गत पांच वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान धांधली के प्रयास और फर्जीवाड़े में पकड़े गए नकल माफिया पुलिस के रडार पर हैं। सभी परीक्षा केंद्र व कक्ष सीसी कैमरों की निगरानी में होंगे और निगरानी की त्रिस्तरीय व्यवस्था होगी। यह निर्देश पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा के मद्देनजर दिया।
पुलिस आयुक्त ने जिलाधिकारी एस. राजलिंगम के साथ सिपाही भर्ती परीक्षा के संबंध में जिला स्तरीय अफसरों के साथ बैठक की। पुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट के सभी सहायक पुलिस आयुक्त परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर बैठने की व्यवस्था, बिजली, जेनरेटर, पीने के पानी, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर लें।
पिछले पांच वर्ष में प्रकाश में आए नकल माफियाओं का सत्यापन कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी निगरानी की जाए। परीक्षा के दौरान त्रिस्तरीय कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग की जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
परीक्षा के पहले ड्यूटी में लगे सभी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी द्वारा रिहर्सल किया जाएगा। परीक्षा की संवेदनशीलता के दृष्टिगत सुगम यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। परीक्षार्थियों के सहयोग के लिए रेलवे और बस स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों के निकटस्थ विद्यालयों में ठहरने की व्यवस्था की जाएगी।