लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम घोषित होने के बाद से प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। इसी क्रम में पुलिस प्रशासन ने भी अपनी कमर कस ली है कि इस बार शांति पूर्वक चुनाव संपन्न कराना है। इसके मद्देनजर लोकसभा चुनाव को प्रभावित करने वाले जिले के 260 बदमाशों की सूची थाना स्तर पर तैयार की गई है।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने इन सभी बदमाशों की गिरफ्तारी का टास्क क्राइम ब्रांच और थानेदारों को दिया है। इसके साथ ही जनपद की सीमा से सटे चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ जिले के बदमाशों की गतिविधियों की टोह लेते रहने और उन पर कार्रवाई का निर्देश क्राइम ब्रांच को दिया है। वहीं, डिप्टी एसपी स्तर के अधिकारियों को कुख्यात अपराधियों और उनसे जुड़े लोगों की गतिविधियों की सुरागकशी का जिम्मा सौंपा गया है।
सक्रिय अपराधियों, हाल में जेल से जमानत पर छूटे, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित, इनामी बदमाशों और शराब माफिया के साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को बाधित कर सकने वालों को सूचीबद्ध कर लिया गया है। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने सोमवार को बताया कि क्षेत्राधिकारियों, थानेदारों, हल्का प्रभारियों और बीट आरक्षियों को कहा गया है कि वो गांवों में संपर्क कर निर्भीक मतदान के लिए सबको प्रेरित करें।
सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था को बाधित कर सकने वाले शरारती तत्वों के बारे में भलीभांति वाकिफ हों। पैदल गश्त और वाहन चेकिंग को लेकर किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए। लोकसभा चुनाव संपन्न होने तक पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी करना है। जो पुलिसकर्मी लापरवाही बरतेंगे वो कार्रवाई की जद में आएंगे।