सर सुंदरलाल हॉस्पिटल वाराणसी
सूत्रों के मुताबिक उमंग फार्मेसी की ओर से इस संबंध में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को पत्र भी लिखा गया था, जिसमें वितरित दवा के एवज में कीमत की मांग की गई थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि पैसा न मिलने की सूरत में वह दवा वितरण बंद करने को बाध्य होंगे।
यह पत्र 8 फरवरी को भेजा गया था। अस्पताल प्रशासन की ओर से 18 फरवरी को जवाब दिया गया कि 19 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनारस आ रहे हैं। वह बीएचयू परिसर में भी होंगे। लिहाजा दवा वितरण जारी रखा जाए। अस्पताल प्रशासन ने वादा किया था कि वह दवा की कीमतों का भुगतान शीघ्र कर देंगे। लेकिन अस्पताल प्रशासन दवा की कीमत का भुगतान उमंग फार्मेसी को नहीं कर सका।
उमंग फार्मेसी ने अपने पत्र में लिखा कि फार्मेसी की ओर से पूरी मदद की गई लेकिन 6 मार्च तक फूटी कौड़ी भी नहीं मिली। फार्मेसी के अनुसार सरसुंदर लाल अस्पताल पर 47,98,756 रुपये और ट्रामा सेंटर पर 18,02,635 रुपये सहित कुल 66,01,391 रुपये का बकाया है। उन्होंने लिखा है कि हमारे वेंडर्स ने सप्लाई बंद कर दी है। ऐसे में हम अब दवा वितरण रोकने को बाध्य हैं।
इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके माथुर ने बताया कि उमंग फार्मेसी की ओर से पहले से चल रहे बकाए का भुगतान नहीं हो रहा है। दिन में कुछ देर के लिए सप्लाई रोकी गई थी। बाद में बातचीत कर अस्पताल और ट्रामा सेंटर में दवा सप्लाई शुरू कराई गई।