पीएम मोदी ने जय जवान, जय किसान के नारे को याद कर शास्त्री जी के सपनों की याद दिलाई और किसानों से तिलहन उत्पादन बढ़ाने की अपील की। विदेशों से अनाज मंगाने का संकट दूर करने वाले पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की धरा से उन्होंने किसानों से खेत के एक तिहाई हिस्से में तिलहन उत्पादन का संदेश दिया है।
काशी की धरा से पीएम ने पौधरोपण अभियान की शुरुआत कर जलसंचयन मुहिम को भी धार दी है। पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर आनंद कानन और नवग्रह वाटिका में पीएम ने पीपल का पौधा रोपा और फिर हर परिवार को बच्चे के नाम पर पौधरोपण की अपील की।
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले बजट पर मिल रही प्रतिक्रियाओं पर भी प्रधानमंत्री ने न्यू इंडिया की परिकल्पना में मजबूत अर्थव्यवस्था का सपना दिखाया। उन्होंने परिश्रम से संकल्प और संकल्प से सिद्धी के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया।
काशी से शुरू किया था स्वच्छता अभियान :
पीएम नरेंद्र मोदी ने पहले कार्यकाल में देशव्यापी स्वच्छता अभियान की शुरुआत भी काशी की धरा से की थी। 8 नवंबर 2014 को अस्सी घाट पर सफाई अभियान में शामिल होकर स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का नारा दिया था।