियम में होगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि खेल विभाग और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से होने वाली प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।

इसके लिए पहलवानों का चयन खेलो इंडिया केंद्र के प्रशिक्षक गोरख यादव की निगरानी में किया जाएगा। फ्रीस्टाइल का वजन 57 से 125 किलो तक और ग्रीको रोमन के लिए 55 से 130 किलो तक होगा। पहलवानों का वजन सुबह नौ बजे से शुरू होगा। 

कंदवा तालाब के पास बनेगा ऋषि मांडवी जोन का कार्यालय
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने अपने मातहतों के साथ बुधवार को ऋषि मांडवी जोन के नव विस्तारित क्षेत्रों में चिह्नित नगर निगम की भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान ऋषि मांडवी जोन के जोनल कार्यालय के लिए जमीन देखी। इसके लिए कंदवा तालाब के पास उपलब्ध नगर निगम की सरकारी भूमि उपयुक्त पाई गई। 

उन्होंने जोन कार्यालय का प्रस्ताव तैयार करने के लिए मुख्य अभियंता को निर्देशित किया। नगर आयुक्त ने कंदवा में नगर निगम की भूमि पर सुरक्षा की दृष्टि से हो रही बैरिकेडिंग देखी। सुसुवाहीं में नगर निगम की चिह्नित तालाब और पोखरे पर की जा रही बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया। डाफी में तालाब और डूडा से बन रही सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सरकारी जमीनों से कब्जा हटवाने का अभियान निरंतर चलाने के निर्देश दिए। 
विज्ञापन

यूपी काॅलेज शिक्षक संघ इकाई के शाखा अध्यक्ष बने रवि प्रकाश
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के उदय प्रताप इंटर कॉलेज के इकाई का गठन बुधवार को किया गया। चुनाव अधिकारी पीयूष कुमार सिंह की उपस्थिति में रविशंकर सिंह को शाखा अध्यक्ष और राजकुमार सिंह को शाखा मंत्री चुना गया।

वहीं, उपाध्यक्ष पद पर रामानुज सिंह, संयुक्त मंत्री कार्तिक राम, कोषाध्यक्ष के पद पर धर्मेंद्र सिंह चुने गए। इस मौके पर चुनाव अधिकारी ने जिला प्रतिनिधि का भी चुनाव कराया। इसमें नौ शिक्षक चेतनारायण सिंह, राजकुमार सिंह, डॉ. विनय सिंह, संतोष सिंह, डॉ. उमाकांत सिंह, अश्वनी कुमार, सत्या सिंह और नीरज सिंह शामिल हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें