सेब लदा ट्रक पलटा, एक घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डंगहरिया गांव के पास नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह सेब लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में खलासी सागर घायल हो गया। प्रयागराज से वाराणसी की तरफ जा रहा ट्रक अचानक सामने से आए वाहन को बचाने में अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पर लदी सेब की पेटियां हाईवे पर बिखर गईं। चालक बाल-बाल बच गया।
ट्रक शिमला से कोलकाता जा रहा था। पुलिस ने घायल को एक निजी अस्पताल में भिजवा दिया। थोड़ी देर के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया। मिर्जामुराद बाजार में फ्लाईओवर क्षतिग्रस्त है, उसकी मरम्मत के लिए वनवे कर दिया गया है।
अवैध निर्माण करने के आरोप में पांच पर एफआईआर
वीडीए के अवर अभियंता आरके सिंह की तहरीर पर भेलूपुर में अवैध निर्माण करने के आरोप में पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। अवर अभियंता के अनुसार, दुर्गाकुंड मुड़ीकट्टा बाबा के पास मोहम्मद असलम, तसलीम, जियाउद्दीन व देवरिया बीर निवासी आमिर जहूर और अबु सुफियान पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि सभी बिना वीडीए की जानकारी के अवैध निर्माण करा रहे थे।
डीएवी पीजी कॉलेज में अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति पर चर्चा
डीएवी पीजी कॉलेज के समाजशास्त्र विभाग की ओर से ओरिएंटेशन कार्यक्रम में अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति और नुकसान पर चर्चा की गई। बतौर मुख्य वक्ता डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर मध्यप्रदेश में समाज विज्ञान संकाय प्रमुख प्रो. दिवाकर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में आभाषी दुनिया से अपराध बढ़ता जा रहा है। अपराध की प्रवृत्ति भी बदलती जा रही है। लोगों को सजग और सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रो. दिवाकर ने कहा कि स्थिति यह है कि अपराधी पुलिस से ज्यादा स्किल्ड और ट्रेंड हो चुके हैं। जिस तरह से सोशल मीडिया यूजर्स बढ़े हैं, उसी तरह साइबर क्राइम भी बढ़ता जा रहा है। प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने कहा कि समाज में कई तरह के अपराधी है। जो कि अलग- अलग तरीके से कब्जा कर लोगों का उत्पीड़न कर रहे हैं।
कार्यकारी प्राचार्य प्रो. सत्यगोपाल ने कहा कि कुछ अपराध मनोस्थिति प्रतिकूलता के कारण हो रहे है। संयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. मधु सिसोदिया ने किया। कार्यक्रम में डॉ. जियाउद्दीन, डॉ. हसन बानो, डॉ. नेहा चौधरी, डॉ. सूर्यप्रकाश पाठक, डॉ. ओम प्रकाश कुमार मौजूद रहे।
ईश्वर के करीब जाने का तरीका है मनुष्यों की सेवा
बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम ने कहा कि सुनने का महत्व तभी है जब हम उसका चिंतन-मनन करके उस पर चलने का प्रयत्न करें। प्रयत्न ही पुरुषार्थ है। यदि हम प्रयत्नशील होंगे तो पुरुषार्थ हममें आएगा। वह अघोरपीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम पड़ाव में अघोरेश्वर भगवान राम की 88वीं जयंती पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मनुष्य की सेवा से हम भगवान के निकट जा सकते हैं। इसके लिए हमें गुरु की आवश्यकता होती है। परमपूज्य अघोरेश्वर ने कहा था कि मैं शरीर में नहीं रहूंगा तो आप लोगों के और करीब रहूंगा। आत्मा की आवाज की अनदेखी करने वाले अनेक कष्ट भोगते हैं। गुरुपद संभव राम ने कहा कि अघोर का मार्ग सहज तो है लेकिन सुगम नहीं है। उसे सुगम बनाने के लिए हमें खुद में सकारात्मकता लानी होगी।
इस दौरान गाजीपुर स्थित भुड़कुड़ा पीजी काॅलेज के पूर्व प्रवक्ता डॉ. अशोक कुमार सिंह की परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु पर लिखे उपन्यास फकीर की लकीर का लोकार्पण किया गया। धन्यवाद ज्ञापन पारस नाथ यादव ने किया।
ईश्वर के करीब जाने का तरीका है मनुष्यों की सेवा
गुरुपद संभव राम ने कहा कि सुनने का महत्व तभी है जब हम उसका चिंतन-मनन करके उस पर चलने का प्रयत्न करें। प्रयत्न ही पुरुषार्थ है। यदि हम प्रयत्नशील होंगे तो हममें पुरुषार्थ आएगा। वह अघोरपीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम पड़ाव में अघोरेश्वर भगवान राम की 88वीं जयंती पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मनुष्य की सेवा से हम भगवान के निकट जा सकते हैं। इसके लिए हमें गुरु की आवश्यकता होती है।
संभव राम ने कहा कि अघोर का मार्ग सहज तो है लेकिन सुगम नहीं है। उसे सुगम बनाने के लिए हमें खुद में सकारात्मकता लानी होगी। इस दौरान गाजीपुर स्थित भुड़कुड़ा पीजी काॅलेज के पूर्व प्रवक्ता डॉ. अशोक कुमार सिंह के उपन्यास फकीर की लकीर का लोकार्पण किया गया। धन्यवाद ज्ञापन पारस नाथ यादव ने किया।
बीएचयू में एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम पर कार्यशाला शुक्रवार से
बीएचयू के शिक्षा संकाय में 13-14 सितंबर को एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम के क्रियान्वयन : चुनौतियों का समाधान विषयक दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला में कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया इस्लामिया केंद्रीय विश्वविद्यालय, इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय, केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिक्षक बतौर विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यशाला में विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षक भी शिरकत करेंगे।
फेरी पटरी वालों का काशी में 13 को राष्ट्रीय सम्मेलन
13 सितंबर को राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के राष्ट्रीय सम्मेलन में 21 राज्यों के पदाधिकारी शामिल होंगे। तैयारियों को लेकर बुधवार को कैंट स्थित होटल में बैठक हुई। राष्ट्रीय संरक्षक अजय सिंह बॉबी ने कहा कि फेरी पटरी वालों की समस्याओं पर चर्चा कर विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। संयोजक राहुल सिन्हा ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन पथ विक्रेता आजीविका संरक्षण अधिनियम 2014 को लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राष्ट्रीय सचिव अभिषेक निगम ने बताया कि वाराणसी में पहली बार सम्मेलन हो रहा है। जो आजीविका चलाने में निर्णायक साबित होगा। बैठक में राजेंद्र प्रसाद सिंह, हरिशंकर सिन्हा, गौरव प्रकाश, नूर मोहम्मद, प्रदीप कुमार, गणेश यादव शामिल रहे।
प्रौद्योगिकी प्रसार में केवीके की भूमिका अहम
बीएचयू के एकीकृत ग्रामीण विकास केंद्र में बुधवार को ‘कृषि विज्ञान केंद्र और किसान उत्पादक संगठन’ विषयक ग्राम चौपाल सत्र का आयोजन किया गया। इसमें डॉ. श्याम मोहन सिंह ने कृषि में प्रौद्योगिकी प्रसार, क्षमता निर्माण और उद्यमिता विकास में केवीके की भूमिका पर विचार रखा।
डॉ. आलोक कुमार पांडेय और डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को सशक्त बनाने, बाजार तक पहुंच बनाने में सुधार और उनकी आय में वृद्धि करने में एफपीओ का महत्व बताया। केवीके कल्लीपुर के वैज्ञानिक डॉ. राहुल कुमार सिंह और परियोजना अधिकारी डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित थे।
विमला सिंह होंगी बनारस की नई आरएसओ
विमला सिंह बनारस की नई क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी (आरएसओ) होंगी। वह इसी सप्ताह पदभार ग्रहण कर लेंगी। आरपी सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद खाली था। उनको प्रदेश सरकार से रानी लक्ष्मीबाई अवाॅर्ड मिल चुका है। इसके पहले प्रयागराज में आरएसओ पद पर तैनात थीं।
1983 में अपनी कॅरिअर की शुरुआत करने वाली विमला टेलिकॉम के बाद रेलवे में नियुक्त हुईं। 2002 में खेल विभाग में आ गईं और सीतापुर में आरएसओ रहते हुए 2017 तक लखनऊ केडी सिंह बाबू स्टेडियम में गर्ल्स हॉस्टल की कोच रहीं।
लक्ष्य पूरा न होने पर अधिकारियों की होगी जवाबदेही : सोमी सिंह
उपायुक्त एवं उप निबंधक सहकारिता वाराणसी मंडल सोमी सिंह ने बुधवार को कार्यालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में संतुलन पत्र, ऑडिट एवं स्पेशल ऑडिट, अल्पकालीन ऋण वितरण, केसीसी, विविधीकरण ऋण वितरण, मत्स्य पालन, पशु पालन की जानकारी ली। उन्होंने जौनपुर और वाराणसी के बीपैक्स कंप्यूटराइजेशन आरकेवीवाई खाते का फंड ट्रांसफर, उर्वरक खाते से पॉस मशीन के मिलान की खराब स्थिति पर उपायुक्त ने रोष प्रकट किया।
साथ ही गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली में बंद पड़े सहकारी संघ, क्रय विक्रय, केंद्रीय उपभोक्ता भंडार और डीसीएफ को सक्रिय करने, नए खाते खुलवाने का लक्ष्य भी दिया गया। उपायुक्त सोमी सिंह ने कहा कि अगली बैठक में जो भी कर्मचारी लक्ष्य के सापेक्ष पूर्ति नहीं करेगा, उसका वेतन अवरुद्ध किया जाएगा। बैठक में महेश कुमार, अंसल कुमार, प्रकाश उपाध्याय, नीरज आनंद, मुकेश कुमार उपस्थित रहे।
महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध विषयक संगोष्ठी कल
काशी विद्यापीठ की महिला यौन उत्पीड़न प्रतिषेध समिति की ओर से महिलाओं और छात्राओं के लिए ‘महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध’ विषयक संगोष्ठी 13 सितंबर को होगी। महिला यौन उत्पीड़न प्रतिषेध समिति की अध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह ने बताया कि संगोष्ठी सुबह 11:30 बजे से डॉ. भगवान दास केंद्रीय पुस्तकालय स्थित समिति कक्ष में होगी। अध्यक्षता कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी करेंगे। वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया बतौर मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में मिताली चंदौला रहेंगे।
बीपीएड चतुर्थ सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा 14 को
काशी विद्यापीठ के शारीरिक शिक्षा विभाग में संचालित बीपीएड चतुर्थ सेमेस्टर सत्र 2022-24 के छात्रों की एडवांस कोचिंग, लेसन प्लान एवं स्पोर्ट्स साइंस लैब टेस्टिंग की वाह्य प्रायोगिक परीक्षा 14 सितंबर को आयोजित की गई है। विभागाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार गौतम ने बताया कि परीक्षा सुबह 6:30 बजे से विभाग में होगी। कहा कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विषय के छूटे छात्र-छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षा भी उक्त तिथि पर विभाग में होगी।
एमए मनोविज्ञान चतुर्थ एवं द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 13 और 14 को
काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में एमए चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं की शोध परियोजना मौखिकी 13 सितंबर को होगी। एमए द्वितीय सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा 14 सितंबर को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. रश्मि सिंह ने बताया कि दोनों परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से विभाग में होंगी। छात्र शोध परियोजना की तीन कॉपी के साथ उपस्थित होंगे। वहीं, द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को प्रायोगिक कार्यपुस्तिका और प्रवेशपत्र के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
स्नातक द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की स्किल डेवलपमेंट परीक्षा 14 को
काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में स्नातक (बीए, बीकॉम एवं बीएससी) द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर सत्र 2023-24 के छात्र-छात्राओं की कौशल विकास की मुख्य परीक्षा 14 सितंबर को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. रश्मि सिंह के मुताबिक परीक्षा दोपहर 12 बजे से मनोविज्ञान विभाग में होगी।
शोध में प्रवेश के लिए साक्षात्कार 27 और 28 को
काशी विद्यापीठ के शिक्षाशास्त्र विभाग में शोध प्रवेश परीक्षा (2022-23) द्वितीय चरण के तहत शोध साक्षात्कार 27 और 28 सितंबर को होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम ने बताया कि 27 सितंबर को उन अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा, जिनके नाम का पहला अक्षर ‘ए’ अल्फाबेट से लेकर ‘के’ तक है। वहीं 28 सितंबर को ‘एल’ से लेकर ‘जेड’ तक के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। शोध साक्षात्कार शिक्षाशास्त्र विभाग में सुबह 10 बजे शुरू होगा।
तीज क्वीन बनीं नीतू, स्टाइलिस्ट क्वीन नेहा
डब्ल्यूएससी ऑसम क्लब और विमेंस स्पिरिट क्रिएशन सोसाइटी की ओर से भेलूपुर में तीजोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने गीत-संगीत के जरिये खूब मौजमस्ती की। अलग अलग प्रतियोगिताएं हुईं जिसमें सभी ने अपनी प्रतिभा का बखूबी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने शिव-गौरी की पूजा से की। बलून गेम में कंचन और आरोही विजेता रहीं। पंक्चुएलिटी गेम में सोनी और जानकी विजेता रहीं।
फैशन शो में स्टाइलिस्ट क्वीन का खिताब नेहा मारोलिया को मिला। वॉक क्वीन रूबी जायसवाल बनीं। बेस्ट ड्रेस क्वीन का खिताब पूजा जायसवाल और मोनी कपूर को मिला। तीज क्वीन नीतू सिंह बनीं। सोसाइटी की अध्यक्ष और क्लब की डायरेक्टर सोनी जायसवाल ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर आनंदी, रश्मि, अनीता, गीता, रीमा, सोनी, रेखा, चंदा, शशि आदि रहीं।
कैंसर मरीजों के लिए बीएचयू छात्राओं ने किया रक्तदान
बीएचयू महिला महाविद्यालय में वेल बीईंग इनिशिएटिव और राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से लगे रक्तदान शिविर में 24 छात्राओं ने कैंसर मरीजों के लिए रक्तदान किया। महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान और होमी भाभा कैंसर अस्पताल के सहयोग से लगे कैंप के लिए 214 ने पंजीकरण कराया था।
प्राचार्या प्रो. रीता सिंह और एसोसिएट डीन ऑफ स्टूडेंट्स प्रो. निशात अफरोज ने छात्राओं को जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। शिविर में डॉ. सरिता रानी, डॉ. अपाला, डॉ. सुपर्णा बासु, डॉ. शिल्पा वर्मा, डॉ. उत्तम गिरी, डॉ. वसुंधरा सिंह, आंचल सेठ, पलक मिश्रा आदि मौजूद रहीं।
13 सितंबर से खेली जाएंगी दस प्रतियोगिताएं
लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में 13 सितंबर से सात नवंबर तक दस खेलों में एक हजार खिलाड़ी खेलेंगे। टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, जिम्नास्टिक, खो-खो, वॉलीबॉल, टेनिस, हॉकी, एथलेटिक्स और बैडमिंटन में चयनित खिलाड़ी मंडलीय, प्रादेशिक और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगे।
एसएन पांडेय हैंडबॉल एकेडमी में खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के आयोजक सचिव अमित पांडेय ने बुधवार को केराकतपुर स्थित एक स्कूल में प्रेसवार्ता की। बताया कि हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया व उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ से मान्यता प्राप्त एसएन पांडेय हैंडबॉल एकेडमी का संचालन किया जाएगा। यह एक पंजीकृत ट्रस्ट (एसएन पांडेय खेल संस्थान) की तरफ से संचालित की जाएगी।
वाराणसी मंडल के इच्छुक बालक/बालिका खिलाड़ी अपना पंजीकरण कराकर निशुल्क प्रशिक्षण ले सकते हैं। एकेडमी में कुशल प्रशिक्षकों की ओर से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पंजीकृत खिलाड़ियों को भोजन, किट और जूते निशुल्क दिए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों और अभिभावकों को फर्जी खेल संगठनों के चक्कर में नहीं पड़ने की सलाह दी है। कहा कि फर्जी खेल संगठन प्रतियोगिताओं का आयोजन करवा कर खिलाड़ियों से वसूली करते हैं। इससे असली संघ की छवि धूमिल होती है।
नगर निगम कार्यालय में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
वाराणसी शहर की मूलभूत समस्याओं से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में प्रदर्शन किया। मांगों से जुड़ा ज्ञापन अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार राय को सौंपा। युवजन सभा के प्रदेश सचिव समन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता सिगरा पेट्रोल पंप से जुलूस की शक्ल में नगर निगम पहुंचे। हाथ में पोस्टर में लिखा था कि भाजपा विधायक लगा रहे झाड़ू, स्ट्रीट लाइट नहीं हो रही चालू और नगर निगम के अधिकारी मस्त, गली का चौका पत्थर ध्वस्त।
समन यादव ने कहा कि पूरे शहर की हालत बदतर है। गलियों में सीवर बह रहा है, सड़कों की मरम्मत नहीं हो रही और स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, लेकिन उनकी मरम्मत की कोई पहल नहीं की जा रही है। विधायक गली-गली में झाड़ू लगा रहे हैं, जबकि जिन्हें काम करना चाहिए, वे आराम कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद भैया लाल यादव, अभिषेक यादव, आयुष यादव, कलाम कुरैशी, प्रियांशु गुप्ता, अर्शे आजम, अजहर अली शामिल रहे।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में रोजगार मेला शुक्रवार को
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट में 13 सितंबर को सुबह 11 बजे से रोजगार मेला लगेगा। मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि मेले में इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, होटल मैनेजमेंट उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थी अपना पंजीयन rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर करवा लें। मेले में आठ कंपनियां भाग ले रही हैं।
सपा 17 सितंबर को मनाएगी विश्वकर्मा जयंती
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती पर पूजनोत्सव का आयोजन करेगी। सपा नेता विष्णु शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर को 11 बजे पार्टी कार्यालय अर्दली बाजार में भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना की जाएगी।
चावल कारोबारी से 17.62 लाख की धोखाधड़ी, 5 पर केस
चावल कारोबारी ने कर्मचारी समेत पांच के खिलाफ 17.62 लाख की धोखाधड़ी, गबन समेत अन्य मामलों में सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। चंद्रिका नगर कॉलोनी के गणेश जायसवाल का आरोप है कि कर्मचारी प्रदीप ने रामनगर में रहने वाले एजेंट संतोष अग्रवाल के जरिये बिहार की पार्टी से चावल, खुद्दी का ऑर्डर लिया था।
पांच अप्रैल को नौ लाख 52 हजार के माल की पहली खेप भागलपुर भेजी गई। दो दिन बाद सात अप्रैल को ट्रक से आठ लाख दस हजार रुपये का दूसरा माल भेजा गया। आरोप है कि प्रदीप ने धोखाधड़ी कर 17.62 लाख अपने बैंक खाते में जमा करा लिया। आरोप है कि पैसे लौटाने के बजाय प्रदीप और सहयोगी धमकी देने लगे।
रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, 4 पर केस
रेलवे ग्रुप डी में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में चार नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गौर निवासी राहुल सेठ और आर्यन सेठ का आरोप है कि जगदीश और प्रदीप सेठ ने 9 अगस्त को रेलवे में नौकरी दिलवाने के लिए 1 लाख 30 हजार रुपये मांगे थे, बाकी 5 लाख नियुक्ति पत्र देने के बाद देने को कहा था। 9 अगस्त को जगदीश सेठ के खाते में 1 लाख 30 हजार ट्रांसफर कर दिया।
14 अगस्त को जब नियुक्ति पत्र लेने पहुंचे तो जगदीश सेठ, गोपाल सेठ, प्रदीप सेठ, व प्रीतम सेठ व अन्य दो अज्ञात लोगों ने 5 लाख की और मांग की। नहीं देने पर मारपीट कर भगा दिया। प्रीतम ने उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि गौर गांव निवासी जगदीश सेठ, गोपाल सेठ, प्रदीप सेठ, व प्रीतम सेठ सहित अन्य दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ओटीपी पूछ खाते से 2.40 लाख उड़ाए
क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने के दौरान ओटीपी पूछकर युवती के खाते से दो लाख रुपये साइबर जालसाजों ने उड़ा दिए। थाना क्षेत्र के धमरिया पुल निवासी स्वाती केशरी के अनुसार, कॉल करने वाले ने कहा कि एचडीएफसी बैंक से बोल रहा हूं। क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने के लिए मोबाइल पर एक ओटीपी जाएगी, जैसे ही ओटीपी बताया खाते से आठ बार में 2.40 लाख रुपये कट गए। इसकी शिकायत थाने पर की है।
बिल्डर और उसके बेटों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
धोखाधड़ी के मामले में बिल्डर और दो बेटों के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सरायनंदन निवासी सुधीरन के. एस का आरोप है कि नगवा निवासी बिल्डर श्रीनाथ केसरी से फ्लैट लिया और पांच जानने वालों ने भी खरीदा। आरोप है कि बिल्डर ने पार्किंग, सीवर, पानी समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने का आश्वासन दिया था। फ्लैट लेने के बाद कोई सुविधा नहीं मिली। शिकायत एसीपी भेलूपुर से करने पर प्रभारी निरीक्षक ने छानबीन की थी। बिल्डर ने 40 दिन की मोहलत मांगी थी। लेकिन कुछ नहीं हुआ।
ज्ञानवापी मामले में 18 सितंबर को होगी सुनवाई
सिविल जज सीनियर डिवीजन (फास्ट ट्रैक कोर्ट) युगल शंभू की अदालत में ज्ञानवापी से जुड़े वर्ष 1991 के लार्ड विश्वेश्वर मूल वाद में सुनवाई हुई। वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने ज्ञानवापी में बचे हिस्से के एएसआई सर्वे की अर्जी के समर्थन में दलीलें दीं। सुनवाई की अगली तिथि 18 सितंबर को प्रतिवादी अंजुमन इंतजामिया अपना पक्ष रखेंगे।
वाद मित्र ने कहा कि एएसआई की अब तक जीपीआर सर्वे में केवल तीन लेयर की जांच हुई है, लेकिन जो हिस्सा मलबे से पाटा गया है, वहां तक सिग्नल नहीं मिल पाया है। इसका भी जिक्र रिपोर्ट में किया गया है। ऐसे में एएसआई द्वारा 100 फीट लंबे ज्योतिर्लिंग का सर्वे कराया जाए।
बिना क्षति के वर्तमान ढांचे के 100 फीट आगे या अगल-बगल 4 गुणे 4 मीटर का गड्ढा खोदकर अरघा के तल तक पहुंचा जाए। इसके बाद ही सच्चाई का पता चल सकेगा। वाद मित्र की बहस पूरी हो गई है। अर्जी में अंजुमन इंतेजामिया, सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड, प्रदेश सरकार व विश्वनाथ मंदिर प्रशासन को बनाया गया है।
नम हवाओं से धूप का असर कम,गर्मी से राहत, गिरा पारा
दो दिन से तेज हवाओं के चलने की वजह से दिन और रात में उमस से राहत मिली है। मंगलवार की तरह ही बुधवार को भी हवा में नमी के कारण दिन में धूप होने के बाद भी उसका असर कम देखने को मिला। इधर शाम को भी हवा चलती रही। मौसम में बदलाव की वजह से तापमान में कमी दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान जो मंगलवार को 35.2 डिग्री सेल्सियस था, वह बुधवार को कम होकर 33.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज पांडेय ने बताया कि इस सप्ताह नम हवाएं चलते रहने और बारिश के आसार हैं।
छावनी परिषद ने पीछे की अपनी बाउंड्री
वाराणसी के फुलवरिया फोरलेन की ओर जाने वाले मार्ग पर छावनी परिषद ने अपनी बाउंड्री बुधवार को पीछे कर ली। बुल्डोजर के जरिये पुरानी बाउंड्री को तोड़ा गया। उसके पीछे नई बाउंड्री बनकर तैयार है। छावनी परिषद के अधिकारियों ने बताया कि पहले से बाउंड्री पीछे किए जाने की तैयारी कर ली गई थी। पीछे नई बाउंड्री बनकर तैयार हुई तो आगे की बाउंड्री ढहा दी गई। इस बीच पुलिस और कर्मियों की मौजूदगी रही।
कॉलोनी के रास्ते पर पार्किंग का आरोप, शिकायत
लोहता थाना क्षेत्र के चुरामनपुर में भाजपा नेता पर कॉलोनी के रास्ते पर गाड़ियों की पार्किंग और जमीन कब्जाने का आरोप है। लोगों ने अराजकता की शिकायत लोहता थाने में की है। कॉलोनी की मिली मोइत्रा ने बताया कि एक मकान में रहने वाले खुद को भाजपा नेता बताते हैं। गाड़ियों पर विधायक का पास भी है। घर के सामने रास्ता कम चौड़ा होने के कारण दो फीट छोड़कर बाउंड्री बनाई।
उसी जमीन और रास्ते पर भाजपा नेता अपनी दो से तीन गाड़ियों को खड़ा कर रास्ता जाम कर देते हैं। आवाजाही में परेशानी होती है। मना करने पर सत्ता पक्ष के मंत्री का करीबी बताते हुए रौब झाड़ते हैं। दो फीट छूटे जमीन पर रेलिंग लगाने का प्रयास किया तो भाजपा नेता और समर्थक मारपीट पर उतारू हो गए। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि जांच कराई जा रही है।
बड़ागांव में निजी अस्पताल की जांच में मिली अनियमितता
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बड़ागांव-बसनी मार्ग पर खुटहना गांव के पास चल रहे निजी अस्पताल के फर्जी तरीके से संचालित करने की शिकायत की जांच करने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। जांच में टीम को कई तरह की अनियमितता मिली, जिस पर रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी जाएगी। अब इस मामले में कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
बसनी मार्ग पर अस्पताल चलने की शिकायत किसी ने मुख्यमंत्री के शिकायत पोर्टल पर करते हुए जांच की मांग की थी। मामले में सीएमओ ने जांच टीम गठित करते हुए जांच करवाई तो कई तरह की कमियां मिलीं।
एडिशनल सीएमओ डॉ. एके मौर्य, पीएचसी बड़ागांव के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शेर मुहम्मद, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी दिवाकर मौर्य जांच करने पहुंचे। उन्होंने पाया कि जिस डॉक्टर का नाम था, वो बिना रजिस्ट्रेशन के ही अस्पताल चला रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सक न होने के बाद भी ऑपरेशन थियेटर और चाइल्ड युनिट स्थापित किया गया है। जांच टीम ने अपनी जांच आख्या सीएमओ को भेज दी है।
नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
युवती को नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को मंडुवाडीह पुलिस ने बुधवार को भुल्लनपुर स्टेशन से गिरफ्तार किया। आरोपी को जेल भेज दिया गया। चितईपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर सोनभद्र के महोखर के रहने वाले महेश विश्वकर्मा पर नौकरी दिलाने, दुष्कर्म, अश्लील वीडियो वायरल करने समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया था।
संदिग्ध हाल में अधेड़ की मौत
चौबेपुर क्षेत्र के हरिहरपुर गांव के बनवासी बस्ती में मंगलवार देर रात एक शख्स की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोस के ही युवक पर भूत प्रेत में हत्या की आशंका जताई और तहरीर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि तुलसी बनवासी (45) की मौत हुई है। वह सांस फूलने की बीमारी से ग्रसित था। फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की है।
मारपीट में मां और बेटा घायल, केस दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर में गैस एजेंसी संचालक के साथ जमीन विवाद को लेकर बुधवार को मारपीट में मां व बेटे घायल हो गए। पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दानगंज पहाड़पुर के रहने वाले गैस एजेंसी संचालक करिया सिंह और सुरेंद्र सिंह के बीच जमीन को लेकर रंजिश है। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और चाकूबाजी हो गई। करिया सिंह की पत्नी बेबी सिंह, पुत्र विनय सिंह घायल हो गए। विनय की तहरीर पर राहुल सिंह, रोहित सिंह व सुरेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
स्टेयरिंग फेल होने से रोडवेज बस गुमटी से टकराईं, हादसा टला
चौबेपुर के डुबकियां पेट्रोल पंप के पास बुधवार शाम रोडवेज बस का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। सड़क किनारे गोमती में बस टकरा गई। ढाबे का काउंटर और कुछ साइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। ढाबा मालिक पवन सिंह ने बताया कि 30 हजार का नुकसान हुआ है। गाजीपुर के रोडवेज चालक हसनैन ने बताया कि 50 यात्रियों को लेकर वाराणसी से गाजीपुर जा रहे थे, अचानक स्टेयरिंग फेल हो गई। किसी भी सवारी को चोट नहीं आई है।
अधिवक्ताओं की हुई बैठक, न्यायिक कार्यों से विरत रहने का एलान
प्रोटेक्शन एक्ट समेत अन्य मांगों को लेकर पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के अधिवक्ताओं की बुधवार को बनारस बार के सभागार में बैठक हुई। पांच घंटे तक सभी बार के अध्यक्षों, मंत्रियों ने 17 और 25 सितंबर को अपने कार्यों से विरत रखने का निर्णय लिया। अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट, न्यायालयों में निर्धारित संख्या में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों की नियुक्ति, न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए पक्के निर्माण, अधिवक्ताओं के मेडिक्लेम की मांग कर रहे हैं।
157 ई रिक्शा वाहन स्वामी ने लगवाया कलर व बार कोड स्टीकर
काशी जोन में चलने वाले ई-रिक्शा के लिए रूट निर्धारण किया गया है। ई-रिक्शा मैनेजमेंट प्लान के तहत वाहनों के रजिस्ट्रेशन के पते के अनुसार यातायात लाइन कमिश्नरेट वाराणसी में कुल 157 ई-रिक्शा ने पंजीकरण करा लिया है। साथ ही ई रिक्शा पर कलर कोड व बार कोड स्टीकर भी लगवाया है।
ई-रिक्शा वाहनों पर बार कोड कलर युक्त स्टीकर लगाए जाने के लिए काशी जोन के वाहन चालकों / स्वामियों को अपने साथ रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, आधार कार्ड प्रपत्र लाना अनिवार्य है। यह बार कोड कलर युक्त स्टीकर वाहन चालकों को निशुल्क वितरण किया जा रहा है।
काशी जोन में कोतवाली, जैतपुरा और आदमपुर में रहने वाले टोटो चालकों को लाल, चेजगंज, सिगरा, लक्सा, दशाश्वमेध और चौक में रहने वाले टोटो चालकों को पीला, भेलूपुर में रहने वाले चालकों / स्वामियों को हरा तथा लंका और चितईपुर में रहने वाले चालकों / स्वामियों को नीला कलर व क्यूआर कोड स्टीकर वितरित किया जा रहा है।
विशाल सिंह अध्यक्ष, बबिता बनीं कोषाध्यक्ष
उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन वाणिज्य कर विभाग की जिला शाखा के द्विवार्षिक चुनाव में विशाल कुमार सिंह जिलाध्यक्ष चुने गए। अभिषेक श्रीवास्तव को संगठन मंत्री, बबिता देवी को कोषाध्यक्ष, महताब आलम को सांस्कृतिक मंत्री, रविश झा को कोऑर्डिनेटर चुना गया। नई टीम में आशीष त्रिपाठी, जगत नारायण उपाध्यक्ष, शुभम सिंह जिला मंत्री, अरविंद गुप्ता का संयुक्त मंत्री पद पर चुनाव हुआ। जिलाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार दूबे को जिला संरक्षक बनाने की घोषणा की।
दूसरे की जगह परीक्षा देने वाले आरोपी की अग्रिम जमानत खारिज
दूसरे की जगह शिक्षक पात्रता की परीक्षा देने के आरोपी पिंटो विश्वकर्मा की अग्रिम जमानत अर्जी विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम शैलेंद्र सिंह की कोर्ट ने खारिज कर दी। अभियोजन के अनुसार, सात जुलाई 2024 को वादिनी अंजना दीक्षित ने चेतगंज थाने में प्रार्थना पत्र दिया कि गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र निवासी पिंटू विश्वकर्मा दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। उसके आधार मिलान से यह तथ्य सामने आया था।
जमीन धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज करने का आदेश
जमीन बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी व कूटरचना कर रुपये हड़पने के मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) पवन कुमार सिंह की अदालत ने लंका थाना प्रभारी केस दर्ज करने का आदेश दिया है। बीएचयू के सेवानिवृत्त कर्मी छित्तूपुर निवासी नाथू गौंड़ का आरोप है कि रेवतीपुर, गाजीपुर व वर्तमान में सुसुवाही निवासी विनोद राय ने रामनगर भीटी में जमीन दिखाई।
33 लाख रुपये की जमीन का सौदा तय होने पर लगभग 21.50 लाख रुपये दे दिए। शेष बैनामे के समय देने को कहा, लेकिन कई बार कहने के बाद भी विनोद राय ने बैनामा नहीं किया और पैसा भी नहीं लौटाए। बाद में मालूम चला कि वह जमीन किसी और के नाम है और जो खतौनी उसे दी गई थी, वह धोखाधड़ी व कूटरचना कर तैयार की गई थी। अपना पैरा मांगा तो धमकी देने लगा।
तीन उर्वरक केंद्रों के प्रमाणपत्र निलंबित, 7 को नोटिस
जिला प्रशासन की टीम ने बुधवार को जिले की समितियों, उर्वरक बिक्री केंद्रों और गोदामों में छापा मारा। उन्होंने 47 केंद्रों की जांच की। इसके बाद 15 उर्वरकों के नमूने लिये। तीन केंद्र बंद मिलने पर प्रमाणपत्रों को निलंबित कर दिया। जबकि सात केंद्रों के अभिलेख अधूरे मिलने पर नोटिस दिया। सभी केंद्रों को कालाबाजारी न करने और उर्वरकों की गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत दी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन टीमों ने जांच की। केंद्रों से गुणवत्ता परीक्षण के लिए 15 उर्वरक के नमूने लिए। रामेश्वर, मंगारी, जाल्हुपुर, टेकरिया, असवारी, चित्तापुर, भोपापुर के उर्वरक बिक्री केंद्रों की जांच में गड़बड़ी मिली। टीम में जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार, जिला कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा, आरपी सिंह, निरूपमा सिंह, प्रेम प्रकाश सिंह, रोहित कुमार सिंह शामिल रहे।
15 को सिर्फ देवघर-वाराणसी को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम
वंदे भारत ट्रेनों के शुभारंभ की तिथि में बदलाव हुआ है। 15 सितंबर को सिर्फ देवघर-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। आगरा-बनारस वंदेभारत और 20 कोच की वाराणसी-नई दिल्ली वंदेभारत को 16 सितंबर को हरी झंडी दिखाएंगे। पहले यह कार्यक्रम 15 सितंबर को था।
बुधवार की शाम रेलवे बोर्ड का मैसेज आते ही अधिकारियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी। उत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक 15 सितंबर को टाटानगर से अन्य वंदेभारत ट्रेनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवघर-वाराणसी वंदेभारत एक्सप्रेस को रवाना करेंगे। वहीं, आगरा-बनारस और 20 कोच की वाराणसी-नई दिल्ली वंदेभारत की तिथि एक दिन आगे बढ़ा दी गई है।
बंगाली टोला इंटर कॉलेज में दो दिवसीय कार्यशाला शुरू
संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली के तत्वावधान में बुधवार को बंगाली टोला इंटर कॉलेज में कला धरोहर शृंखला के अंतर्गत मीराबाई के जन्म जयंती समारोह के तहत मीराबाई के भजनों की दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई।
इस मौके पर संगीत नाटक अकादमी के अधिकारी जयंत चौधरी, प्रशिक्षक के रूप में उप शास्त्रीय गायक पं. गणेश प्रसाद मिश्र, बीएचयू संगीत मंच कला संकाय के वरिष्ठ तबला वादक और प्रशिक्षक पं. कुबेरनाथ मिश्र, वायलिन वादक पं. अनीश मिश्रा और राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त संगीत शिक्षक डॉ. जितेंद्र मिश्रा, ध्रुपद गायक पं. आशुतोष भट्टाचार्य आशु बाबू एवं विद्यालय के संगीत छात्र मौजूद रहे। संचालन कॉलेज के वाणिज्य प्रवक्ता दिनेश कुमार तिवारी ने किया।
सम्मान पाकर गदगद हुए हमराही
चांदपुर औद्योगिक आस्थान स्थित अमर उजाला कार्यालय में बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह में हमराही साथियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर हमराही साथी गदगद नजर आए। सम्मान समारोह में जिले के विभिन्न केंद्रों के हमराही शामिल हुए। अमर उजाला की प्रगति में सजगता से शामिल हमराही साथियों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान पाकर हमराही खुश नजर आए। सभी ने कार्यक्रम की सराहना की और एक स्वर में कहा कि अमर उजाला ने उन्हें जो सम्मान दिया है, वह काबिले तारीफ है। सभी ने इसके लिए अमर उजाला को धन्यवाद दिया। सम्मानित होने वाले हमराहियों में गौतम कुमार, संदीप मौर्या, मनोज कुमार, केशव शुक्ला, राजेश मिश्रा, डबलू दीक्षित, भोला वर्मा, सुनील जायसवाल, बबलू मौर्या, अनुज यादव, विष्णु यादव, रविशंकर, मिथलेश पटेल आदि शामिल रहे।
बंद मकान को चोरों ने खंगाला
चोरों ने यशोदा नगर कॉलोनी में बंद मकान से आभूषण, पीतल के बर्तन और कीमती साड़ियों के साथ नकदी चोरी कर ली। पड़ोसी की सूचना पर मकान मालिक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। विराट नगर पांडेयपुर निवासी अमृत लाल ने बताया कि कॉलोनी में मकान बनवा रखा है। वहां भी आते जाते रहते हैं। पड़ोसी उमेश गुप्ता ने बुधवार सुबह सूचना दी कि मेन गेट का तला टूटा हुआ है। बेटे इशु और पत्नी फूलपत्ती देवी के साथ मकान पर पहुंचा तो तीन कमरों के ताले और लॉक टूटे पड़े थे। पत्नी फूलपत्ती देवी ने बताया कि बहू का आभूषण, साड़ियां, 50 हजार की नकदी चोरी हुई है।
सब्जी मंडी के सामने नेशनल हाईवे पर कार ने ऑटो को मारी टक्कर
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव के पास सब्जी मंडी के सामने हाईवे पर कार ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। इसमें चित्रसेनपुर गांव निवासी भाई राम पटेल (55) घायल हो गए। उन्हें बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों के विरोध देख पुलिस ने सब्जी मंडी के सामने नेशनल हाईवे से अतिक्रमण हटवाया। जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र पटेल ने बताया कि मंडी के सामने अवैध स्टैंड हटाने के लिए एसीपी राजातालाब से मुलाकात कर पत्र दे चुका हूं, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रूस-यूक्रेन के बीच शांति के लिए बीएचयू के प्रोफेसर ने किया यज्ञ
आईएमएस बीएचयू के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार ने बुधवार को रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच शांति के लिए काशी के अस्सी घाट पर यज्ञ किया। उन्होंने वेदपाठी बटुकों के साथ यज्ञ की अग्नि में आहुति डालकर दोनों देशों के बीच शांति की कामना की। विष मुक्त काशी के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में गजेंद्र मोक्ष और विष्णु सहस्रनाम का जाप भी किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि संगठन अकाल मृत्यु रोकने और मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य पर काम करता है। इस मौके पर राजगुरु मठ शिवाला घाट, अस्सी एवं ब्रह्ववेद विद्यालय, राम जानकी मठ आदि के बटुक मौजूद रहे।
14 वर्षीय किशोर समेत तीन डेंगू संक्रमित मिले
जिले में डेंगू का संक्रमण कम होता नहीं दिख रहा है। बुधवार को सुंदरपुर में 14 वर्षीय किशोर समेत तीन लोग डेंगू संक्रमित हुए हैं। इसके साथ ही कुल मरीजों का आंकड़ा 35 तक पहुंच गया है। जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि बुधवार को जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं, उसमें हुकुलगंज में 40 वर्षीय युवक, बसही में 56 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। कुल 479 घरों पर टीम ने सर्वे किया। इसमें तीन जगहों पर डेंगू का लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किया गया। जिन लोगों के घर लार्वा मिला है, उनको घर के आसपास साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते रहने को कहा गया है।
बिजली संविदा कर्मी 19 को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर करेंगे धरना-प्रदर्शन
बिजली निगम की ओर से संविदा कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान न करने से परेशान कर्मचारियों ने 19 सितंबर को विरोध करने का फैसला लिया है। विद्युत मजदूर संगठन एवं विद्युत संविदा मजदूर संगठन के पूर्वांचल महामंत्री वेदप्रकाश राय ने बताया कि निगम की ओर से संविदा कमियों को संबंधित उपकेंद्र से ज्यादा दूरी पर स्थानांतरण, बिना किसी नोटिस के हटा दिया जा रहा है।
इसके साथ ही बिजली चोरी चेकिंग रोकने के लिए संविदा कर्मियों को भेजे जाने के साथ ही उनसे राजस्व वसूली सहित अन्य काम करवाए जा रहे हैं। इन सबके बाद भी कर्मियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। इसको लेकर 19 सितंबर को प्रदेश सतर पर सभी अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान पदाधिकारियों की ओर से अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन भी दिया जाएगा। वेदप्रकाश राय ने बताया कि अगर समय रहते अधिकारियों की ओर से मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होगी तो संघ की बैठक कर आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।
मतदेय स्थल का आलेख प्रकाशन पर 17 तक मांगी आपत्तियां
जिला प्रशासन ने बुधवार को समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों को बांटने के बाद मतदेय स्थलों की सूची का आलेख प्रकाशन कर दिया है। इस पर लोगों से आपत्ति और सुझाव 17 सितंबर तक मांगे गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी एस राजलिंगम के अनुसार लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मतदेय स्थलों की सूची तैयार कर ली गई।
इसका प्रकाशन करने के साथ जनता से अपील की है कि यदि मतदेय स्थलों के संशोधन के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव हो, तो 17 सितंबर तक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय में दर्ज कराएं।
संजय क्षेत्रीय अध्यक्ष और राजेश बने मंत्री
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी कल्याण संघ की क्षेत्रीय कार्यसमिति का गठन बुधवार को हुआ। कैंट के क्षेत्रीय कार्यशाला सभागार में संजय कुमार को क्षेत्रीय अध्यक्ष, राजेश कुमार सिंह को मंत्री, रमाकांत उपाध्याय व रेवती शर्मा को उपाध्यक्ष, संतोष सिंह को संगठन मंत्री, अश्वनी कुमार को संगठन मंत्री चुना गया। चुनाव अधिकारी आरटी भट्ट रहे। प्रदेश अध्यक्ष डीके त्रिपाठी, दिनेश कुमार उपाध्याय, कौशल मुनि मिश्रा, ममता दुबे, राजेश कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं।
पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर रेल कर्मियों को किया जागरूक
यूपीएस के विरोध में पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ ने बुधवार को लहरतारा के डीआरएम कार्यालय में जनसंपर्क किया। पुरानी पेंशन बहाली के लिए सभी कर्मचारियों से एकजुटता की अपील की गई। मंडल मंत्री हरि नारायण शर्मा, विकास केशरी, रंजीत पांडेय, डीके शर्मा, यशवंत यादव, आशुतोष दुबे रहे।
ट्रेन मैनेजरों के बॉक्स को हटाने पर विरोध प्रदर्शन
ऑल इंडिया गार्ड्स काउंसिल के आह्वान पर ट्रेन मैनेजरों के लाइन बॉक्स को हटाने के निर्णय के विरोध में वाराणसी लॉबी के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया। एआईजीसी के शाखा सचिव सुजीत पटेल के नेतृत्व में मांगों से संबंधित पत्रक एडीआरएम को सौंपा। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन वाराणसी के शाखा सचिव विंध्यवासिनी यादव, एआईजीसी के संगठन मंत्री सचिन कुमार, जयदीप कुशवाहा, सुमन सौरभ आदि रहे।
रेल मदद के जरिये महिला यात्री के बच्चे को मिला दूध
19166 दरभंगा-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस के बी-3 कोच में सफर के दौरान महिला यात्री के बच्चे को रेल मदद के जरिये दूध उपलब्ध कराया गया। बुधवार को ट्रेन के मऊ पहुंचने पर वाराणसी मंडल के कॉमर्शियल कंट्रोल प्रशांत कुमार गुप्ता ने रेल यात्री की गुहार पर टीसी रामप्रभाव यादव को भेजकर व्यवस्था कराई। बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने इस साल अब तक 7872 यात्रियों की रेल मदद के माध्यम से सहायता की है।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के लिए सभी अवकाश निरस्त
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में होने वाले 42वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के लिए सभी अवकाश निरस्त किए गए हैं। 26 सितंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए 15 सितंबर से 25 सितंबर के बीच किसी भी प्रकार का अवकाश नहीं दिया जाएगा। 16,17,18 एवं 25 सितंबर को पूर्व घोषित अवकाशों को निरस्त कर दिया गया है। निरस्त अवकाश के बदले में बाद में प्रतिकर अवकाश देय होगा। यह जानकारी कुलसचिव राकेश कुमार ने दी।
दीक्षांत से पहले कराएं शोधार्थियों मौखिक परीक्षाएं
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 26 सितंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह से पहले शोधार्थियों की मौखिक परीक्षा कराने का निर्देश जारी हुआ है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने कहा कि दीक्षांत समारोह को देखते हुए शोधार्थियों की मौखिक परीक्षा 20 सितंबर तक कराने का निर्देश दिया गया है। 21 सितंबर से 26 सितंबर के दौरान विद्यावारिधि की मौखिक परीक्षा कराने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
भाषण प्रतियोगिता में दिव्यांशु सांकृत्य अव्वल
स्वामी विवेकानंद की शिकागो वक्तृता दिवस के उपलक्ष्य पर रामकृष्ण अद्वैत आश्रम में हिंदी भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सेंट्रल हिन्दू स्कूल के दिव्यांशु सांकृत्य को प्रथम, प्रशांत कुमार को द्वितीय व राजर्षि मिश्र को तृतीय विजेता के रुप में घोषित किया गया। कार्यक्रम का आरंभ स्वामी धरणीधरानंद ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया।
आश्रम अध्यक्ष स्वामी विश्वात्मानंद ने विषय प्रवेश व आगत अतिथियों का स्वागत किया। तत्पश्चात स्वामी विवेकानन्द जी के भारतीय व्याख्यान और हिन्दू धर्म विषय पर भाषण प्रतियोगिता शुरू हुई। निर्णायक मंडली में आहार विशेषज्ञ सत्यप्रकाश सिंह, आईआईटी बीएचयू के प्रो. पी. किशोर सरावेडकर व बेलूड़ मठ स्थित वेद विद्यालय के संस्थापक आचार्य स्वामी अलोकानंद थे। धन्यवाद ज्ञापन स्वामी देवाधिपानंद ने किया। इस अवसर पर छात्रों के मध्य विवेकानंद साहित्य का वितरण किया गया।
अग्रवाल महासभा के सदस्यों ने किया श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में दर्शन
अग्रवाल महासभा चैरिटेबल ट्रस्ट के 30 सदस्यीय दल ने श्री लक्ष्मी नारायणी मंदिर में दर्शन पूजन किया। ट्रस्ट के संरक्षक एवं श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में दक्षिण भारत की धार्मिक यात्रा में पहले दिन तमिलनाडु वेल्लोर स्थित श्री लक्ष्मी नारायणी मंदिर में दर्शन पूजन कर श्री महालक्ष्मी का आशीर्वाद लिया। धार्मिक यात्रा में रंजना अग्रवाल, महामंत्री आमोद अग्रवाल, स्वयंप्रभा अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सलिल अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल शामिल हैं।
डीआईओएस कार्यालय पर कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेतर संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन दिया। पदाधिकारी ने कहा कि सरकार शिक्षणेतर कर्मचारियों की समस्या पर नकारात्मक रवैया अपना रही है। विरोध में संगठन को धरने का निर्णय लेना पड़ा। कर्मचारियों ने मांग पत्र में पेंशन बहाल करने के साथ पदोन्नति, अवकाश, नकदीकरण, राज्य कर्मचारी के समान समस्त सुविधाओं की मांग की। धरने में प्रवीण त्रिपाठी, चंद्र मोहन उपाध्याय, मनीष राय, सर्वेश शुक्ला, शिव पटेल, संजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
सिंगरौली और शक्तिनगर इंटरसिटी रहेगी रद्द
नारायणपुर बाजार और जिवनाथपुर स्टेशन पर प्रस्तावित यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इसके तहत कैंट स्टेशन से चलने वाली सिंगरौली और शक्तिनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस के फेरो में अस्थायी रूप से कटौती की जा रही है। ट्रेन संख्या-13343 वाराणसी- शक्तिनगर इंटरसिटी 15 से 20 नवंबर तक बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को नहीं चलेगी। इधर, ट्रेन संख्या-13345 वाराणसी-सिंगरौली इंटरसिटी सोमवार, मंगलवार, बुधवार और रविवार को रद्द रहेगी।
आईआरसीटीसी वाराणसी के डीजीएम बने दर्शन कुमार
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने दर्शन कुमार को वाराणसी कैंट में डिप्टी जनरल मैनेजर बनाया है। मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि वाराणसी के महत्व और कॉरपोरेशन के कार्यों को और बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए यह तैनाती की गई है।