Varanasi News: वाराणसी में देशी शराब ठेका खुलने से नाराज महिलाओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय पहुंचने से पहले पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
वाराणसी जिले के दुर्गाकुंड क्षेत्र के घसियारी टोला में देशी शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में स्थानीय महिलाएं प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय जाने के लिए निकल गईं। लेकिन पुलिस ने सभी को गुरुधाम चौराहे पर ही रोक दिया। महिलाओं ने प्रदर्शन किया। कहा कि दुकानों को जल्द बंद किया जाए, इससे हमारा परिवार बर्बाद हो रहा है।
विज्ञापन
महिलाएं ठेका खोले जाने के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं। उनका कहना है कि इस इलाके में धार्मिक स्थल सहित बच्चों का आवागमन होता है। ऐसे में शराब ठेके का खुलना सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भेलुपुर एसीपी गौरव कुमार, भेलुपुर थानाध्यक्ष, चितईपुर थानाध्यक्ष सहित फोंर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने महिलाओं को समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। महिलाओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि वे इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें और ठेका खोलने की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का आदेश दें। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांग नहीं मानी तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का एक प्रतिनिधि मंडल पीएमओ कार्यालय पहुंच कर दक्षिणी विधायक नीलकंठ तिवारी के सामने अपनी समस्याओं को रखा। जिसके बाद विधायक नीलकंठ तिवारी ने जिलाधिकारी से बात कर जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।