पीएम सड़क मार्ग से बाबतपुर से पिंडरा के करखियांव जाएंगे और यहां जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा से पहले पीएम करखियांव औद्योगिक क्षेत्र में 475 करोड़ रुपये की बनास काशी संकुल परियोजना की नींव रखेंगे। अमूल से जुडे़ एक लाख 70 हजार दुग्ध उत्पादकों को 35.2 करोड़ रुपये बोनस का आनलाइन ट्रांसफर भी वे बटन दबाकर करेंगे।
इसी मंच से पीएम वाराणसी की तीनों तहसीलों के छह लाभार्थियों को स्वामित्व योजना का प्रमाणपत्र सौंपेंगे। इसके साथ ही वे एक क्लिक के जरिए प्रदेश के 33 जिलों के 20 लाख परिवारों को घरौनी यानी खतौनी प्रमाणपत्र का लिंक भेजेंगे। इसके बाद वे 870.16 करोड़ की लागत से निर्मित पांच परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही 1225.51 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
देश भर में लागू होगा डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता
डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता प्रमाणीकरण प्रणाली लागू करेंगे। पीएम के हाथों लांच होने वाले पोर्टल के जरिए दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा का प्रमाणपत्र प्राप्त किया जा सकेगा। साथ ही पीएम के हाथों लांच डेयरी मार्क अब दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता का प्रतीक बनेगा।