प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए काशी को तैयार कर लिया गया है। दीपावली जैसा माहौल बनाने के लिए शहर में जगह-जगह एलईडी, फसाड और फोकस लाइट लगाकर सजाया गया है। शहर के बड़ी इमारतों को लाइटिंग से उसकी खूबसूरती निखारी गई है। बाबतपुर फोरलेन, रिंग रोड, रामनगर का मल्टी मॉडल टर्मिनल और दीनापुर एसटीपी को रंगीन लाइटों से जगमग किया गया है। बाबतपुर फोरलेन के पोल पर तिरंगी लाइट लगाई गई है। इसके अलावा फ्लाईओवर के नीचे के फव्वारों को चला दिया गया है।
पढ़ेंः
वाराणसी के 15वें दौरे में एक तीर से कई निशाने साधेंगे प्रधानमंत्री मोदी
2413 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देने काशी आ रहे प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत की तैयारी है। शहर के सरकारी कार्यालयों, भवन और प्रतिष्ठानों को दीपावली की तरह ही रंगीन लाइट से सजाया गया है। इसमें कई भवनों पर स्थाई तौर पर लाइटिंग कर दी गई है। इसके अलावा घाटों पर फसाड लाइटिंग की गई है। बनारस की खूबसूरत तस्वीरों को भी जगह-जगह होर्डिंग के माध्यम से बताने की कोशिश की गई है। बनारस के पुल, पोल सहित अन्य जगहों पर एलईडी लाइटिंग की गई है।