सारनाथ थाने के बगल में खाली प्लाॅट में बने कमरे में एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर सारनाथ थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मायके से पत्नी की विदाई न होने से दुखी होकर युवक ने जान दी है।
गाजीपुर के खानपुर क्षेत्र के भुजाड़ी गांव का मूल निवासी राकेश यादव (28) लमही में किराये के मकान में रहता था। लमही की ही सीमा से राकेश ने प्रेम विवाह किया था। दोनों की एक पुत्री और एक पुत्र है। राकेश सारनाथ थाने के बगल में स्थित प्लॉट की रखवाली करता था।
शुक्रवार की रात पत्नी से वह फोन पर बात किया और शनिवार को उसे स्थानीय लोगों ने प्लॉट के कमरे में बने रॉड के सहारे फंदे से लटके देखा। पुलिस की सूचना पर राकेश का भाई अनिल गांव से आया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
भदोही पुलिस का छापा, छत से कूदकर भागे बदमाश
भदोही जिले के चौरी और दुर्गागंज थाने की पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की देर रात कपसेठी बाजार स्थित एक मकान में छापा मारा। वहां मौजूद बदमाश पुलिस की घेराबंदी को तोड़कर छत से कूदकर भाग निकले। नतीजतन पुलिस टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस ने मकान मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया है।
मारपीट के मामले में पांच पर मुकदमा
भेलुपुर थाना क्षेत्र के ककरमत्ता जानकी नगर मोड़ पर मारपीट के मामले में सरफुद्दीन की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज किया। सरफुद्दीन ने तहरीर में बताया कि चिकन बिरयानी की दुकान लगता है। बीते दिन दीपू यादव, बबलू यादव, कल्लू यादव, उत्तम व एक अज्ञात व्यक्ति दुकान पर आकर उसके साले परवेज और फैजान की पिटाई कर दी। वहीं पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
बीमारी से परेशान चौबेपुर के बुजुर्ग ने जान दी
मानसिक बीमारी से परेशान सहारा स्टेट निवासी संतूराम यादव (76) ने शनिवार सुबह 11:30 बजे भिटौली क्राॅसिंग के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि संतूराम मूलरूप से कैथी चौबेपुर जनपद वाराणसी के रहने वाले थे। बेटे दिवाकर ने बताया कि पिता काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे और इसी के चलते खुदकुशी कर ली।
भूमि विवाद के मामले में मुकदमा दर्ज
मठ खरावन गांव में एक महिला ने भूमि विवाद को लेकर जय प्रकाश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सीता देवी ने पुलिस को सूचना दी कि लेखपाल और राजस्व निरीक्षक द्वारा 19 जनवरी 2025 को चिह्नित की गई सीमा पर पत्थर स्थापित किए गए थे। 30 जनवरी को जय प्रकाश यादव ने पत्थर को उखाड़ कर फेंक दिया।
तेज रफ्तार वाहन ने मजदूर को कुचला, मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव स्थित अमूल प्लांट के सामने शुक्रवार की देर रात एक तेज रफ्तार वाहन ने एक मजदूर को कुचल दिया। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मजदूर की पहचान चंदौली के सकलडीहा क्षेत्र के मनियारपुर बभनपुरा के सनी यादव (18) के रूप में हुई है।
सनी के साथियों ने बताया कि वह एग्रो पार्क स्थित एक कंपनी में मजदूरी करने के बाद किराये के अपने कमरे पर पैदल ही जा रहा था। उसी दौरान जौनपुर की तरफ से वाराणसी की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार वाहन उसे टक्कर मार कर कुचलते हुए तेजी से निकल गया। सूचना पाकर फूलपुर थाने की पुलिस ने सनी के परिजनों को घटना की जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मालवीय पुल से गंगा में कूदा कोटेदार
राजघाट स्थित मालवीय पुल से शनिवार को बेनियाबाग निवासी कोटेदार सत्येंद्र गुप्ता (50) ने गंगा में छलांग लगा दी। पुल के नीचे मौजूद 11 एनडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे और गंगा में डूब रहे सत्येंद्र को बाहर निकाला। घटना की सूचना पाकर मौके पर चौकी प्रभारी आदमपुर बलिराम यादव पहुंचे।
पुल से कूदने के कारण सत्येंद्र गुप्ता को रीढ़ की हड्डी सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने सत्येंद्र को अस्पताल भिजवाने के लिए सरकारी एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन नहीं आई। सत्येंद्र गुप्ता को चौकी इंचार्ज आदमपुर ने पीआरवी से उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भिजवाया।
सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि सत्येंद्र की बजरडीहा इलाके में सरकारी राशन वितरण की दुकान है। वह कुछ दिनों से बीमारी को लेकर तनाव में चल रहे थे। दोपहर में घर के लोग छत पर थे, तभी वह आत्महत्या करने के लिए राजघाट पुल पर पहुंच गए। अस्पताल में भर्ती सत्येंद्र गुप्ता का इलाज चल रहा है।
गैंगस्टर एक्ट के दोषी को छह साल की सजा
गैंगस्टर एक्ट में अदालत ने एक अभियुक्त को दंडित किया है। विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) मनोज कुमार सिंह की अदालत ने मुकदमे के विचारण के बाद छोटी गैबी, सिगरा निवासी अभियुक्त अमित जायसवाल को दोषी पाया। अमित को अदालत ने छह वर्ष के कठोर कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार तत्कालीन थानाध्यक्ष चेतगंज बृजभूषण राय अपने क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान सूचना मिली कि पेशेवर अपराधी अमित जायसवाल, सुशील पाल उर्फ गुल्लू पाल और संतोष गौड़ उर्फ बाली का संगठित गिरोह है।
गैंग लीडर अपराधी अमित जायसवाल है। इनके खिलाफ चेतगंज, सिगरा समेत कई थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, छिनैती समेत कई मामले दर्ज हैं। जिलाधिकारी के आदेश से अभियुक्त अमित जायसवाल के खिलाफ थानाध्यक्ष चेतगंज ने चेतगंज थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
विद्युत उपकेंद्र में तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में अग्रिम जमानत
विद्युत उपकेंद्र में घुसकर तोड़फोड़ करने और कर्मचारियों से मारपीट के मामले में दो आरोपियों को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तृतीय) सपना शुक्ला की अदालत ने छितौनी, लोहता निवासी आरोपी नीलेश सिंह और अजीत सिंह को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर अग्रिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, उमेश चंद्र मिश्रा ने 18 जून 2015 को थाना लोहता में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि 17 जून 2015 को छितौनी के नीलेश सिंह, निशांत सिंह और अजीत सिंह अपने तीन-चार साथियों के साथ कोटवा उपकेंद्र पर आए। सभी कोटवा फीडर को चालू करने के लिए दबाव बनाने लगे।
उपकेंद्र पर मौजूद परिचालक बृजमोहन ने शेडयूल के अनुसार कोटवा फीडर को चालू करने की बात कही। इस पर वह लोग उग्र हो गए और गालीगलौज करते हुए उपकेंद्र परिचालक के सहायक मोहम्मद इरफान उर्फ सोनू के साथ मारपीट कर उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिए।
Varanasi court
- फोटो : अमर उजाला
लॉर्ड विश्वेश्वर का केस ट्रांसफर करने की अर्जी पर आदेश 13 फरवरी को
जिला जज संजीव कुमार पांडेय की अदालत में शनिवार को मां शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई हुई। इस क्रम में निचली अदालत में लंबित वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वर के पुराने मामले को जिला जज की कोर्ट में ट्रांसफर करने की अर्जी पर सुनवाई हुई। अर्जी पर आदेश के लिए कोर्ट ने पत्रावली रखते हुए 13 फरवरी की तिथि नियत की। इसके साथ ही अन्य मामलों की सुनवाई के लिए 15 फरवरी की तिथि नियत की है।
जिला जज की कोर्ट में दोपहर बाद सुनवाई शुरू हुई। वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वर के मुकदमे को निचलही अदालत से ट्रांसफर कर जिला जज द्वारा खुद सुने जाने की अर्जी को खारिज करने की मांग वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी ने की। उन्होंने कहा कि मुकदमा ट्रांसफर करने की अर्जी देने वाले उसमें पक्षकार नहीं हैं।
मुकदमे को निचली कोर्ट से ट्रांसफर नहीं किया जा सकता है। ट्रांसफर संबंधित सभी अर्जी पोषणीय नहीं हैं। इसलिए अर्जी खारिज कर दी जाए। अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के अधिवक्ताओं ने भी अर्जी का विरोध किया। निचली अदालत और सत्र न्यायालय के क्षेत्राधिकार का हवाला दिया।
कोइरीपुर गांव में मारपीट, मुकदमा दर्ज
कोइरीपुर गांव निवासी संजय विश्वकर्मा की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। संजय विश्वकर्मा ने तहरीर में बताया कि शुभम, दीपक, वीरु और सुग्गी विश्वकर्मा ने शनिवार को घर आकर मेरे पुत्र करन, आदित्य और विवेक के साथ मारपीट की।
ट्रेन से कट कर बुनकर की मौत
लोहता के महमूदपुर गांव के सामने शनिवार की सुबह एक बुनकर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। जीआरपी कैंट ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। लोहता थाना क्षेत्र के अलावल मुहल्ले के रहने वाले नेसार (52) की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। नेसार का परिवार बुनकरी के काम से जुड़ा हुआ है।
मानसिक स्थिति सामान्य रहने पर नेसार भी बुनकरी का काम करते थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह सुबह के समय घर से निकले थे। घूमते हुए महमूदपुर गांव के सामने रेलवे लाइन के किनारे पहुंच गए और ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में नेसार की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता और दो पुत्रों सहित चार पर मुकदमा
नरोत्तमपुर निवासी बहादुर की तहरीर पर उनके गांव के रहने वाले बाबूलाल और उसके दो पुत्र विपिन व पखड़ी और जिम्मी के खिलाफ लंका थाने में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। बहादुर का आरोप है कि वह अपने साथी के साथ खड़े होकर बात कर रहा था।
उसी दौरान आरोपी गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। विपिन ने सिर पर लाठी से वार कर दिया। आरोपी फर्जी मुकदमे में फसाने और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
बिना मानचित्र स्वीकृत दो निर्माण सील
वीडीए की टीम ने शनिवार को बिना मानचित्र स्वीकृत कराए दो निर्माण को सील किया। सिकरौल वार्ड में संदीप मिश्र और चेतगंज में राकेश कुमार गुप्ता के भवन में कार्रवाई की गई। वीडीए ने लोगों से अपील की है कि प्लॉट खरीदते समय यह जरूर जांच लें कि मानचित्र पास है की नहीं।
मानचित्र के संबंध में वीडीए कर रहा जागरूक
वीडीए ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन और बनारस स्टेशन के दोनों तरफ ट्रांसपोर्ट नगर के ऑक्शन से संबंधित जानकारी के संबंध में होर्डिंग्स लगाई गई हैं। इसका उद्देश्य ट्रांसपोर्ट नगर के विकास कार्यों के बारे में जागरूक करना है। साथ ही निर्माण कार्य से पहले मानचित्र और प्लॉटिंग करने से पूर्व ले-आउट स्वीकृत करना है।
पीट कर वीडियो वायरल किया, पांच पर मुकदमा दर्ज
दो लोगों की पिटाई कर वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करना मनबढ़ों को महंगा पड़ा। पीड़ित की शिकायत पर पांच नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
फूलपुर थाना क्षेत्र के कैथौली गांव निवासी किशन मिश्रा की पिंडरा में जूते की दुकान है। दुकान में कैथौली निवासी रीशू तिवारी काम करता है। रीशू के अनुसार गत 29 जनवरी को वह दुकान पर बैठा था। उसी दौरान पिंडरा निवासी तस्लीम और पवन सोनकर उसे बुलाकर ले गए।
इसके बाद पुरानी रंजिश को लेकर पवन सोनकर, तस्लीम, टिक्कू, वाजिद, अन्नू खान और एक अज्ञात ने उसे जमकर मारा। इसके साथ ही पिटाई का वीडियो भी बनाया। उसकी पिटाई के दौरान विनोद यादव मौके से गुजर रहे थे तो उन्होंने बीचबचाव कर उसकी जान बचाई। मनबढ़ों ने अगले दिन विनोद यादव की भी पिटाई की।
मंदिर गेट से वाहन चलाने वालों पर करें कार्रवाई
डीएम एस. राजलिंगम और अपर पुलिस कमिश्नर डॉ. एस चनप्पा ने गिरजाघर व गोदौलिया चौराहे और काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का निरीक्षण किया। डीएम ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि मंदिर गेट से मैदागिन तक वाहनों का प्रवेश वर्जित है। ऐसे में यहां वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करें।
नुक्कड़ नाटक से दी बजट के बारे में जानकारी
आर्य महिला पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई ए और डी ने शनिवार को सात दिवसीय कैंप के दूसरे दिन फाइनेंस और यूथ फैमिली बजट विषय पर लोगों को जानकारी दी। यूनिट ए का आयोजन दुर्गाकुंड मलिन बस्ती और यूनिट डी का आयोजन बनकटी हनुमान मंदिर भेलूपुर ,वाराणसी में किया गया।
यूनिट ए का विषय था फाइनेंस और यूनिट डी का विषय था यूथ फैमिली बजट। यूनिट ए की स्वयं सेविकाओं ने फाइनेंस को ध्यान में रखते हुए नुक्कड़ नाटक और नृत्य की प्रस्तुति की और वित्त पर एक पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया।
बजट के ऊपर आर्य महिला पीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग की पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर मंजू बनिक ने बताया कि बजट कैसे बनता है? इसके बाद उन्होंने 2024 और 2025 के बजट का विश्लेषण भी किया। इस दौरान डॉ. स्वप्ना बंदोपाध्याय, डॉ. ममता गुप्ता, अनामिका सिंह मौजूद रहीं।
सोशल मीडिया पर परिवार की प्रतिष्ठा कर रहे बदनाम
कॉटन मिल कॉलोनी निवासी अब्दुल्लाह अंसारी ने जैतपुरा थाने में आईटी एक्ट के तहत दो नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके परिवार में हाल ही में सगाई समारोह आयोजित हुआ था।
उससे संबंधित फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर गलत तरीके से वायरल कर अभद्र टिप्पणी की जा रही है। इसके चलते उनके परिवार की बदनामी हो रही है। अब्दुल्लाह अंसारी की तहरीर पर पुलिस बेलाल और अरशद सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
सब्जी-फल प्रदर्शनी में 17 वर्ग और 153 श्रेणियां शामिल होंगी
मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को फल, फूल, सब्जी की प्रदर्शनी के आयोजन के संबंध में बैठक हुई। इसमें तय हुआ कि 22 और 23 फरवरी को प्रदर्शनी कंपनीबाग में लगेगी। इसमें 17 वर्ग तथा 153 श्रेणियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
मंडलायुक्त ने कहा कि औषधीय पौधों, गमलों और छतों पर उगी सब्जी, बोनसाई पौधों का अलग से प्रदर्शन कराया जाए। आईआईवीआर, सीमैप और एनबीआरआई जैसी संस्थाएं अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से प्रदर्शनी शामिल होंगी। डीआईओएस, बीएसए से कहा गया कि उनके विद्यालय के बच्चे भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
36 कॉलेजों में इंटर के 3000 छात्रों ने दिए प्रैक्टिकल
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षा 24 अप्रैल से करवाई जाएगी। इससे पहले विद्यालयों में एक फरवरी से प्रैक्टिकल शुरू हो गए हैं। आठ फरवरी तक चलने वाले प्रैक्टिकल के पहले दिन 36 कॉलेजों में इंटर के 3000 से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
हर विद्यालय में परीक्षा के लिए अलग से कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहीं से मॉनीटरिंग की जा रही है। साथ ही हर दिन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को भी रिपोर्ट देनी होगी। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार जिले में 125 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 92603 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
हाईस्कूल की परीक्षा में 45503 जबकि इंटर में 47100 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। एक फरवरी से प्रैक्टिकल शुरू हो गया है, इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में 247 विद्यालयों में आठ फरवरी तक प्रैक्टिकल होने हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि विद्यालयवार अलग-अलग तिथि में परीक्षा करवाई जा रही है। विषय के अनुसार वाह्य परीक्षक भी बुलाए गए हैं। 8 फरवरी तक सभी विद्यालयों में परीक्षा करवाई जाएगी। पहले चरण में प्रैक्टिकल होंगे। 247 केंद्र बनाए गए हैं।
संस्थाओं ने केक काटकर मनाया विधायक का जन्मदिन
पिंडरा महोत्सव में विधायक डॉ. अवधेश सिंह के जन्मदिन पर आधा दर्जन संस्थाओं ने केक काटा। बीईओ विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी। बीडीओ छोटेलाल तिवारी और एडीओ पंचायत अशोक चौबे के नेतृत्व में स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत किया।
भाजपा कार्यकर्ता ने भी केक काटा। जेपी दुबे, मनीष पाठक, बबलू मिश्रा, दिलीप प्रधान, सुधीर सिंह, अतुल रावत, दिनेश सिंह, संदीप सिंह, अवधेश राय और अभिषेक राजपूत मौजूद रहे। डॉ. अवधेश सिंह ने शिव कुमारी, बालिका इंटर कॉलेज की 21 बालिकाओं को साइकिल दिया।
जल निकासी की मांग को लेकर महिलाओं ने दिया धरना
जल निकासी की समस्या से जूझ रहीं रत्तापूर की महिलाएं शनिवार को फिर सड़क पर उतरीं। सैकड़ों महिलाओं ने सुबह से सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष विवेक कहार के नेतृत्व में जोनल कार्यालय पर धरना दिया। चार घंटे बाद भी किसी अधिकारी के न पहुंचने पर वे कार्यालय के मुख्य गेट को जाम कर बैठी रहीं।
उनका कहना था कि पूरे मुहल्ले में पानी भरा है। रात के समय सड़क पर फिसलन होने से लोग चोटिल हो रहे हैं। पिछले दो वर्षों से पूरा क्षेत्र जल निकासी की मांग करने के बाद भी नगर निगम का जलकल विभाग कोई सुध नहीं ले रहा है। सूचना मिलने पर कस्बा इंचार्ज गौरव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। एई जलकल श्याम राज और कस्बा प्रभारी के समझाने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद उन्होंने पूरे क्षेत्र का मुआयना किया। धरने में विवेक कहार, अश्वनी तिवारी, सपना तिवारी, आरती देवी, मनीष यादव मौजूद रहे।
लोकगायक वैभव मिश्र ने भक्तिगीत से किया विभोर
दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया और वाराणसी छावनी परिषद ने कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में साप्ताहिक कार्यक्रम का आयोजन किया। भारत पर्यटन वाराणसी पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से संपन्न हुआ। युवा लोकगायक वैभव मिश्र ने जय जय गणपति वंदन, सरस्वती वंदना, वर दे वीणा वादिनि वर दे, फिर एसी लागी लगन मीरा हो गई मगन और रास्ता गजल की प्रस्तुति दी।
दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कलाकारों को प्रमाण पत्र दिया। धन्यवाद ज्ञापन छावनी परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर छावनी परिषद के रामलखन, राम कुशवाहा, शहनाई वादक पंडित दुर्गा प्रसन्ना, तनुज कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
वुशू में काशी के सूरज ने जीता स्वर्ण
उत्तराखंड में 30वें भारतीय राष्ट्रीय खेल में वाराणसी के परेड कोठी के वूशु खिलाड़ी सूरज यादव ने स्वर्ण पदक जीता है। 70 किलो भार वर्ग में हरियाणा के खिलाड़ी को जीत हासिल की। भाई शिवम यादव ने बताया कि पिता स्व मुनीब यादव उन्हें खेलते हुए देखना चाहते थे।
उनके सपने को साकार करने के लिए सूरज दिन रात एक कर रहे हैं। फिलहाल वे भोपाल के साई सेंटर में अभ्यास करते हैं। राष्ट्रीय खेलों की वूशु प्रतियोगिता में सूरज यादव ने यूपी पुलिस का प्रतिनिधित्व कर सफलता हासिल की। मां इंद्रावती देवी, भाई नीरज यादव ने खुशी का इजहार किया है।
श्रद्धालुओं को गंगा स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
महाकुंभ के पलट प्रवाह में काशी आने वाले श्रद्धालुओं को नमामि गंगे गंगा विचार मंच जिला इकाई के पदाधिकारी ने नदी को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में शनिवार को गायघाट पर लाउड स्पीकर के माध्यम से लोगों को बताया।
गंगा नदी में कपड़ा विसर्जन और साबुन-शैंपू का इस्तेमाल करने के लिए मना किया। दुकानदारों से आसपास साफ-सुथरा रखने को कहा। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों से विशेष आह्वान किया कि सफाई बनाएं रखने में सहयोग करें। नाव पर सवार लोगों से लाइफ जैकेट पहनने की अपील की। इस दौरान जय विश्वकर्मा, प्रवीण यादव, गीता, राकेश और मंतारा उपस्थित रहे।
बीएचयू में 6 हॉस्टलों के एडमिन वार्डेन का कार्यकाल बढ़ा, रुइया-कुंदन देवी के बदले
बीएचयू में दो हॉस्टलों रुईया और कुंदन देवी के एडमिन वार्डेन का कार्यकाल पूरा होने के बाद दूसरे प्रोफेसरों को जिम्मेदारियां दे दी गई हैं। वहीं, छह हॉस्टलों के एडमिन वार्डेन का कार्यकाल बढ़ाया गया है। जबकि रुईया हॉस्टल के वार्डेन भी बदले गए हैं।
शनिवार को कुलसचिव कार्यालय प्रशासन-शिक्षण की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में वैदिक दर्शन के प्रोफेसर शशिकांत द्विवेदी को रुईया हॉस्टल के संस्कृत ब्लॉक का एडमिन वार्डेन बनाया गया है। साहित्य में असिस्टेंट प्रो. डॉ. शैलेंद्र कुमार को वार्डेन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जूलॉजी की डॉ. प्रीति सक्सेना को कुंदन देवी शताब्दी हॉस्टल का एडमिन वार्डेन बनाया गया। विज्ञान संस्थान में जियो फिजिक्स के प्रो. राजीव भाटला को डालमिया हॉस्टल, केमेस्ट्री के डॉ. सत्येन साहा को भाभा हॉस्टल, स्टैटस्टिक्स के प्रो. मनोज कुमार चौधरी को रामा कृष्णा हॉस्टल, केमेस्ट्री के डॉ. सुराजीत सिंह को ब्रोचा-2, बॉटनी की डॉ. आशा लता सिंह को जेसी बोस गर्ल्स हॉस्टल और प्रो. मंजरी गुप्ता को एसएनपीजी हॉस्टल का एडमिन वार्डेन नियुक्त किया गया।
निजीकरण के विरोध में बिजलीकर्मी ने किया प्रदर्शन
निजीकरण के विरोध में शनिवार को बिजली कर्मचारियों ने भिखारीपुर स्थित हनुमानजी मंदिर पर विरोध प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति के वक्ताओं ने कहा कि किसी भी हालत में निजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस दौरान एसके सिंह, नरेंद्र वर्मा, रामकुमार झा, काशिम अली, अशोक कुमार उपस्थित थे।
छवि गुप्ता के निर्णायक ट्राइ से इंपीरियल क्लब को मिली जीत
इंपीरियल क्लब ने शनिवार को परमानंदपुर में खेले गए जिला रग्बी प्रतियोगिता में सनराइज क्लब को 2-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। मैच खत्म होने के पांच मिनट पहले तान्या के पास पर छवि गुप्ता ने निर्णायक ट्राइ कर इंपीरियल क्लब को जीत दिलाई।
इंपीरियल क्लब की तरफ से विंगर तान्या पटेल और काजल ने आक्रमण की शुरुआत की। सनराइज क्लब की खुशी पटेल ने काउंटर अटैक किया। हाफ टाइम तक दोनों टीम गोल रहित बराबरी पर रही। दूसरे हाफ में इंपीरियल क्लब की टीम ने रणनीति में बदलाव किया।
दूसरे हाफ के दूसरे ही मिनट में छवि गुप्ता ने ट्राई कर इंपीरियल क्लब को 2-1 की बढ़त दिला दी। एक गोल से पीछे होने के बाद सनराइज क्लब की टीम ने लंबे किक की नीति अपनाई। 10वें मिनट में खुशी पटेल ने ट्राई कर स्कोर 1-1 कर दिया।
स्कोर बराबर होने के बाद दोनों टीम ने बहुत दम लगाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मैच समाप्त होने से पांच मिनट पहले इंपीरियल क्लब की तान्या पटेल ने सनराइज क्लब की डिफेंस लाइन में दरार खोज ली। छवि गुप्ता ने ट्राई कर स्कोर 2-1 कर टीम को जीत दिला दी। निर्णायक की भूमिका अविनाश पाल ने निभाई।
रविवार को पांच घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
वाराणसी के शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में रोड़ चौड़ीकरण, ट्रांसफाॅर्मर और लाइन शिफ्टिंग से संबंधित कार्य को लेकर रविवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी क्रम में 33/11 केवी उदयपुर, पांडेयपुर, दौलतपुर उपकेंद्र में पेड़ों की कटाई के लिए सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
सफाई कर्मचारी की समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त को लिखा पत्र
बहुजन समता पार्टी (बसपा) के पदाधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों की समस्या को लेकर शनिवार को नगर आयुक्त को पत्र लिखा। बसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने बताया कि संविदा और आऊट सोर्सिंग पद पर कार्यरत महिला व पुरुष सफाई कर्मचारियों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है।
इसको तुरंत बंद किया जाए और इससे जुड़े अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। कहा कि एक कार्यदायी संस्था के माध्यम से नगर निगम इसको अनुबंध पर रखा है। इसमें मिलकर कई लोग फर्जीवाड़ा कर रहे है। इसकी तत्काल जांच कराई जाए।
काशी आ रहे किसी भी तीर्थयात्री को नहीं होने दी जाएगी भोजन की कमी
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को महाकुंभ से लौट रहे दर्शनार्थियों से भेंट कर कुशलक्षेम पूछी। शेल्टर हाउस क्वींस कॉलेज, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एवं संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में जाकर श्रद्धालुओं से मिले।
राज्यमंत्री ने कहा कि काशी बाबा विश्वनाथ एवं माता अन्नपूर्णा की नगरी होने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र भी है। यहां आने वाले किसी भी सनातन भक्त को न आश्रय की कमी होगी, न भोजन की कमी होने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को मंत्री रविंद्र जायसवाल ने निर्देशित करते हुए कहा कि कोई भी श्रद्धालु सड़क पर ठंड में न रहने पाए। ऐसे सभी लोगों को शेल्टर हाउस में रहने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। शेल्टर हाउस के अंदर पेयजल, शौचालय, बिस्तर और ओढ़ने के लिए कंबल आदि की व्यवस्था के साथ-साथ अलाव की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
स्माइल योजना से ट्रांसजेंडर का होगा सशक्तीकरण
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में समाज कार्य के शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम में सरकार की स्माइल योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। समाज कार्य विभाग के प्रो. अनिल चौधरी ने कहा कि स्माइल योजना ट्रांसजेंडर, भिक्षुकों के सशक्तीकरण की योजना है। इससे समुदाय के लोगों का पुनर्वास भी होगा।
अकादमिक सेल की ओर से कार्यक्रम में प्रो. शैला परवीन ने कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन से शारीरिक एवं मानसिक नुकसान के साथ ही आर्थिक और पारिवारिक समस्याएं होती हैं। डॉ. मूसा आजमी ने बच्चों, युवाओं के मानव अधिकारों पर अपनी बात रखी। संचालन भारती कुरील, धन्यवाद संयोजिका प्रो. निमिषा गुप्ता ने किया।
रेलवे ने सात नई ईटीवीएम लगाईं
महाकुंभ के दौरान काशी आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने सात नई ईटीवीएम लगाई हैं। दो होल्डिंग एरिया में 5000 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। अनाउंसिंग के लिए बड़े डिस्पले बोर्ड लगवाए हैं। कर्मचारी पोर्टेबल माइक, स्पीकर लेकर मुख्य परिसर/प्लेटफाॅर्म में घूम-घूमकर ट्रेन के बारे में सूचना दे रहे हैं। हर दिन औड़िहार, पटना, बलिया, अयोध्या, छपरा, प्रयाग तथा झूंसी के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
काशी विद्यापीठ में स्वयंसेवकों ने की श्रद्धालुओं की सेवा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने शनिवार को महाकुंभ से वापस आए श्रद्धालुओं की सेवा की। परिसर के साथ ही बाहर सड़क पर लोगों को रास्ता बताने के साथ ही जरूरत पड़ने पर चाय, बिस्किट, पानी भी वितरित किया।
एनएसएस समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम के निर्देशन में कार्यवाहक कुलसचिव दीप्ति मिश्रा ने स्वयंसेवकों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान प्रो. आनंद शंकर चौधरी, डॉ. दिलीप कुमार सिंह, डॉ. धनंजय शर्मा, डॉ. शशांक चंदेल, अमन चंद्र, रंजन दुबे मौजूद रहे।
लेंस प्रत्यारोपण से लौटी आंखों की रोशनी
शनिवार को मोतियाबिंद के वजह से देखने में असमर्थ लोगों का माइक्रोसर्जरी से लेंस प्रत्यारोपण सर्जरी किया है। इसमें 4 वृद्धों को ऑपरेशन करके उन्हें आंखों की रोशनी दी गई। बता दें कि आगे भी दृष्टिहीन वृद्धों का लेंस प्रत्यारोपण सर्जरी किया जाएगा।
तीर्थ के दौरान दक्षिण भारत में रहने वाले एक युवक भटक गए, जिसके बाद स्थानीय पुलिस उन्हें अपना घर आश्रम लेकर आ गई है। लेकिन तेलुगू भाषा होने के वजह से वो अपनी पहचान बताने में भी असमर्थ हैं। बातचीत में भाषा बाधा बनने के वजह से उनकी बात को भी समझने में कठिनाई हो रही है।
बीएचयू की वैज्ञानिक चुनीं गईं ग्लोबल साउथ कमेटी की सदस्य
बीएचयू में सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर्स की वैज्ञानिक डॉ. चंदना बसु को ग्लोबल साउथ कमेटी का सदस्य चुना गया है। डॉ. बसु अफ्रीका, एशिया, कैरिबियन और लैटिन अमेरिका के 10 उत्कृष्ट वैज्ञानिकों की ओर से संचालित समिति में शामिल हुई हैं। डॉ. बसु भारतीय उपमहाद्वीप का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ये प्रतिष्ठित विज्ञान पत्रिकाओं में से एक ई-लाइफ की ग्लोबल साउथ कमेटी है। समिति का उद्देश्य अच्छे शोधों को लोगों तक पहुंचाना है। डॉ. बसु ने बताया कि वह कमेटी में साउथ एशिया के महिला वैज्ञानिकों के लिए कार्य करेंगी। हर महाद्वीप से शोध प्रतिनिधित्व को जोड़ेंगी। इस उपलब्धि पर सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर्स के समन्वयक प्रो. अख्तर अली और प्रो. राजीव रमन समेत पूरे केंद्र के वैज्ञानिकों ने शुभकामनाएं दी हैं।
फायर ब्रिगेड के रिस्पॉन्स टाइम में कमी, पहुंचा 9.10 मिनट
फ्लाईओवर, रिंग रोड बनने से फायर ब्रिगेड का रिस्पांस टाइम लगातार कम हो रहा है। अच्छी कनेक्टिविटी की वजह से दमकल की गाड़ियों का रिस्पांस टाइम 9.10 मिनट पहुंच गया है। पहले रिस्पांस टाइम 11.10 मिनट था।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि वाराणसी में फ्लाईओवर और रिंग रोड बनने से आवागमन आसान हो गया है। सड़कें चौड़ी होने से कम समय में लोग अपने गंतव्य तक पहुंच जाते हैं। दमकल की गाड़ियों को भी आसानी हुई है। आग की सूचना मिलने पर एक मिनट के अंदर फायर बिग्रेड की गाड़िया मौके से रवाना हो जाती हैं। इधर, रिस्पॉन्स टाइम में लगातार कमी हो रही है। यह समय अब 9.10 मिनट पहुंच गया है। आगे और सुधार की गुंजाइश है।
बुनकर केंद्र चौकाघाट में बनेगा टेस्टिंग लैब
चौकाघाट स्थित बुनकर केंद्र में टेस्टिंग लैब बनाने की तैयारी है। पिछले महीने एमएसएमई कार्यालय में हुई बैठक में बुनकरों ने टैस्टिंग लैब बनाने की मांग की थी। 5 फरवरी को टीम बुनकर केंद्र में आकर जगह और मशीन के बारे में चर्चा करेगी। इसके बनने से बुनकरों को लाभ होगा।
असिस्टेंट डायरेक्टर एमएसएमई राजेश चौधरी ने बताया कि वाराणसी में बुनकरी के काम से काफी लोगों को रोजगार मिलता है। समय-समय पर बुनकरों को प्रशिक्षण के साथ उन्हें अन्य सुविधाएं दी जाती हैं। टेस्टिंग लैब बनने से बुनकरों को फायदा होगा। वह अपने उत्पाद का टेट आसानी से करा सकेंगे और उन्हें उचित कीमत मिल सकेगी।
विद्यापीठ में प्रो. रंजन फिर बने विधि विभाग के अध्यक्ष
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विधि विभाग में प्रो. रंजन कुमार को फिर अध्यक्ष बनाया गया है। इनका कार्यकाल तीन साल का होगा। उनका कार्यकाल 31 जनवरी को पूरा हुआ था। उप कुलसचिव हरीश चंद ने बताया कि विधि विभाग में अन्य प्रोफेसर/एसोसिएट प्रोफेसर न होने से कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने प्रो. रंजन को फिर नियुक्त किया है।