इनकी भी सुनें
सिगरा स्टेडियम का नाम आज भी डॉ. संपूर्णानंद के नाम पर ही है। स्टेडियम परिसर के एक भवन का नाम वाराणसी कॉम्प्लेक्स किया गया है। - कौशल राज शर्मा, कमिश्नर
स्टांप, अदालत शुल्क और पंजीकरण विभाग वाले मंत्री जी जनता से कितना और झूठ बोलेंगे। शिलान्यास, लोकार्पण के निमंत्रण पत्र में वाराणसी के गौरव संपूर्णानंद जी के नाम का जिक्र तक नहीं है। कार्यक्रम स्थल में वाराणसी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स लिखा है। काशी के लोगों से और कितना झूठ बोला जाएगा। - अजय राय, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
सिगरा स्टेडियम को लेकर जिला मुख्यालय पर जुटे कांग्रेस के नेता।
- फोटो : अमर उजाला
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा था- नाम बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं मिला
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने सोमवार को बयान जारी किया था। उन्होंने कहा था कि डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम का नाम नहीं बदला है। स्टेडियम परिसर के अंदर बनाए गए एक भवन का नाम वाराणसी स्पोटर्स कॉम्प्लेक्स रखा गया है। किसी भी बड़े संस्थान का नाम बदलने की एक प्रक्रिया होती है। नाम बदलने का कोई भी प्रस्ताव न ही भारत सरकार के पास है और न ही खेल मंत्रालय के पास।
स्मार्ट सिटी भी मांगा गया जवाब
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कार्यालय से स्मार्ट सिटी को पत्र लिखकर जवाब मांगा गया है। लिखा गया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों में स्टेडियम का नाम बदलकर वाराणसी स्पोटर्स कॉम्प्लेक्स कर देने के संबंध में जवाब दें।
कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा
सिगरा स्टेडियम का नाम डॉ. संपूर्णानंद पर फिर से रखने के लिए कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही राज्यपाल के नाम पत्रक एडीएम सिटी को सौंपा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मुख्य द्वार पर डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम लिखा जाए, तभी आंदोलन खत्म होगा। कांग्रेस नेता अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बनारस के गौरव हैं। उनका नाम हटाना गलत है। इस दौरान विनोद सिंह, प्रमोद वर्मा, अरविंद और पीयूष उपस्थित रहे।