आईआईटी-बीएचयू के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के शोध छात्र गुरुदयाल कुमार को लंका थाने की पुलिस ने गुरुवार को खोज निकाला। इसके लिए पुलिस को 50 सीसी कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ी और 20 लोगों से पूछताछ करनी पड़ी।
शोध छात्र गुरुदयाल कुमार गत छह सितंबर को एसएन हॉस्टल से निकला तो वापस नहीं आया। खोजबीन के बाद आईआईटी-बीएचयू प्रशासन ने इसकी सूचना लंका थाने की पुलिस को दी। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि शोध छात्र की तलाश में बीएचयू चौकी इंचार्ज शिवांकर मिश्रा अपनी टीम के साथ लगे। सीसी फुटेज से पता लगा कि पैसा न होने के कारण शोध छात्र पैदल ही हॉस्टल से निकला और लगभग 65 किलोमीटर दूर कटका तक गया। वहां से ट्रेन से प्रयागराज और फिर चित्रकूट गया।
गुरुवार को सुबह 11 बजे ट्रेन से वह सारनाथ आया और शाम के समय फिर बीएचयू कैंपस पहुंच गया। पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने शोध छात्र को पहचान लिया। शोध छात्र ने पुलिस को बताया कि वह 2009 में बीएचयू से एमटेक किया थ। कोरोना काल में नौकरी छूट गई तो वह अवसादग्रस्त हो गया था।
उसकी शादी हो गई है और खर्च बढ़ गया है। बीपीएससी की वह परीक्षा दिया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। जुलाई 2024 में उसने पीएचडी में दाखिला लिया। मगर, अब वह अपनी जिंदगी से बहुत तंग आ गया है, इसलिए जीना नहीं चाहता। लंका थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की काउंसिलिंग कर प्रेरित किया गया है कि आगे वह नकारात्मक विचार न लाए।
चार पुलिस कर्मियों की अग्रिम जमानत के निरस्तीकरण के आवेदन पर नोटिस
प्रभारी सत्र न्यायाधीश रविंद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने रोहनियां थाने के लूट व मारपीट के एक मामले में चार पुलिसकर्मियों को मिली अग्रिम जमानत का दुरुपयोग करने पर दाखिल जमानत निरस्तीकरण के आवेदन पर नोटिस जारी की है। मामले में सुनवाई की अगली तिथि 16 सितंबर नियत की गई है।
वादी के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी बीते 26 फरवरी को मिली सशर्त अग्रिम जमानत की शर्ताें का पालन नहीं किए। मामले में सुनवाई के दौरान प्रत्येक तारीख पर कोर्ट में उपस्थित रहने व विचारण में सहयोग के आदेश के बावजूद अब तक लगातार 11 तारीखों पर कोर्ट में हाजिर न होकर आरोपियों ने जमानत की शर्तों का उल्लंघन किया। इसके चलते इस पुराने मामले की सुनवाई प्रभावित हो रही है।
राजातालाब क्षेत्र के कनकपुर निवासी रवींद्रनाथ एडवोकेट ने कोर्ट में आवेदन देकर कहा कि आरोपी इंस्पेक्टर संतोष सिंह और पुलिसकर्मी प्रेमराज यादव, बीर बहादुर सिंह व अंजनी सिंह ने उनके अवयस्क पुत्र अर्जुन व उसके तीन साथियों को वर्ष 2009 में पुलिस चौकी में ले जाकर मारापीटा था। आरोपियों ने उसका मोबाइल व चेन ले लिया था और बाइक सीज कर दिए थे। वादी जब थाने पर जानकारी लेने गया तो उसके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया था।
सेवा सदन हॉस्पिटल के चिकित्सक के विरुद्ध जांच का कोर्ट ने सीएमओ को दिया आदेश
उपचार के दौरान हुई लापरवाही से मौत के मामले में विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्वनी कुमार की अदालत ने मुख्य चिकित्साधिकारी से सुसंगत तथ्यों की निष्पक्ष जांच, स्वतंत्र गवाहों का बयान और आवश्यक दस्तावेजी साक्ष्य एकत्र करने का आदेश दिया है। अदालत ने जांच आख्या एक माह के भीतर प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। अदालत ने इस मामले में सुनवाई के लिए अगली तिथि 11 अक्टूबर 2024 नियत की।
गढ़वासी टोला निवासी परिवादी द्वारिकानाथ तिवारी का आरोप है कि 20 अप्रैल 2017 को उनकी बहू सपना की तबीयत खराब होने पर उसे चौक स्थित हिंदू सेवा सदन चिकित्सालय ले जाया गया। वहां मौजूद डॉ. राजीव जायसवाल ने सपना की ब्लड प्रेशर जांच के अलावा कोई अन्य जांच नहीं की। इसके बाद डॉक्टर ने सपना को इंजेक्शन लगा दिया और उसे आराम नहीं मिला।
22 अप्रैल 2017 को सपना की तबीयत ज्यादा खराब हो जाने पर एक अन्य डाॅ. अशोक कुमार को दिखाया गया और पूर्व के इलाज की दवाइयां दिखाई। इस पर उन्होंने त्रिमूर्ति हास्पिटल भेजा। इलाज कराने पर उन्हें बताया गया कि मरीज सेप्टीसीमिया और मलेरिया से पीड़ित है। काफी इलाज के बावजूद भी सपना की चार मई 2017 को मौत हो गई।
मंडुवाडीह इलाके में सरेराह छिनैती और उचक्कागिरी
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में सरेराह छिनैती और उचक्कागिरी की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं हैं। पीड़ितों घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कराने के लिए मंडुवाडीह थाने पहुंचे।
मंडुवाडीह चौराहा से मड़ौली रोड पर बुधवार की देर रात मोबाइल फोन पर बात करते हुए मड़ौली निवासी दीपक थापा पैदल जा रहा था। एक बाइक सवार दो बदमाश दीपक का मोबाइल छीनकर भाग गए। दीपक ने कहा कि मंडुवाडीह थाने पर वह तहरीर देने गया तो पुलिसकर्मियों ने कहा कि साहब के आने के बाद ही कुछ हो पाएगा। लंबा इंतजार करने के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो वह थाने से चला गया।
वहीं, जमुआ बाजार निवासी चालक प्रीतम कुमार गौड़ बृहस्पतिवार की सुबह मड़ौली से मंडुवाडीह के लिए यात्रियों को ऑटो में बैठाकर निकला। एक यात्री ने इमरजेंसी बताकर प्रीतम का मोबाइल फोन बात करने के लिए मांगा। मंडुवाडीह कस्बा पुलिस चौकी के ठीक सामने वह यात्री उतरा और मोबाइल लेकर भाग गया। प्रीतम ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर दी है।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में लाठी-डंडे चले
अदमापुर ग्रामसभा की महानाग बस्ती में बुधवार की शाम गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान प्रसाद वितरण को लेकर आयोजक और प्रायोजकों में विवाद हो गया। कुछ संभ्रांत लोगों के हस्तक्षेप से उस समय मामला शांत हो गया लेकिन तनाव बरकरार रहा। गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद घर लौटने पर दोनों पक्ष के लोगों में विवाद पुनः बढ़ गया और दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। एक पक्ष से लालबाबू राजभर, राहुल, जिलाजीत व अमरजीत और दूसरे पक्ष से शोभनाथ व विशाल राजभर घायल हुए हैं। दोनों पक्ष ने मिर्जामुराद थाने में एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लूट और चोरी का वांछित आरोपी गिरफ्तार
लूट और चोरी के मामले में वांछित एक आरोपी को रामनगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ रामनगर और कपसेठी सहित अन्य थानों में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उसके दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। रामनगर थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी विकास गुप्ता उर्फ बच्चा तेली सूजाबाद का रहने वाला है। आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया गया है।
चाय की दुकान पर मारपीट, पीड़ित पहुंचा पुलिस के पास
आकाशवाणी गेट के सामने स्थित चाय की एक दुकान के दुकानदार पर एक युवक ने मारपीट कर जातिसूचक गाली देने का आरोप लगाया है। घटना की शिकायत सारनाथ थाने में की गई है। छाहीं निवासी छोटू कुमार ने बताया कि वह अपने दो दोस्तों के साथ आकाशवाणी गेट के सामने पटरी पर स्थित चाय की दुकान पर गया था। इस घटना की सूचना उसने डायल 112 को दी। उसके बाद सारनाथ थाने पर कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
पत्नी ने पति और सास-ससुर पर मुकदमा दर्ज कराया
बड़ागांव केकुसहीं गांव स्थित मायके में रह रही एक विवाहिता की तहरीर पर उसके पति और सास-ससुर के खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवाहिता वंदना के अनुसार उसकी शादी जौनपुर जनपद के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के धानापुर गांव निवासी नगाऊ के पुत्र सर्वेश के साथ हुई है। शादी के बाद पति, ससुर और सास शुभावती देवी मायके से बाइक मंगवाने के लिए प्रताड़ित करने लगे।
बकरा चोरी कर बाइक से जा रहे दो युवक पकड़े गए
सारनाथ के सारंग चौराहे के पास गुरुवार की दोपहर बकरा चोरी कर बाइक से ले जाते समय दो युवकों को स्थानीय लोगो ने पकड़ लिया। दोनों को सारनाथ थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। आरोप है कि सारनाथ थाना क्षेत्र के परशुरामपुर के रहने वाले शनि राजभर व गोविंद बकरा चोरी कर बाइक से लेकर भाग रहे थे। घटना के संबंध में सारंग चौराहे की रहने वाली शकुंतला देवी की तहरीर पर सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
स्कूल के दो छात्रों में मारपीट, मामला पहुंचा थाने
मिर्जामुराद के खोचवा गांव स्थित एक इंटर कॉलेज के समीप गुरुवार को दो छात्रों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में हाईस्कूल का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। भुक्तभोगी छात्र ने मिर्जामुराद थाने में दो छात्र के खिलाफ तहरीर दी है। भड़ेहरा (मिर्जामुराद) गांव निवासी कुणाल हाईस्कूल का छात्र है। कुणाल ने बताया कि गुरुवार की दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर दो छात्रों ने उसे मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
रंजिश में चाकू से वार, दो घायल
मिर्जामुराद के पिलोरी गांव में पुरानी रंजिश में चाकू से वार कर दो लोगों को घायल कर दिया गया। भुक्तभोगी ने तीन दिन बाद बृहस्पतिवार को मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पिलोरी निवासी सलमान ने बताया कि उस पर और दिशांग पर बग्गड़ व गुड्डू समेत एक अन्य अज्ञात ने चाकू से हमला किया था। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल में बंद कर पीटा, धमकी दी
बड़ागांव के रसूलपुर निवासी मोहम्मद कैफ ने बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मोहम्मद कैफ ने पुलिस को बताया कि बीते शुक्रवार को रसूलपुर गांव के पास वह खड़ा था। पुरानी रंजिश को लेकर पंकज सिंह व दीपक सिंह 15-20 अज्ञात लोगों के साथ उसे असलहे से आतंकित कर बाइक पर जबरन बैठाकर प्राइमरी स्कूल में ले गए। इसके बाद सभी लोगों ने उसकी पिटाई की। उसके परिजन उसे छुड़ा कर घर ले गए।
घूस लेते गिरफ्तार फर्म सोसाइटीज का बाबू जेल भेजा गया
घूस लेते गिरफ्तार फर्म सोसाइटीज एवं चिट्स का लिपिक अरविंद कुमार गुप्ता को बृहस्पतिवार को विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम-3) की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। अरविंद इससे पहले भी वर्ष 2008 में घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया था।
लमही क्षेत्र की पुष्पराज कॉलोनी में रहने वाले प्रबोधिनी फाउंडेशन के डॉ. संजय सिंह गौतम ने एंटी करप्शन की वाराणसी इकाई से अरविंद की शिकायत की थी। उनका आरोप है कि अरविंद संस्था के नवीनीकरण के लिए घूस मांग रहा है। घूस नहीं देने पर अरविंद उनकी फाइल लटका रखा है। एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को छापा मार कर डॉ. संजय से 4000 रुपये घूस लेते हुए अरविंद को पकड़ा था।
गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो इनामी बदमाश गिरफ्तार
लोहता के पिसौर पुल के पास से लोहता थाने की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25-25 हजार के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर लोहता प्रवीण कुमार ने बताया कि बदमाशों की पहचान शिवपुर थाना के कादीपुर के जीशान अली और नेपाली बाग के मोनू उर्फ विजय यादव के रूप में हुई है। दोनों के आपराधिक इतिहास के आधार पर उनके खिलाफ लोहता थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया था।
26 सितंबर को मुख्य भवन में होगा 42वां दीक्षांत समारोह
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के 42वें दीक्षांत समारोह की अधिसूचना बृहस्पतिवार को जारी कर दी गई। कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि 26 सितंबर को दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के मुख्य भवन में होगा। इस दौरान वर्ष 2024 के विद्यावारिधि आचार्य, शास्त्री, शिक्षा शास्त्री, आयुर्वेदाचार्य, ग्रंथालय विज्ञान, पत्रकारिता जनसंचार विज्ञान शास्त्री की परीक्षाओं में उत्तीर्ण स्नातकों को उपाधियां दी जाएंगी।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के निर्देश पर जारी अधिसूचना के अनुसार 18 सितंबर तक सभी छात्रों को स्वीकृति पत्र भरकर कुलसचिव कार्यालय को भेजना होगा। 19 व 20 सितंबर को सुबह 10 बजे छात्र स्वयं उपस्थित होकर भरे गए प्रारूप दिखाकर और 250 रुपये जमाकर परिधान, वस्त्र और उपाधि प्राप्त कर सकते हैं।
इसके लिए तीन सूचना पत्र जारी किए गए हैं। दीक्षांत महोत्सव में प्रवेश के लिए ये सूचना पत्र विद्यालय के छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य, स्रातकों को प्राचार्य, स्वतंत्र स्रातकों के लिये शास्त्री परीक्षा की स्वीकृति प्राप्त महाविद्यालय के प्राचार्य या शिक्षा विभाग के निरीक्षक व हाईस्कूल स्वीकृति प्राप्त विद्यालय के प्रधानाध्यापक देंगे। कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि स्रातकों को द्वितीय व तृतीय स्वीकृति पत्र कुलसचिव के कार्यालय में 19 सितंबर के पूर्व भेजना होगा और प्रथम पत्र उन्हें अपने साथ लाना होगा। प्रथम पत्र दिखाकर ही उत्सव प्रवेश पत्र और परिधान मिलेगा।
नई पर्यटन नीति में लोकल गाइड को शामिल करने की मांग
टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के सदस्यों ने पर्यटन मंत्रालय को पत्र भेजकर अतुल्य भारत पर्यटक गाइड (आईआईटीजी) का लाइसेंस देने में लोकल गाइड को शामिल करने की मांग की है। वाराणसी टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल पाठक ने कहा कि इसमें लोकल गाइड के लिए स्थान देना चाहिए। इससे लोकल लोगों को रोजगार मिलेगा। मांग करने वालों में दिनेश राय, अजय यादव, प्रकाश द्विवेदी, अशोक साहू शामिल हैं।
18 से होगी एमएफए की प्रायोगिक परीक्षा
काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग में एमएफए चतुर्थ सेमेस्टर (चित्रकला, व्यवहारिक कला एवं मूर्तिकला) की प्रायोगिक परीक्षा 18 सितंबर से शुरू होगी। विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि एमएफए चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 18 से 20 सितंबर और द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 21, 23 और 24 सितंबर को होगी। दो पालियों (प्रथम पाली-सुबह 10:15 से 1 बजे तक एवं द्वितीय पाली-दोपहर 1:15 से 4:15 बजे तक) में परीक्षा होगी।
इतिहास विभाग में शोध पंजीकरण के लिए 18 को साक्षात्कार
काशी विद्यापीठ के इतिहास विभाग में सत्र 2023-24 में शोध पंजीकरण के लिए शोध प्रारूप जमा करने वाले नेट/जेआरएफ और प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण छात्रों का साक्षात्कार 18 सितंबर को होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. जया कुमारी आर्यन ने बताया कि छात्रों को अपने शोध प्रारूप (हार्डकॉपी एवं सॉफ्टकॉपी) के साथ सुबह 11 बजे तक विभागाध्यक्ष कक्ष में उपस्थित होना है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को अधिवक्ताओं ने भेजा पत्र
एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट, मेडिक्लेम, पक्के चैंबर के निर्माण समेत अन्य मांगों को लेकर सेंट्रल और बनारस बार एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस व प्रशासनिक न्यायमूर्ति और केंद्रीय विधि मंत्री को पत्र लिखा है। पत्र बनारस व सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्षगण अवधेश सिंह व मुरलीधर सिंह व महामंत्री कमलेश सिंह यादव व सुरेंद्र नाथ पांडेय की तरफ से भेजा गया है।
अधिवक्ताओं की मांगों को लेकर चल रहे सत्याग्रह के समर्थन में प्रदेश के हमीरपुर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, मऊ, बलिया, देवरिया समेत अन्य जिलों के बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व महामंत्री वाराणसी में बुधवार को आयोजित बैठक में शामिल हुए थे।
आईएमएस बीएचयू के रेजिडेंट ने उठाया डयूटी पर सुरक्षा का मुद्दा
बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में बुधवार को डॉक्टरों के साथ बदसलूकी करने की घटना को लेकर आईएमएस बीएचयू के रेजिडेंटों में नाराजगी हैं। एक बार फिर रेजिडेंट ने ट्रॉमा सेंटर के साथ ही अस्पताल में डयूटी के दौरान सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। उन्होंने बीएचयू प्रशासन से सीआईएसफ की तैनाती या फिर सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की मांग की है।
आईएमएस बीएचयू के रेडिटेंड डॉक्टर्स वेलफेयर सोसायटी के सोसायटी की ओर से अध्यक्ष डॉ. कुमार गौरव सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री से इस घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से एएमयू और बीएचयू जैसे संस्थान में सीआईएसएफ या भी सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों की तैनाती करने की मांग की है।
इस बारे में चीफ प्रॉक्टर प्रो.एसपी सिंह ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में घटी घटना के बाद से वहां सुरक्षा कर्मियों को पहले से अधिक मुस्तैदी से सेवा देने को कहा गया है। अस्पताल में भी पहले के मुकाबले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के साथ ही निगरानी भी बढा दी गई है।
दो जगह पर छह बीघे की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त
वीडीए ने बृहस्पतिवार को शिवपुर वार्ड के भटौली में तीन बीघे में विकसित की जा रही अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। इसी प्रकार मुगलसराय के अलीनगर में अज्ञात की ओर से तीन बीघे में विकसित की जा रही अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त करवाई।
बचे फ्लैट की कराएं नीलामी और मरम्मत
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने गुरुवार को रिक्त संपत्तियों के बेचने की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पांडेयपुर आवासीय योजना प्रथम, द्वितिय, तृतीय चरण और बड़ी गैबी आवास की खामियों को दूर कराएं। इसके लिए निर्माण अनुभाग को हिदायत दी गई। बचे 83 फ्लैट को नीलामी कराएं। 58 फ्लैट को मरम्मत कार्य कराएं।
विद्यार्थियों ने जाना समय प्रबंधन के गुर
जेसीआई काशी शिवा के जेसी सप्ताह के चौथे दिन गुरुवार को मलदहिया स्थित एक मैनेजमेंट कॉलेज में ऑक्यूपेशन ट्रेनिंग कराई गई। इसमें 80 विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता नारायण अग्रवाल ने उन्हें समय प्रबंधन से लेकर कॅरिअर चयन के बारे में बताया। इस मौके पर पंकज नागवंशी, धीरेंद्र प्रजापति, नरेंद्र चौरसिया, अभिषेक जायसवाल, राज कमल प्रजापति आदि रहे।
स्वच्छता से संबंधित कार्यों को पोर्टल पर करें अपलोड
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन में जिला स्वच्छता समिति की बैठक हुई। बैठक में सीडीओ ने स्वच्छता से संबंधित कार्यों को पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता कराएं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 22 सितंबर को स्वच्छता शिविर लगाकर सफाई कर्मियों का हेल्थ चेकअप करें।
बूथवार मतदाता पुनरीक्षण में जुटें पार्टी कार्यकर्ता
शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के मंझारी बाबा मंदिर प्रांगण के पास बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में मुख्य अतिथि स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि बूथ के कार्यकर्ता पार्टी के रीढ़ हैं। उन्होंने आह्वान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में बूथवार मतदाता पुनरीक्षण में जुट जाएं। बैठक संजय मिश्रा, उमेश यादव, अजय मौर्य बबलू, संजय सोनकर, सुनील यादव आदि लोग उपस्थित रहे।
तीज उत्सव में हुए भारत की विविधता में एकता के दर्शन
आकाश में उमड़ती काली घटाएं। उनकी ओट में दमकती दामिनी। चहुंओर गूंजती मेघों की मंद गर्जना। उनके बीच रिमझिम बारिश का संगीत और रंग-बिरंगे परिधानों में सजी सखियां। बृहस्पतिवार को कुछ ऐसा ही नजारा था बनारस क्लब में महिला मंडल रविंद्रपुरी की ओर से आयोजित तीजोत्सव का। तीज उत्सव के दौरान मृदंग, नर्तन, गान और पंचम स्वर में तान के साथ भारत की विविधता में एकता के दर्शन भी हुए।
गुरुवार को कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम की स्तुति से हुआ। तत्पश्चात बांग्ला गीत अलका देव ने प्रस्तुति दी। कश्मीरी नृत्य शर्मिला सिंह ने पेश किया। कजरी पर नेहा शाह ने नृत्य की प्रस्तुति दी। इसी तरह अंबिका अग्रवाल ने लावणी, कृष्ण-राधा और सूरदास के पद पर भरतनाट्यम इशिता और नंदिनी ने प्रस्तुत किया। राजस्थानी नृत्य की प्रस्तुति अंशिका, सोनाली और श्वेता जैन ने दी।
अंत में मिले सुर मेरा तुम्हारा गीत पर फैशन शो की शानदार की प्रस्तुति दी। स्वागत अध्यक्ष मंजू अग्रवाल और पूनम अग्रवाल ने किया। संचालन शालिनी देवा और शालिनी अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम को श्वेता शाह और प्रीति अग्रवाल ने सजाया। धन्यवाद ज्ञापन प्रेमा अग्रवाल ने दिया।
तीजोत्सव में गेम शो से की मस्ती
रविंद्रपुरी कॉलोनी महिला समिति की ओर से तीज महोत्सव का आयोजन गुरुवार को कचहरी स्थित बनारस क्लब में हुआ। महिलाओं ने कजरी व फिल्मी गीतों पर मोहक नृत्य पेश किया। उन्होंने लेमन स्पून रेस, सिंगिंग, डांसिंग, स्पेशल कृष्णा राधा परफॉरमेंस, टंग ट्विस्टर आदि गेम्स शो के जरिए भरपूर मनोरंजन किया। स्वागत समिति की अध्यक्ष संजू सिन्हा तथा संयोजक नीलू आहूजा और श्वेता आहूजा ने किया। इस मौके पर रिशु, किरण शर्मा आदि रहीं।
भगवान गणेश का लावा और किशमिश से हुआ सहस्त्रानामार्चन
नूतन बालक गणेशोत्सव समाज सेवा मंडल के 116वें गणेश उत्सव के छठवें दिन वेदमूर्ति वीरेश्वर नारायण दातार व पंडित हेमंत जोशी के आचार्यत्व में भगवान गणेश का षोडशोपचार पूजन हुआ। मुख्य यजमान श्री नरसिंह जगन्नाथ तैलंग थे। इसके बाद श्रीरामकृष्ण बापट ने लावा और श्री श्वेतांक वाशिमकर ने द्राक्षा (किशमिश) से सहस्त्रनामार्चन किया।
गुरुवार की शाम को महिलाओं ने हल्दी, रोरी और भजन का कार्यक्रम किया। उषा थत्ते, स्मिता गोडबोले, धर्माधिकारी, नूतन गोडसे, संध्या पोहरे, मंजूषा नायक, गायत्री मिश्रा ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। विजेताओं को विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पुरस्कृत किया। संगीत सम्मेलन के अंतर्गत सबसे पहले मथुरा पेठकर का भजन हुआ। इसके बाद समृद्धि गुप्ता का एकल शास्त्रीय गायन हुआ। तबले पर संगत चेतन शुक्ला और हारमोनियम पर संगत हर्षित उपाध्याय ने की।
स्मृति गुप्ता ने राग आभोगी में विलंबित एकताल में काहे गुमान करे..., द्रुत तीन ताल में सुरझत नाही...., तराना, राग मिश्र कौशिक ध्वनि में दादरा, अभंग व भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति गार्गी हरनारायण शारदा के भजनों की रही। उनके साथ तबले पर हरनारायण शारदा ने संगत की। इस अवसर पर भगवान गणेश का झूले पर भव्य शृंगार किया गया। इसके अलावा सांग्वेद विद्यालय सहित कई स्थानों पर गणेशोत्सव के सांस्कृतिक आयोजन हुए।
सिलाई-कढ़ाई और ब्यूटी पार्लर का मिलेगा प्रशिक्षण
उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की कौशल सुधार प्रशिक्षण योजना के तहत सिलाई-कढ़ाई और ब्यूटी पार्लर का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 19 सितंबर है। जिला ग्राम उद्योग अधिकारी यूपी सिंह ने बताया कि 175 लाभार्थियों को प्रशिक्षण मिलेगा। इसमें सामान्य वर्ग के 50 व अनुसूचित जाति वर्ग के 125 लाभार्थी को प्रशिक्षण का दिया जाएगा।
प्रशिक्षण लेने के लिए अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट upkvib.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान 15 दिनों तक प्रतिदिन 250 रुपये की दर से छात्रवृत्ति दी जाएगी। आवेदन करने वालों की आयु न्यूनतम 18 वर्ष से अधिकतम 45 वर्ष के बीच होना चाहिए। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9580503155 से प्राप्त कर सकते हैं।
रामलीला स्थलों पर सफाई करने को लेकर सौंपा ज्ञापन
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल सागर ने गुरुवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी को ज्ञापन देकर श्री 108 श्री मौनीबाबा रामलीला कमेटी के 17 रामलीला स्थानों पर साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं कराने की मांग की है। उन्होंने साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, पीने का पानी, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। रामलीला 29 सितंबर से 17 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी।
विधायक ने वार्ड प्रवास में रोपे पौधे, सुनी समस्याएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के वार्ड प्रवास कार्यक्रम के 70वें दिन गुरुवार को पं. दीनदयाल मंडल के पियरीकला वार्ड में आयोजन हुआ। कबीरचौरा स्थित प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूल में 75 से अधिक महिलाएं एवं छात्राओं ने पौधरोपण किया। विधायक ने हीरापुरा सेवा बस्ती में चौपाल लगाकर लोगों से संवाद किया। कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
जूनियर यूपी टीम में फुटबॉल नर्सरी के सत्यम और अमित चयनित
बंगलूरू में 14 सितंबर से होने वाले अंडर-16 जूनियर नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता में यूपी टीम में बनारस रेल इंजन कारखाना के फुटबॉल नर्सरी के दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। यूपी टीम में चयनित सत्यम केसरी और अमित कुमार को बरेका के फुटबॉल सचिव सौरव सक्सेना ने सम्मानित करने की घोषणा की है। कोच भैरव दत्त ने बताया की दोनों खिलाड़ी पिछले दो साल से फुटबॉल खेल रहे हैं। इन्होंने लगातार फुटबॉल मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
भाजपा जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने बनाए सदस्य
भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत 11 से 17 सितंबर तक विशेष सदस्यता अभियान शुरू हुआ। बृहस्पतिवार को मंत्री, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों ने बूथों पर जाकर लोगों को प्राथमिक सदस्य बनाया। भाजपा क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के सुंदरपुर में बूथ संख्या 331 व 334 पर घर-घर जाकर लोगों से 8800002024 पर मिस्ड कॉल करवा कर भाजपा का सदस्य बनाया।
कहा कि गत 2 सितंबर से चल रहे सदस्यता महाअभियान में सिर्फ 8 दिनों के अंदर 2 करोड़ से भी ज्यादा सदस्य देश में अब तक बन चुके हैं। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ के लक्ष्य के साथ व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया है।
पायो जी मैंने राम रतन धन पायो...
भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त मीराबाई के 525वें जन्मोत्सव पर आयोजित कला धरोहर का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। बंगाली टोला इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यशाला में पं. गणेश प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में 50 बच्चों ने गायन की प्रस्तुति दी। इस दौरान बच्चों ने मीराबाई के भजन चलो री मन गंगा जमुना तीर की मनमोहक प्रस्तुति दी।
गुरुवार को कार्यशाला के दूसरे दिन स्कूल के प्रबंधक अशोक कांति चक्रवर्ती, जितेंद्र मिश्र, दिनेश कुमार तिवारी, प्रधानाचार्य डाॅ. बृजेश मणि पांडेय व गायक पं. गणेश प्रसाद मिश्र, डाॅ. जयंत चौधरी ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। पं. गणेश प्रसाद मिश्र ने पायो जी मैंने राम रतन धन पायो... सुनाया। तबले पर पंडित कुबेर नाथ मिश्र, सारंगी पर अनीश निश्रा ने संगत की।
उधर, आर्य महिला इंटर कॉलेज में तनु यादव, स्मृति पांडेय, अदिति, ग्रेसी, एंजल, लवली, प्रज्ञा ने भजन मोहे लागी लगन..., सिर घरी मटुकिया डोले... की प्रस्तुति दी। समापन उपशास्त्रीय गायिका डॉ. सुचरिता गुप्ता के भजन पायो जी मैंने राम रतन धन पायो... से हुआ। विद्यालय के प्रबंधक अमूल्य शर्मा, जयंत राज चौधरी, गायत्री द्विवेदी, डॉ. गीतिका आदि रहीं। स्वागत प्रधानाचार्य डॉ. प्रतिभा यादव ने किया।
अखिलेश के खिलाफ अभियान चलाएगा संत समाज
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान से काशी के संतों में नाराजगी है। संतों ने कहा है कि संत समाज अखिलेश के खिलाफ अभियान चलाएगा। अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री स्वामी जीतेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि सपा नेता अखिलेश यादव ने राजनीति में बयानबाजी की सारी हदें पार कर दी हैं। डिस्मेंटलिंग ऑफ ग्लोबल हिन्दुत्व के कार्यक्रम में भाग लेने वाले अखिलेश का यहां की जनता ठीक समय पर जवाब देगी।
पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर महंत बालक दास ने कहा कि अखिलेश यादव को माफिया के बारे में विशेष जानकारी है। उन्होंने जिन माफियाओं को पाल रखा था आज वो इस दुनिया में नहीं हैं। इसलिए उनको दुख हो रहा है और वह संतों को अपना निशाना बनाने लगे हैं। वोट राजनीति के लिए इस तरह की बयानबाजी निंदनीय है।
काशी विद्वत परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने कहा कि इस तरह का बयान सनातन हिंदुओं के लिए कष्टदायक है। मठाधीश और महंतों को माफिया का पर्याय कहना सर्वथा अनुचित है। इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए और हम इसकी निंदा करते हैं।
राजकीय आयुर्वेद अस्पताल का मूल्यांकन कर लौटी टीम
राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय और अस्पताल में सुविधाओं का मूल्यांकन करने आई क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) की टीम का दौरा गुरुवार को पूरा हो गया। दूसरे दिन टीम के सदस्यों ने अस्पताल की ओपीडी के साथ ही जांच केंद्र, वार्ड में भर्ती मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। टीम मूल्यांकन कर लौट गई हैं, अब इसकी रिपोर्ट काउंसिल को सौंपी जाएगी।
आयुर्वेदिक कॉलेजों और अस्पताल में सुविधाओं का मूल्यांकन क्यूसीआई की ओर से समय-समय पर करवाया जाता है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर क्यूसीआई की ओर से रैंकिंग भी दी जाती है। गुरुवार को टीम में शामिल डॉ. रत्नप्रभा मिश्रा, डॉ. दुर्गेश प्रसाद गुप्ता और विनीत रावत ने वार्ड का दौरा कर सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही प्राचार्या प्रो. शशि सिंह से महाविद्यालय में पठन-पाठन, शोध, मेडिकल छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की।
श्री 1008 श्री चंद्रदेव महाराज संगीत समारोह का हुआ आयोजन
श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के पूजन सभागार में बृहस्पतिवार को श्रीश्री 1008 श्रीचंद्रदेव महाराज की 530वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रीचंद्रदेव संगीत समारोह में गायक-वादकों ने संगीताजलि अर्पित की। प्रथम प्रस्तुति युवा कलाकार श्रीदेवी शरवानी के भावपूर्ण भजनों की रही।
श्रीदेवी ने प्रथम प्रस्तुत गणपति भजन वंदन करिए गजानन की... से शुरुआत की। इसके बाद श्रीदेवी ने मधुर देवी भजन जय जय जग जननी देवी... से श्रोताओं में भक्ति की धारा प्रवाहित की। समापन झूला राधा संग झूलत गिरिधारी... से किया। अगली प्रस्तुति युवा कलाकार प्रवीण सिंह की रही।
उन्होंने भजन तेरी शरण में आके मैं धन्य हो गया... सुनाया। प्रवीण ने तेरा साथ निभाएगा तेरी बिगड़ी बनाएगा विश्वास जरूरी है... पेश किया। इसके बाद श्रेया सोनकर ने श्रीगणेश भजन से लोगों को भक्ति रस से संतृप्त किया। हर्षित उपाध्याय ने शिव भजन जय शंकर कैलाशपति शिव और कृष्ण भजन सांवरे आई जईयो... सुनाया। अंत में सभी कलाकारों ने समवेत गायन प्रस्तुति समर्पित कर सभी के हृदय में भक्ति की धारा प्रवाहित कर दी।
सांगीतिक कार्यक्रम मुकाम कोठारी महंत डॉ. लक्ष्मण दास के संरक्षण में संपन्न हुए। कार्यक्रम में महंत बालेश्वर मुनि, महंत जोगेंद्र मुनि और महंत विश्वासानंद का विशेष मार्गदर्शन रहा। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।
एनसीसी कैडेट्स ने निकाली स्वच्छता जागरुकता रैली
वसंत महिला महाविद्यालय राजघाट में गुरुवार को 28 यूपी गर्ल्स बटालियन के एनसीसी इकाई की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया गया। इसके 50 कैडेट्स ने स्वच्छता जागरूकता रैली में हिस्सा लिया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कैडेट्स ने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने और कूड़ा-कचरा न फैलाने का आग्रह किया। प्राचार्य प्रो. अलका सिंह ने कैडेट्स के प्रयासों की सराहना की। हमें अपने आस पास के क्षेत्र को स्वच्छता रखना चाहिए। इस दौरान दीपंजालि, अन्नू, अनुश्रुति, शेफली, स्मृति आदि मौजूद रहीं।
मीराबाई के भजनों के साथ जयंती मनाने की किया आवाहन
आर्य महिला इंटर कॉलेज में गुरुवार को मीरा बाई की 525वीं जयंती के उपलक्ष्य पर दो दिवसीय संगीत नाटक अकादमी (एसएनए), नई दिल्ली द्वारा संगीत का आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन गुरुवार को प्रख्यात गायिका डॉ. सुचरिता गुप्ता ने छात्राओं को मीरा बाई जी के भजनों को सुनाकर मीरा बाई जी की जयंती को बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाने का आवाहन किया।
हारमोनियम पर श्री पंकज मिश्र एवं तबले पर श्री अमित ईश्वर ने अपना सहयोग प्रदान किया। प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं यथा तनु यादव, स्मृति पाण्डेय, अपर्णा यादव आदि द्वारा सीखे गए भजन मोहे लागी लगन गुरुचरनन की तथा सिर घरी मटुकिया डोले कोई श्याम मनोहर बोले को प्रस्तुत किया। इस दौरान जयंत राज चौधरी, गायत्री द्विवेदी, डॉ. गीतिका, माधुरी मिश्रा, छाया खरे आदि लोग मौजूद रहे।
यूपीएस के विरोध में रेलवे कर्मचारी संघ ने किया प्रदर्शन
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ ने गुरुवार को मंडल कार्यालय में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली और यूनिफाइड पेंशन स्कीम यूपीएस के विरोध में प्रदर्शन किया। मंडल मंत्री रमेश मिश्र ने कहा कि यूनिफाइड पेंशन स्कीम में अनेक खामियां हैं। यह कर्मचारियों के हित में नहीं है। सरकार को इस पर विचार करना चाहिए। इस दौरान श्याम झा, राम प्यारे शर्मा, राधेश्याम, मो. जावेद अख्तर आदि लोग मौजूद रहे।
जीवों पर दया और परोपकार करना ही मानव धर्म
पलहीपट्टी के बसांव गांव में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन गुरुवार को कथा व्यास आचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भगवान भक्तों के प्रेम और लीला करने के लिए ही इस धरा धाम पर आए। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने जो कहा और भगवान श्रीराम ने जो किया, अगर उसे करते हैं तो हमारा जीवन धन्य हो जाएगा।
भागवत धर्म ही हमें माता, पिता और अतिथि की सेवा की ओर प्रेरित करता है। आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण हमारे समाज के सुधारक हैं तो भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। जीवों पर दया करना और परोपकार करना ही मानव का धर्म है। अंत में आरती हुई।
उठो कुछ करो ऐसा कि कायनात बदल जाए...
बीएचयू में हिंदी प्रकाशन समिति (भौतिकी प्रकोष्ठ) की ओर से आयोजित कविता पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। हिंदी सप्ताह की तीसरी कड़ी में विज्ञान संस्थान के विद्यार्थियों ने कविता पाठ किया। इसमें उठो कुछ करो ऐसा कि कायनात बदल जाए, कोई कटे पैरों से भीख मांग रहा है और कोई कटे पैरों से मेडल जीत रहा है...। मैं हंसती हूं पर बाहर से, मैं मन को मनाती हूं, झलकूं मैं उस शशि सी सुंदर, अंदर के दाग छिपाती हूं...।
चलो अब तुमको विज्ञान दिखाते हैं, हां विज्ञान की अलग ही परिभाषा है... जैसी कई कविताओं का पाठ छात्र-छात्राओं ने किया। प्रो. प्रत्युष शुक्ला और डॉ. राहुल कुमार सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। विजेताओं को 14 सितंबर को कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। संचालन डॉ. चंद्र शेखर पति त्रिपाठी और धन्यवाद ज्ञापन समिति की सदस्या डॉ. ऋचा ने किया।
राधे-राधे जपा करो, कृष्ण नाम रस पिया करो...
राधे-राधे जपा करो, कृष्ण नाम रस पिया करो... की धुन से माहेश्वरी भवन का पूरा प्रांगण बृहस्पतिवार को गुंजायमान हो उठा। श्रीजी राधारानी के भक्त उनकी भक्ति का रसपान करते रहे। हर किसी को महसूस हो रहा था कि मानो श्री नंदगांव, वृंदावन तथा श्री धाम बरसाना माहेश्वरी भवन में उतर आया हो। इसके साथ ही हरे कृष्ण हरे राम संकीर्तन सोसाइटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय श्री श्री राधाष्टमी महोत्सव संपन्न हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभी शाम 5.30 बजे हरे कृष्ण महामंत्र और हरिनाम से हुआ। इसके बाद तुलसी महारानी की आरती हुई। अर्चन सेवा पुजारी संजय प्रभु के नेतृत्व में प्रियंवदा प्रियंका, अनिता अनंग, मंजरी देवी ने मोर यही अभिलाष विलासकुंज दियो वास... की भावपूर्ण स्तुति की। इसके बाद श्री चैतन्य महाप्रभु की आरती की गई। श्री नृसिंह वंदना का भावपूर्ण गायन किया गया।
श्रविल प्रभु, अभय, किशनलाल, रचित, पुलकित ने सामूहिक गायन जय राधे जय राधे राधे... से शुरूआत की। प्रियंवदा, प्रियंका देवी ने मैं तो भानु बाबा के भवन जाऊंगी, बधाई ले के आऊंगी..., पद्मिनी ने राधे राधे जपा करो, कृष्ण नाम रस पिया करो... भजन की प्रस्तुति दी। वंदना डांस अकादमी की छात्राओं के अद्भुत मनोहारी नाट्य मंचन की प्रस्तुति हुई। भंडारे में चार हजार भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
सर्वार्थ सिद्धि और शोभन योग में करेंगे श्रीहरि विष्णु का पूजन
भाद्रपद के शुक्लपक्ष की एकादशी तिथि यानी 14 सितंबर शनिवार को परिवर्तिनी एकादशी या जलझूलनी एकादशी का पर्व मनाया जाएगा। कई साल बाद इस एकादशी पर रवि, सर्वार्थ सिद्धि, ययीजय और शोभन योग में श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान श्रीहरि विष्णु के वामन रूप की पूजा करेंगे। सुख-समृद्धि के साथ मोक्ष की प्राप्ति की कामना करेंगे।
ज्योतिषविद विमल जैन ने बताया कि भाद्रपद मास के शुक्लपक्ष की एकादशी तिथि 13 सितंबर को रात 10:31 बजे लगेगी, जो अगले दिन 14 सितंबर को रात 8:42 बजे तक रहेगी। 14 सितंबर को एकादशी व्रत रखा जाएगा। पद्म पुराण के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है कि चातुर्मास्य के दौरान भगवान विष्णु वामन रूप में पाताल में निवास करते हैं। भगवान श्रीविष्णु चातुर्मास्य के दूसरे मास में शयन शैय्या पर सोते हुए करवट बदलते हैं, इसलिए इस एकादशी का नाम पार्श्व परिवर्तिनी एकादशी पड़ा है।
यह भी मान्यता है कि इसी एकादशी पर माता यशोदा ने भगवान श्रीकृष्ण के वस्त्र धोए थे, इसीलिए इस एकादशी को जलझूलनी एकादशी भी कहा जाता है। विष्णु मंदिरों में इस दिन भगवान विष्णु को पालकी में बिठाकर शोभायात्रा निकाली जाएगी। भगवान श्रीविष्णु की विशेष अनुकंपा और उनकी प्रसन्नता के लिए ओम नमो नारायण या ओम नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जप करें।
वृद्धा पेंशनर कराएं फैमिली आईडी में पंजीकरण
जिले के 17635 वृद्धा पेंशनरों का अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है। उनको पेंशन लेने के लिए इसे फैमिली आईडी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। पिछली बार जिले के 102882 पेंशनरों को पेंशन मिला है। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद दुबे ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष की पहली त्रैमासिक में पेंशन पाने वालों में 17635 ऐसे पेंशनर हैं, जिनको पेंशन तो मिला है, लेकिन उनका अभी तक परिवार राशन कार्ड में उनका नाम नहीं है।
कैलाश मठ में वेदपाठी बटुक ले रहे जूडो का प्रशिक्षण
कैलाश मठ में शास्त्र की शिक्षा लेने वाले वेदपाठी बटुक जूडो का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। परिसर में रहने वाले सौ से अधिक बटुक संध्या वदन करने के बाद सात बजे से साढ़े आठ बजे तक आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेते हैं। संस्कृत वेद मंत्रों के बीच इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय जूडो कोच लाल कुमार प्रशिक्षण दे रहे हैं।
लाल कुमार ने बताया कि सनातन की शास्त्र से रक्षा करने के लिए बटुकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद भी वेद अध्ययन के साथ खेल, योगाभ्यास जैसी क्रियाओं के समर्थक थे। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ़ जीतेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि यहां के विद्यार्थी शास्त्र के अध्ययन और अध्यापन के लिए जाने जाते हैं।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए दैनिक क्रियाकलाप में जूडो को शामिल किया गया। यहां के विद्यार्थी प्रतिदिन डेढ़ घंटा प्रशिक्षण लेते हैं। जूडो की कार्यशाला में शामिल होने से पहले सभी बटुक सुबह गायत्री मंत्र और अन्य संध्योपासना करते हैं। फिलहाल आत्मरक्षा का प्राथमिक चरण शुरू किया गया है।
वाराणसी होकर जाएगी आनंद विहार-सीतामढ़ी
आनंद विहार टर्मिनस से सीतामढ़ी के लिए 1 से 29 नवंबर तक स्पेशल ट्रेन चलेगी। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 04022 प्रत्येक बुधवार एवं शुक्रवार को आनंद विहार टर्मिनस से 11.40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन वाराणसी सुबह 06.30 बजे पहुंचेगी और 06.40 बजे छूटकर सीतामढ़ी दोपहर बाद 03.45 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में प्रत्येक गुरुवार एवं शनिवार को सीतामढ़ी से शाम 06.00 बजे प्रस्थान कर वाराणसी सुबह 03.30 बजे पहुंचेगी और 03.40 बजे छूटकर आनंद विहार टर्मिनस शाम 06.05 बजे पहुंचेगी।
रेल मदद एप से बच्चे को मिला दूध
ट्रेन में गुरुवार को एक महिला के बच्चे को रेल मदद एप के माध्यम से दूध मिला। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 12562 नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस गाड़ी के स्लीपर श्रेणी के एस 03 कोच में बर्थ सं 71 पर यात्रा कर रही किरण नाम के महिला ने रेल मदद के माध्यम से अपने छोटे बच्चे के लिए दूध का बोतल उपलब्ध कराने की मांग की। सूचना मिलने पर बलिया में टीसी अभिनंदन कुमार सिंह ने दूध की बोतल का व्यवस्था की। इस गाड़ी में कोई पैंट्री कार नहीं था।
कुराश प्रतियोगिता में 22 पदक के साथ वाराणसी मंडल चैंपियन
68वीं प्रदेशीय विद्यालयीय कुराश प्रतियोगिता गुरुवार को अयोध्या के डॉ़ भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में हुई। इसमें वाराणसी मंडल की टीम को ओवरऑल विजेता घोषित किया गया। कोच अजीत पाल ने बताया कि प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के 22 खिलाड़ियाें ने हिस्सा लिया। इसमें से 14 स्वर्ण, छह रजत और दो कांस्य समेत कुल 22 पदक जीता।
बालक वर्ग के खिलाड़ियों ने नौ स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य पदक जीता। वहीं बालिका टीम ने पांच स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल 64 अंक से ओवरऑल चैंपियन रहा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर युगल बिहारी इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षक पप्पू राम पटेल, सजीत पटेल ने खुशी का इजहार किया।
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में शुक्रवार को पठन-पाठन स्थगित
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया और विश्वविद्यालयीय परीक्षा होने के कारण 13 सितंबर को पठन-पाठन कार्य स्थगित रहेगा। प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने बताया कि 13 सितंबर को बीकॉम, बीएससी (गणित वर्ग व बायो वर्ग) और बीए प्रथम सेमेस्टर की कक्षाओं में द्वितीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया होगा। इसलिए पठन-पाठन स्थगित रहेगा।
नगर निगम से आजादी के लिए कांग्रेस चलाएगी घेरा डालो डेरा डालो अभियान
रामनगर पालिका को बहाल करने के लिए नगर पालिका बहाल करो संघर्ष समिति का हस्ताक्षर अभियान जारी है। हस्ताक्षर अभियान के 11वें दिन वारीगढ़ही मस्जिद के प्रांगण में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम से नगर पालिका की आजादी के लिए कांग्रेस आंदोलन चलाएगी।
शीघ्र ही नगर निगम पर इंडिया गठबंधन के लोग घेरा डालो डेरा डालो अभियान चलाएंगे और यह अभियान तब तक चलता रहेगा जब तक की नगर पालिका रामनगर को बहाल नहीं कर दिया जाता। नगर निगम से आजादी नहीं मिल जाती तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। समिति के संयोजक सतनाम सिंह, सह संयोजक शमशाद खां, सुजीत सिंह, इश्तियाक अहमद, आरती यादव, विनय मौर्य उपस्थित थे।