प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पित होने वाली अक्षय पात्र रसोई का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य सचिव दुर्गा प्रसाद मिश्र व डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान ने परिषदीय विद्यालय के बच्चों से बातचीत की। सबसे पहले चोलापुर की छात्रा ने संस्कृत में अपना नाम बताया, मम नाम: पलकनाथ अस्ति। इतना ही नहीं संस्कृत में प्रस्तुति दी।
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने संस्कृत में कविता, गीत और महिषासुर मर्दिनी का पाठ सुना। आराजीलाइन के भीखमपुर की आयुषी पटेल ने प्रधानमंत्री के कार्यों को लेकर अंग्रेजी में भाषण सुनाया तो महिला शिक्षक ममता पटेल ने प्रधानमंत्री के कार्यों को पिरो कर तैयार की गई कविता सुनाई।
बच्चों की वाकपटुता व प्रतिभा से प्रसन्न होकर मुख्य सचिव ने उन्हें 1100 रुपये नकद पुरस्कार भी दिया। प्रधानमंत्री के आगमन की दृष्ट से परिसर में आने के लिए पुलिस लाइन की तरफ हिंदी संस्थान की बाउंड्री तोड़ कर रास्ता बनाया गया है। सड़क का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। अफसरों ने अक्षय पात्र में भोजन निर्माण की प्रक्रिया आदि को भी परखा।
पीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्दे नजर रविवार को एएसएल की बैठक की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन व प्रस्थान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। एयरपोर्ट के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था के सभी बिंदुओं पर चर्चा के साथ ही विचार विमर्श हुआ। बैठक में निदेशक अर्यमा सान्याल, एयरपोर्ट के अधिकारी, सीआईएसएफ कमांडेंट अजय कुमार, लोकल पुलिस, एसडीएम के साथ ही अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अमूल प्लांट परिसर में पौधरोपण के बाद मुख्य सचिव ठीक सामने स्थित एग्रो पार्क के बारे में जानकारी ली। वही प्लांट के ठीक बगल में खाली व घास-फूंस वाली जगह की साफ-सफाई करने का निर्देश दिया। मुख्स सचिव ने कहा कि इस प्लांट से 50 किलोमीटर तक के गांव जुड़ जाएंगे।
वहीं प्लांट के शुरू होने के बाद कंपनी की ओर से गांवों में दुग्ध कलेक्शन सेंटर भी खोले जाएंगे। इसके बाद शाहंशाहपुर स्थित राजकीय कृषि एवं पशुधन प्रक्षेत्र तथा लगभग 23 करोड़ रुपये धनराशि से बने कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का भी निरीक्षण किया और पूरी क्षमता से इसे संचालित किए जाने हेतु मौके पर उपस्थित प्लांट के अधिकारियों को निर्देशित किया।
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए नगर निगम की ओर से कार्यक्रम स्थलों के आसपास साफ-सफाई कराई जा रही है। रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर, संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के आसपास के इलाकों में तेजी से कार्य चल रहा है। नगर निगम की कबाड़ गाड़ियों को हटवाया जा रहा है।
सिंचाई कालोनी में चूने का छिड़काव कराया जा रहा है। स्टेडियम गेट के सामने गंदगी हटवाने के साथ इंटरलाकिंग कराई जा रही है। बारिश में होने वाले जलभराव को ध्यान में रखकर कार्य कराए जा रहे हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनपी सिंह ने बताया कि पीएम आगमन के पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करा ली जाएंगी।