शहर में ट्रैफिक को लेकर रोजाना नियम बन रहे हैं, बावजूद जनता को जाम की जकड़न से निजात नहीं मिल पा रही है। इलाकाई पुलिस और ट्रैफिक निरीक्षकों की जानकारी के बावजूद शहर के फ्लाईओवरों के नीचे खड़े होने वाले वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है।
मंडुवाडीह-ककरमत्ता फ्लाईओवर के नीचे कई साल से ईंट और बालू लदे ट्रैक्टर खड़े होते हैं। इससे रोजाना जाम लगता है। चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे डग्गामार वाहनों का संचालन किसी से छिपा नहीं है। कमिश्नरेट पुलिस अधिकारियों की गाड़ियां रोजाना इस मार्ग से गुजरती है लेकिन बावजूद किसी अधिकारी का ध्यान इस ओर नहीं है।
लंका थाना अंतर्गत बीएचयू गेट लंका-नरिया मार्ग की दो किमी सड़क अवैध वाहनों का स्टैंड बन गया है। एंबुलेंस वाहनों से यहां हर रोज वसूली होती है और सड़क पर इन वाहनों के खड़े होने से जाम भी लोग झेलते हैं। इसी तरह सामनेघाट इलाके में भी प्राइवेट बसों की मनमानी से जाम की समस्याएं आम हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक विकास कुमार ने कहा कि ट्रैफिक नियमों पालन कराया जा रहा है। नियम तोड़ने वालों और सड़क पर सुगम यातायात में बाधक बन रहे वाहनों के खिलाफ सीज और चालान की कार्रवाई हो रही है।