यूपी के आजमगढ़ में शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक सिपाही को भी गोली लगी।
बदमाशों का इलाज बीएचयू के ट्रामा सेंटर में और सिपाही का शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। बदमाशों के पास से लूट के 97 हजार रुपये, दो तमंचे और एक बाइक बरामद हुई। गिरफ्तार बदमाशों में एक 50 हजार का इनामी है।
एसपी रविशंकर छवि ने बताया कि एसओ जहानागंज मनोज सिंह ब्लाक मोड़ पर वाहन चेक कर रहे थे। तभी आजमगढ़ की ओर से दो बाइक पर चार युवक आते दिखे। रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने गोली चला दी जो जहानागंज थाने के सिपाही शोभनाथ यादव के हाथ में लगी।
वायरलेस पर सूचना देकर पुलिस ने भाग रहे युवकों का पीछा कर लिया। मेंहनगर पुलिस ने आगे से घेराबंदी की तो बदमाश अकबेलपुर गांव की तरफ मुड़ गए पर दूसरी तरफ से जहानागंज पुलिस पहुंच गई और क्रास फायरिंग में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से गिर पड़े जबकि दूसरी बाइक पर सवार बदमाश फरार हो गए।