पीएम मोदी ने कहा कि जी-20 सम्मेलन के जरिए भारत ने पूरी दुनिया में अपना झंडा गाड़ा है लेकिन उसमें काशी की सेवा विशेष है। जी 20 के लिए जो-जो मेहमान काशी आए वे इसे अपनी यादों में साथ लेकर गए हैं। मैं मानता हूं कि जी-20 की सफलता महादेव के आशीर्वाद से ही संभव हुई है। बाबा की कृपा से काशी अब विकास के अभूतपूर्व आयाम गढ़ रही है। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में जब मैं यहां आया था, तो मैंने जिस काशी की कल्पना की थी, विकास और विरासत का वो सपना अब धीरे-धीरे साकार हो रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज ही मैंने बनारस के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया है। आज मुझे यहां उत्तर प्रदेश के 16 अटल आवासीय विद्यालयों के लोकार्पण का भी अवसर मिला है। मैं इन सभी उपलब्धियों के लिए काशीवासियों व उत्तर प्रदेश के लोगों और श्रमिकों को बधाई देता हूं। पीएम ने काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। कहा कि इस महोत्सव से पता चला कि मेरी काशी और आसपास के जिले में कितनी प्रतिभा है। आने वाले दिनों में काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव एक ऊंचाई पर पहुंचेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि काशी और संस्कृति को अलग कह रही नहीं सकते। काशी की गली-गली में संगीत है। कई घराने हैं। संगीत की समृद्ध विरासत है। पीएम मोदी ने सात वार नौ त्यौहारों वाली काशी रामलीला, नागनत्थैया मेला, देवदीपावली और संकट मोचन संगीत समारोह का जिक्र कर संगीत की बखान किया। कहा कि काशी में तबला है तो सितार भी है। शहनाई है तो मृदंग और वीणा भी है।