जिला प्रशासन ने पीएम मोदी के हाथों लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं की सूची तैयार कर ली गई है। इसमें पांच हजार तीन सौ करोड़ की 32 परियोजनाओं की सौगात काशीवासियों को मिलेगी। शिलान्यास वाली परियोजनाओं की एनओसी आदि क्लीयर कराकर उसके टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है।
दरअसल, शासन से यह स्पष्ट निर्देश है कि उन्हीं परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कराया जाए, जिनका लाभ तुरंत जनता को मिलने लगे। इसमें लोकार्पण वाली परियोजनाओं को पीएम के हाथों शुभारंभ के साथ ही शुरू करने की योजना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- फोटो : pm modi in varanasi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिंग रोड के सामने ही जनसभा को संबोधित करेेंगे। हालांकि पीएम की जनसभा के लिए स्थान चयन पर लगातार जिला प्रशासन और भाजपा की ओर से मंथन जारी है। इसमें रिंग रोड के किनारे के विकल्पों में पीएम मोदी के गोद लिए गांव परमपुर की सीमा से सटा एक भूखंड प्रशासन की पहली पसंद बनी है। हालांकि पार्टी स्तर से चर्चा के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के लिए भाजपा भी स्वागत की तैयारियों में जुट रही है। इसमें रिंग रोड पर पार्टी कार्यकर्ता पीएम के स्वागत में तैनात रहेंगे। इसके लिए भाजपा पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि पीएम के स्वागत के लिए योजना बनाई जा रही है। काशी की परंपरा के अनुरूप स्वागत किया जाएगा।