प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन दोनों ने ही अपने-अपने स्तर पर तैयारी तेज कर दी है। पीएम 18 सितंबर की दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और शाम 7.40 बजे दिल्ली के लिए वापसी की उड़ान भरेंगे। पांच घंटे पांच मिनट के अपने व्यस्त दौरे में मोदी काशीवासियों को 22 सौ करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे। पीएम की सुरक्षा में डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ते के अलावा, एंटी माइन्स डिटेक्शन यूनिट को भी लगाया गया है। उधर, भाजपा ने पीएम के अभूतपूर्व स्वागत का खाका तैयार किया है। इसके लिए अलग-अलग नेताओं के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। हर टीम को उसका काम सौंप दिया गया है।
शनिवार को भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी के विधायक श्यामदेव राय चौधरी दादा, ज्योत्सना श्रीवास्तव, रवींद्र जायसवाल, एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, केदारनाथ सिंह, महापौर रामगोपाल मोहले सहित काशी क्षेत्र, जिला और महानगर के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस बैठक में पीएम के कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए आठ अलग-अलग कमेटियों का गठन किया गया। कमेटी गठन के साथ ही सभी कमेटी के प्रभारियों के नामों का भी ऐलान कर दिया गया। आत्माविशेश्वर
विकास चौधरी और शत्रुघन पटेल को पीएम की सभा के लिए बनने वाले मंच की साज-सज्जा का जिम्मा सौंपा गया है जबकि महेंद्र सिंह गौतम को सभासद दल की कमान सौंपी गई है। इसी प्रकार राकेश वशिष्ठ को युवा मोर्चा, कुसुम पटेल व निर्मला सिंह पटेल को महिला मोर्चा, संदीप अग्रवाल को समस्त प्रकोष्ठ, चंद्रशेखर उपाध्याय को मंडलों में साफ सफाई, सुधीर मिश्रा को निगरानी समिति और विनोद गुप्ता को जनसभा का प्रभारी बनाया गया है।
प्रधानमंत्री के आगमन पर शहर की सड़कों का लकदक किया जाएगा। पीएम का काफिला जिस भी सड़क से गुजरेगा, उसे गड्ढामुक्त बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय की अगुवाई में अधिकारियों ने शनिवार को बीएचयू ट्रामा सेंटर, डीरेका से लेकर बाबतपुर एयरपोर्ट तक की सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग को खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत करने और गलियों और सड़कों के कट्स पर बैरिकेडिंग कराने को कहा। पीएम के आगमन को देखते हुए प्रशासन नेयात्रा मार्ग पर 26 मजिस्ट्रेटोें की तैनाती सुनिश्चित की है। एडीएम सिटी ने कहा कि जरूरत पड़ने पर दूसरे जिलोें से भी मजिस्ट्रेट बुलाए जाएंगे।
18 सितंबर की शाम डीरेका के केंद्रीय खेल मैदान पर प्रधानमंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। बिजली और सड़क सुधार की करोड़ों की योजनाओं की नींव रखने के साथ ही पीएम कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। भाजपा ने पीएम की जनसभा में 20 हजार कार्यकर्ताओं की जुटाने का दावा किया है। पीएम जिस मंच से संवाद करेंगे, शनिवार से उसके निर्माण का काम शुरू हो गया। मैदान पर महिलाओं और पुरुषों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था होगी।
प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। सीओ भेलूपुर डीपी शुक्ला शनिवार की दोपहर बम डिस्पोजल दस्ता, डॉग स्क्वाड समेत फोर्स के साथ डीरेका और बीएचयू पहुंचे। उन्होंने डीरेका स्थित हेलीपैड और सभा स्थल का निरीक्षण किया। उनका कहना है कि हेलीपैड पूर्व में ही तैयार किया जा चुका है। मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। खुफिया एजेंसी के अधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है। पीएम की सुरक्षा में पांच हजार जवानों की तैनाती की जाएगी। इसमें 18 कंपनी पीएसी और सीआरपीएफ भी होगी। 12 पुलिस अधीक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ते के अलावा, एंटी माइन्स डिटेक्शन यूनिट को भी लगाया गया है।
जिला पुलिस के लिए इस सप्ताह के तीन दिन बेहद चुनौतीपूर्ण होंगे। 18 को प्रधानमंत्री के शहर आगमन के एक दिन पहले विश्वकर्मा पूजन तो एक दिन बाद लोलार्क षष्ठी है। ऐसे में लगातार तीन दिनों तक पुलिस को फुरसत नहीं मिलेगी। 17 को विश्वकर्मा पूजा के दौरान शहर में जगह-जगह प्रतिमाएं स्थापित किए जाने का रिवाज है। लोहे की छोटी दूकान से लेकर बड़े कारखाने तक में विश्वकर्मा पूजन हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इसके ठीक अगले दिन 18 को प्रधानमंत्री का आगमन हो रहा है। अगले दिन 19 को भदैनी स्थित लोलार्क कुंड में लोलार्क षष्ठी के मद्देनजर हजारों लोगों का हुजूम उमड़ेगा। ऐसे में जनपद की पुलिस को इन तीन दिन शांति और कानून व्यवस्था के लिहाज से खासी मशक्कत करनी होगी।