पूर्वांचल के दो दिन के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आजमगढ़ में मंदुरी हवाई पट्टी पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास रखने के साथ ही पूरे प्रदेश की एक कनेक्टिविटी का खूबसूरत नजारा पेश किया।
साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि विकास की दौड़ में पीछे छूट चुके पूर्वी यूपी में पलायन रुकेगा। इस मौके पर राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद थे।
पीएम ने कहा कि एक्सप्रेस-वे के किनारे इंडस्ट्रियल कॉरीडोर, मेडिकल और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र बनाकर लोगों को उनके जिले में रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करने के साथ ही उन्होंने पूर्वांचल से ही लोकसभा 2019 का चुनावी बिगुल फूंक दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऋषि-मुनियों की तपोभूमि और साहित्याकारों को उर्वरा भूमि को नमन करते हुए कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पूर्वांचल के विकास में नया अध्याय लिखेगा। लखनऊ से गाजीपुर तक कई जिलों पर विकास की नई गंगा बहेगी।
सूबे में एक साल में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। बड़े अपराधियों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। व्यापार के लिए सुलभ रास्ता तैयार किया जा रहा है। 10 वर्षों के बाद यूपी की पहचान बदल रही है। किसानों, नौजवानों, पीड़ितों, शोषितों और वंचितों के लिए कार्य किया जा रहा है।
बदली कार्यप्रणाली सूबे को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे बसे सभी शहर, गांव और कस्बों की तस्वीर बदल जाएगी। किसान, पशुपालक, बुनकर, शिल्पकारों सभी को नई दिशा मिलेगी।