वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की उपाध्यक्ष ईशा दुहन ने बताया कि जिन आठ तालाब-कुंडों का पीएम लोकार्पण करेंगे, उसमें दुधिया तालाब, काल्हा तालाब, लक्ष्मीकुंड, पहड़िया तालाब, बकरिया कुंड, संत कबीर प्राकट्य स्थल तालाब, पंचकोशी तालाब करौंदी, रेवा गिरी तालाब अवलेशपुर शामिल हैं।
उपाध्यक्ष ने बताया कि इन तालाब-कुंडों पर पाथ-वे, घाट निर्माण, बाउंड्रीवाल, एलईडी प्रकाश व्यवस्था, स्टोन रेलिंग, शौचालय, बारादरी (छतरी) आदि का निर्माण कराया गया है। पूरा तालाब दूधिया रोशनी में नहा रहा है। वहीं चारों तरह आकर्षक फूल, पेड़-पौधों के साथ ही घास लगाई गई है। वीसी ईशा दुहन अपने अधीनस्थों के साथ लोकार्पित होने वाली सभी परियोजनाओं का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिया।
बनारस से पूर्वांचल को मजबूत कनेक्टविटी देने वाले रिंग रोड-2 के लोकार्पण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर सफर करेंगे। पीएम के कार्यक्रम में बाबतपुर से जनसभा स्थल तक सड़क मार्ग से आने का प्रस्ताव दिया गया है। इसमें जगह जगह प्रधानमंत्री का स्वागत भी पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में कराने की योजना है।
मगर, 29 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग के सफर को जिला प्रशासन ठीक नहीं मान रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बृहस्पतिवार को एसपीजी आ जाएगी और उसके बाद ही एयरपोर्ट से सभास्थल के बीच की यात्रा तय होगी। एसपीजी के आने के बाद सभा स्थल पर पीएमओ और सीएम कॉटेज का भी निर्णय होगा।