उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस ने रविवार की रात परसथ गांव में दबिश देकर लग्जरी कार से एक क्विंटल गांजा बरामद किया। कार में रखा गांजा गांव के एक मकान में रखा जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
विज्ञापन
क्षेत्राधिकारी अवधेश शुक्ला और कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने मुखबिर की सूचना पर भारी फोर्स के साथ परसथ गांव की घेराबंदी की। बताए हुए स्थान पर दबिश दी तो वहां खड़ी होंडा सिटी कार से भारी मात्रा में गांजे के पैकेट उतार कर एक घर में रखे जा रहे थे। पुलिस ने कार से 24 पैकेट लगभग 1 क्विंटल गांजा बरामद किया।
मौके से आलोक तिवारी उर्फ भोले पुत्र स्व. राकेश तिवारी ग्राम परसथ कोतवाली मड़ियाहूं व सतीश मिश्र पुत्र उपेंद्र कुमार निवासी ग्राम सरवरपुर थाना चौरी (भदोही) को गिरफ्तार किया। उनका एनडीपीएस एक्ट में चालान कर दिया गया।
गिरफ्तारी टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक सुरेंद्र दुबे, सिपाही सरवेश विक्रम यादव, अनिल सिंह, प्रवीण मिश्रा, सत्यम कुमार, आलोक सिंह, महिला सिपाही सोनम कुमारी शामिल रहे।