सामाजिक सरोकारों को सदैव अपनी प्राथमिकता समझने वाले दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला की ओर से रविवार को वाराणसी के दारानगर स्थित स्वर्णकार समाज धर्मशाला में पुलिस-पब्लिक संवाद का आयोजन किया गया। संवाद को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी चेतगंज आईपीएस संतोष मीणा ने कहा कि आप सभी साइबर क्राइम को लेकर खुद भी एलर्ट रहें। बाकी, पुलिस हर कदम आपको साथ मिलेगी।
आईपीएस संतोष ने कहा कि समय के साथ बहुत सारी चीजें बदली हैं। उसी तरह से अपराध और पुलिसिंग में भी बहुत बदलाव आया है। हमें बदलते दौर के अनुरूप खुद को ढालना है और सकारात्मक सोच के साथ पुलिस का सहयोग लेते हुए अच्छा करते रहना है।
क्षेत्राधिकारी दशाश्वमेध ने कहा कि हम सभी आपके बीच से ही हैं। रोजाना कुछ अच्छा सीखना है और कुछ गलतियों को भूलना है। आमने-सामने के ऐसे संवाद और अच्छा करते रहने की प्रेरणा देते हैं।
इस दौरान महिला थाना प्रभारी प्रभा, जैतपुरा थाना प्रभारी शशिभूषण राय और कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने लोगों को मिशन शक्ति अभियान के बारे में बताया। इस दौरान स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष विष्णु दयाल सेठ, कृष्णकांत तिवारी कुन्नू, प्रतीक गुप्ता, किशन दीक्षित, भैयालाल यादव, अमन कबीर सहित तमाम गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।