पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श गांव नागेपुर पहुंचे। उन्होंने विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को अधूरे काम जल्द पूरे कराने का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाते हुए गांव में खुले में शौचमुक्त बनाने की अपील की।
नागेपुर पहुंचे पंचायतीराज मंत्री ने पूरे गांव का भ्रमण सफाई व्यवस्था, शौचालयों समेत अन्य विकास कार्यों की हकीकत देखी। कई घरों के सामने बने शौचालय निष्प्रयोज्य हालत में मिले। इस दौरान सामुदायिक भवन पर गिट्टी-बालू बिखरी देख मंत्री ने नाराजगी जताई और जिला पंचायतराज अधिकारी एके सिंह से जवाब तलब किया।
विकास कार्यों की समीक्षा में ग्रामीणों ने बताया कि पशु चिकित्सालय, डाक घर, बारात घर, बालिका विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण अभी तक नहीं हुआ। कुछ काम अधूरे हैं तो कुछ अभी शुरू ही नहीं हो पाए। इस पर उन्होंने कहा कि वह अपनी रिपोर्ट सरकार को देंगे और जल्द निर्माण कार्य पूरे कराए जाएंगे। इस दौरान बीडीओ हेमंत सिंह, ग्राम प्रधान पारसनाथ राजभर, सचिव रामजीत पाल और श्यामसुंदर मास्टर आदि मौजूद थे।