वाराणसी में ई-रिक्शा संचालन की नई व्यवस्था को लेकर अनशन पर बैठे अखिल भारतीय ई-रिक्शा चालक के अध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इससे नाराज अन्य चालकों में रोष है।
काशी जोन में ई-रिक्शा संचालन की नई व्यवस्था के विरोध में अनशन पर बैठे अखिल भारतीय ई-रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष प्रवीण काशी को मंगलवार की भोर कैंट थाने की पुलिस ने शास्त्री घाट से हिरासत में लिया। इसके बाद शांतिभंग के आरोप में चालान कर अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन
इसके साथ ही ई-रिक्शा चालकों के हंगामे की आशंका को देखते हुए शास्त्री घाट पर भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई। प्रवीण काशी को जेल भेजे जाने की सूचना पर शास्त्री घाट पहुंचे ई-रिक्शा चालकों को पुलिस ने खदेड़ दिया।
इसके बाद ई-रिक्शा चालक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के घर जा रहे थे तो पुलिस ने उन्हें अंधरापुल चौराहे से तितर-बितर कर दिया। इसके बाद ई-रिक्शा चालक चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह के टैगोर टाउन, अर्दली बाजार स्थित कार्यालय गए और अपनी मांगों से संबंधित पत्रक सौंपे।