वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। इसके लिए सभी विकास खंडों, कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर और गिरजादेवी संकुल से जिले के लाभार्थी किसान प्रधानमंत्री के साथ लाइव जुड़ेंगे। इसके साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त मंगलवार से किसानों के खाते जाएगी। लाइव कार्यक्रम से जिले के किसानों को भी जोड़ा जाएगा। छह लाभार्थियों को पीएम से संवाद के लिए तैयार किया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लखनऊ से वर्चुअल जुड़ेंगे।
मुख्य कार्यक्रम स्थल चौकाघाट स्थित पद्मविभूषण गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल सभागार में एक साथ करीब एक हजार किसानों को आमंत्रित किया गया है। केंद्र की पीएम आवास, पीएम स्वनिधि, किसान सम्मान, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका योजना समेत अन्य योजनाओं के लाभार्थी इससे जुड़ेंगे। केंद्र में मोदी सरकार के आठ साल पूरा होने के उपलक्ष्य में पीएम शिमला में मौजूद रहकर लाभार्थियों को संबोधित करेंगे। उप कृषि निदेशक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले के दो लाख 62 हजार 485 किसानों के खाते में 11वीं किस्त का दो हजार रुपये भेजा जाएगा।
--------
- पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थी किसानों के खतौनी का होगा सत्यापन
ई केवाईसी के बाद अब किसानों के खतौनी का सत्यापन किया गया। इसके लिए कृषि विभाग की ओर से किसानों को तीन दिन का समय दिया गया। सत्यापन की प्रक्रिया 30 मई से एक जून के बीच होगी। उप कृषि निदेशक ने बताया कि जिले में सोशल ऑडिट कार्यक्रम चल रहा है। जिसके तहत किसानों के सत्यापन के लिए खतौनी की आवश्यकता है। सभी किसान अपनी खतौनी पर नाम, पिता का नाम, गांव का नाम और मोबाइल संख्या लिखकर क्षेत्रीय लेखपाल को एक जून तक जमा करा सकते है।
फोटो
माता-पिता को खोने वाले बच्चों का पीएम ने बढ़ाया हौसला बढ़ाया
-पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के माध्यम से फंड ट्रांसफर की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। जो चला जाता है, उसकी हमारे पास सिर्फ चंद यादें ही रह जाती हैं, लेकिन जो रह जाता है, उसके सामने चुनौतियां का अंबार लग जाता है। ऐसी चुनौतियों में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रंस उन बच्चों के लिए मददगार साबित होगा, जिन्होंने कोरोना काल में अपने माता-पिता को खो दिया है। ऐसे बच्चों के साथ पीएम नरेंद्र मोदी ने संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया। इसके साथ ही उनके खाते में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के माध्यम से फंड भी ट्रांसफर किया गया।
आयुक्त सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने पीएम का संबोधन सुना। इस योजना के तहत जिले में आठ बच्चों को इसका लाभ मिला। जिनका डाकघर में खाता खुलवाने के साथ प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज के लिए हेल्थ कार्ड प्रदान किया गया। पात्रता के अनुसार एक बच्चे का केंद्रीय विद्यालय में दाखिला करा दिया गया है। साथ ही सभी बच्चों का राशन कार्ड भी बनवाया जा चुका है। आयुक्त सभागार में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने लाभार्थी शिवानी श्रीवास्तव को योजना से संबंधित प्रमाण पत्र व गिफ्ट हैंपर भेंट किया। शिवानी ने पीएम मोदी को धन्यवाद किया। इस दौरान जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी पीके त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इसके तहत 4 हजार रुपए हर महीने की व्यवस्था भी की गई है। ऐसे बच्चे जब अपने स्कूल की पढ़ाई पूरी करेंगे, तो आगे भविष्य के सपनों के लिए और भी पैसों की जरूरत होगी। इसके लिए 18-23 साल के युवाओं को हर महीने स्टाइपेंड मिलेगा और जब आप 23 साल के होंगे तब 10 लाख रुपये आपको एक साथ मिलेंगे।