अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में चार साल में हुए विकास पर आधारित पुस्तिका ‘मेरी काशी’ के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो भी जारी किया है। सात मिनट के इस वीडियो में न्यू इंडिया की ओर कदम बढ़ाती काशी को दिखाया गया है।
गंगा की निर्मल धाराओं से शुरू हो रहे वीडियो में गंगा आरती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मां गंगा ने काशी को बुलाया है’ को विशेष रुप से दिखाया गया है।
वीडियो में बैकग्राउंड आवाज से अपने बदलाव के बारे में बता रही काशी पीएम मोदी के लिए कहती है कि मेरा कायाकल्प नहीं होता अगर मेरे बेटे ने आकर नहीं पुकारा नहीं होता।
वीडियो में कैंट स्टेशन, बीएचयू और गंगा घाट काशी के महात्म्य को बता रहे हैं। अमृत और हृदय योजना के कराए गए काम, पेयजल, सीएनजी-पीएनजी पाइप लाइन और स्वच्छता पर हुए काम को भी बताया गया है।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर हवाई जहाज से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में वृद्धि के साथ-साथ जल परिवहन को लेकर काशी की उम्मीदों को भी बताया गया है।
ट्रेनों की बढ़ती संख्या, अंडरग्राउंड केबिल, मेडिकल हब का जिक्र कर केंद्र सरकार के ‘साफ नीयत सही विकास’ को काशी से जोड़ा गया है।
इसमें दुनिया भर में काशी की प्राचीनता और आध्यात्म का बखान कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को काशी ने धन्यवाद दिया है। वीडियो के अंत में ऐसी काशी की परिकल्पना की गई है, जिसमें सभी के पास घर, रोजगार और खुशहाली होगी।