चीनी मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस अब सख्त हो गई है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चेतगंज एसीपी नितेश कुमार सिंह ने बेनिया, जैतपुरा, औरंगाबाद इलाकों में दुकानों पर छापा मारा और जांच अभियान चलाया। इस दौरान पतंग की दुकानों पर चेकिंग करते हुए एसीपी चेतगंज नितेश कुमार सिंह ने दुकानदारों को चेताया कि यदि प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री करते हुए कोई मिला तो सीधे जेल की हवा खानी पड़ेगी।
चेतगंज एसीपी नितेश कुमार सिंह ने बताया कि जानलेवा मांझे की दुकानों की जांच पड़ताल की गई। इस दौरान किसी भी दुकान से चीनी मांझा बरामद नहीं हुआ। हालांकि दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई है। यह अभियान निरंतर अब चलता रहेगा। सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को निगरानी के लिए लगाया गया है। पांच जून को चौकाघाट फ्लाईओवर पर औराई निवासी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव आकाश शुक्ला की चीनी मांझे से हुई मौत के बाद से पुलिस ने चीनी मांझे के खिलाफ अभियान शुरू किया था।