फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 मार्च को गंगा में नौका विहार करना है और गंगा में पानी बेहद कम। जो पानी है भी वह नालों के अपजल से प्रदूषित है। विदेशी खास मेहमान के आगे फजीहत न हो इसके लिए वाराणसी जिला प्रशासन के प्रयास से बुधवार को कानपुर बैराज से गंगा में तीन हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस पानी के शनिवार तक वाराणसी पहुंचने की उम्मीद जताई जता रही है।
बैराज के 113 मीटर के लेवल को बनाए रखते हुए अतिरिक्त पानी को छोड़ा गया है। पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने इसके लिए शासन से वार्ता की थी। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अस्सी घाट से दशाश्वमेध घाट तक गंगा में नौका विहार करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
विज्ञापन
इसके लिए विशेष बजड़ा 'कैलाश' तैयार किया गया है। गंगा में पानी कम होने की वजह से बजड़े के संचालन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका थी। गंगा में गिरते नालों को लेकर भी प्रशासन चिंतित था। स्थानीय स्तर पर कुछ घंटे के लिए बड़े नालों को बंद करने पर विचार चल रहा है।
नगर निगम के लिए ऐसा करना किसी मुसीबत से कम नहीं होगा। नाला बंद किया गया तो कई जगहों पर सीवर ओवर फ्लो की समस्या होगी। ऐसे में पानी का प्रवाह तेज होने पर गंगा में गिरते नालों को कुछ हद तक छिपाया जा सकता है।
गंगा में पानी छोड़े जाने से प्रशासन की मुश्किलें कम होंगी। वहीं, कानपुर बैराज को रिजर्व चार्ज करने के लिए सोमवार को नरौरा से भी 378 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
आठ शिल्पों का सजीव प्रदर्शन देखेंगे फ्रांस के राष्ट्रपति
इमैनुएल मैक्रों
- फोटो : Magic Paris
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों वाराणसी के बड़ालालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में आठ शिल्पों का सजीव प्रदर्शन देखेंगे। इस दौरान उन्हें कच्चा माल से लेकर उसके खूबसूरत आकार लेने तक का पूरा सफर दिखाया जाएगा। यह सारे उत्पाद जीआई होंगे।
इसके अलावा स्थानीय जीआई और संभावित जीआई उत्पादों के 14 स्टॉल सहित 28 स्टॉल भी लगाए जाएंगे। एक-दो दिन में डीसी हैंडीक्राफ्ट शांतमनु के आगमन के बाद कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति क्राफ्ट म्यूजियम देखेंगे, जहां बुनकरी के अलावा काशी की परंपरा और खानपान की विधाओं से भी रूबरू होंगे। बता दें कि आज से दीनदयाल हस्तकला संकुल साज सज्जा का काम होने के काण आम जनों के प्रवेश बंद कर दिया गया है।
एसपीजी ने बोट और होटल का किया निरीक्षण
दरभंगा घाट स्थित बृजरमा पैलेस
- फोटो : अमर उजाला
पीएम की सुरक्षा को लेकर बनारस पहुंची एसपीजी की टीम ने बोट की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। उन्होंने बोट को अपने स्तर से जायजा लिया। जांच के बाद एसपीजी की टीम ने कल शाम तक बोट और होटल अपने कब्जे में लेने का निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
इससे पहले दिल्ली से आई सुरक्षा की टीम ने हर क्षेत्र की फोटोग्राफी की। टीम ने बताया कि ये हमारी सुरक्षा का हिस्सा है। इससे हम हर क्षेत्र, गली और घाट के चप्पे-चप्पे पर नजर रख सकेंगे।
टीम के सदस्यों ने विश्वनाथ मंदिर के रेडजोन का भी निरीक्षण किया। इसके लिए उन्होंने दोपहर में एसपी ज्ञानवापी से फोटोग्राफी करनेे की लिखित अनुमति भी मांगी थी।
विश्वनाथ मंदिर जा सकते हैं फ्रांस के राष्ट्रपति और पीएम
काशी विश्वनाथ मंदिर
- फोटो : amarujala
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रोन आर पीएम नरेंद्र मोदी नरेंद्र मोदी काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने जा सकते हैं। इसके मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों की ओर से मंदिर व सटे गलियों की वीडियो रिकार्डिंग कराई गई।
मंदिर, रेडजोन येलो जोन के साथ आने-जाने वाले मार्गों की भी वीडियो रिकार्डिंग हुई। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह भी तैयारियों के मद्देनजर काफी देर तक मंदिर में रहे।