हथुआ मार्केट में दुकानदार रविंद्र जायसवाल से सात लाख के एवज में 70 लाख वसूलने के बावजूद 33 लाख रुपये की रंगदारी और मारपीट और दुकान कब्जाने मामले में रमेश राय उर्फ मटरू और नदेसर निवासी काशी सिंह के खिलाफ चेतगंज थाने में शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त किया जाएगा। मटरू राय के संपर्क में रहने वाले आपराधिक पृष्ठभूमि वालों पर भी पुलिस की नजर है।
चार साल पूर्व 23 जनवरी 2018 की रात बरेका के कर्मचारी नेता टीके मुकेश की परिसर में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें बरेका के कर्मचारी नेता रविनारायण सिंह उर्फ बबलू राय, उसका भाई पंकज राय, साढ़ू मटरू राय, आशुतोष सिंह, अमित सिंह रिक्कू को पुलिस ने नामजद आरोपी बनाया। उस समय दो शूटरों को वाराणसी लाने का आरोप मटरू राय पर था, मंडुवाडीह पुलिस ने हत्या के दौरान ही इसका खुलासा किया था।
इस हत्याकांड में बरेका के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बबलू राय ने वाराणसी कोर्ट और मटरू राय ने बिहार के बक्सर कोर्ट में सरेंडर किया था। बिहार बक्सर के उमरपुर गांव का निवासी मटरू राय हाल में ही हुए त्रिस्तीय पंचायत चुनाव में बक्सर के सदर प्रखंड से ब्लाक प्रमुख चुना गया है।