वाराणसी में रिंग रोड के समीप दांदूपुर गांव में गुरुवार की रात क्राइम ब्रांच से मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी शाहरुख और डी-20 गैंग का बदमाश अमन सोनी गिरफ्तार किया गया। दाएं पैर में गोली लगने से घायल शाहरुख को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल से .32 बोर की दो देसी पिस्टल, छह कारतूस, आठ खोखा और एक अपाचे बाइक बरामद की गई है। दोनों पर हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, रंगदारी मांगने सहित अन्य आरोपों में 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, रिंग रोड के किनारे अचानक शुरू हुई फायरिंग से ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त हो गया था।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि शाम के समय जिले में वाहन चेकिंग शुरू कराई गई थी। ऐढ़े स्थित टेंट सिटी की ओर से आ रहे क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह ने दांदूपुर में शिवपुर एसओ नागेश सिंह को देखा तो रुक गए।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आए अपाचे बाइक सवार दो युवकों को शिवपुर एसओ ने रुकने का इशारा किया तो एक ने फायरिंग कर दी और फिर हरहुआ की ओर भागे। इस पर क्राइम ब्रांच प्रभारी और एसओ शिवपुर ने पीछा किया तो बाइक फिसलने के कारण दोनों गिर पड़े। पुलिस को नजदीक आते देख दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में चौक थाना के छत्तातले का शाहरुख के पैर में गोली लगी और नीलकंठ सरस्वती फाटक का अमन सोनी पकड़ा गया। मौके से आठ खोखा बरामद हुआ है। दोनों कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे, उनके गिरोह में और कौन शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।