फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और पीएम नरेंद्र मोदी का गंगा में नौका विहार के दौरान तुलसीघाट पर उनका पारंपरिक ढंग से स्वागत किया जाएगा। मेहमानों को काशी की प्राचीन परंपरा से रूबरू कराया जाएगा।
विज्ञापन
संकट मोचन फाउंडेशन की ओर से तुलसीघाट पर दोनों नेताओं के आगमन के दौरान रामायण के उत्तरकांड की चौपाई गाई जाएगी और रामलीला का भी प्रदर्शन किया जाएगा। लीला में रामराज्य की झांकी प्रदर्शित की जाएगी।
फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. विश्वम्भर नाथ मिश्र के शिष्य जापान के कलाकार तेइस्या तनाइको इस दौरान मृदंग बजाएंगे। मेहमानों को 16वीं शताब्दि को महसूस कराया जाएगा। घाट पर इमैनुअल मैक्रों और पीएम नरेंद्र मोदी का 50 फीट ऊंचा कटआउट भी लगाया जाएगा।
विज्ञापन
इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। काशी के कलाकार इस कटआउट को तैयार कर रहे हैं। वहीं अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के पहलवान घाट पर गदा फेरते दिखेंगे। विभिन्न स्कूलों के दो सौ छात्र अपने हाथों में फ्रांस और भारत का राष्ट्रध्वज लेकर स्वागत करेंगे।
गंगा और घाटों पर रहेगा अभेद्य सुरक्षा घेरा
12 मार्च को फ्रांस के राष्ट्रपति के बुलेट प्रूफ बजड़े से गंगा दर्शन के दौरान घाटों और रामनगर की तरफ पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे।
गंगा में आमजन के नौकायन पर पाबंदी रहेगी और घाटों के किनारे की सभी इमारतों पर रूफ टॉप फोर्स तैनात रहेगी। वहीं, गंगा में सामने घाट से राजघाट के बीच एनएसजी कमांडो और पीएसी बाढ़ राहत दल, जल पुलिस व एनडीआरएफ के जवान तैनात रहेंगे।
20 कंपनी सीपीएमएफ और 19 कंपनी पीएसी की मांग की गई
12 मार्च को बनारस आएंगे पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के वाराणसी आगमन के दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिला पुलिस की ओर से 20 कंपनी सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स (सीपीएमएफ), 17 कंपनी पीएसी और एक कंपनी पीएसी बाढ़ राहत दल की मांग की गई है। वहीं, फ्रांस के राष्टपति के गंगा दर्शन के मद्देनजर घाटों और इससे सटी गलियों में पुलिस और पीएसी की सक्रियता बढ़ गई है।
प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति के आगमन की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मंगलवार को एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री और आईजी जोन दीपक रतन ने एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज से जानकारी ली।
सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होने वाले 8500 से ज्यादा पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों के ठहरने के लिए मुकम्मल व्यवस्था कराने का निर्देश एसएसपी को दिया गया है।
इसके साथ ही रूट डायवर्जन की ऐसी व्यवस्था करने को कहा गया है कि आम आदमी को समस्या न हो और वीवीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित न हो।
इस संबंध में एसएसपी ने बताया कि प्रधानमंत्री और फ्रांस के राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थलों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचकर फोर्स की मांग की गई है। गंगा घाटों के किनारे रहने वालों का वेरिफिकेशन कराया जा रहा है।
दस हजार लोगों को संबोधित करेंगे पीएम
pm modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 मार्च को वाराणसी के डीरेका में जनसभा करेंगे। इस दौरान वह करीब दस हजार लोगों को संबोधित करेंगे। प्रशासन इसकी तैयारियां करने में लगा हुआ है। पीएम के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के दो हजार लाभार्थी, स्वयं सहायता समूह के पांच हजार लोग, करीब सौ महिला बुनकर और उज्ज्वला योजना के डेढ़ हजार लाभार्थी जुटेंगे।
विभागवार इनकी सूची बनाने का काम चल रहा है। जनसभा में पार्टी के कार्यकर्ता शामिल होंगे या नहीं इस पर फैसला नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि पीएम डीरेका में ही पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों से भी मिलेंगे। डीरेका में आयोजित इसी समारोह में पीएम मोदी करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इसमें 557 करोड़ 20 लाख 40 हजार लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण और 718.87 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। मंगलवार को पीएम के लोकार्पण और शिलान्यास संबंधी प्रस्ताव बनाकर जिला प्रशासन की ओर से मुख्य सचिव और पीएमओ के निदेशक को भेज दिया गया। पीएमओ के दिशा निर्देश पर इसमें फेरबदल हो सकता है।
मोदी के कार्यक्रम के लिए मंगलवार को जिला प्रशासन के अधिकारी लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने में लगे रहे। अलग-अलग विभागों से रिपोर्ट मांगी जाती रही। सूत्रों का कहना है कि प्रस्तावित कार्यक्रमों में से कुछ परियोजनाएं हट सकती हैं तो कुछ को शामिल भी किया जा सकता है। अगले दो दिनों में इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
चौबीसों घंटे नालों से गिरते मल-जल से हालात भयावह
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजीव कुमार ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया।
साथ ही नगर निगम को शहर में सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा। सुरक्षा में लगने वाले जवानों का कर्मचारियों की तैनाती के पूर्व उनका वेरीफिकेशन कराने एवं उनके लिए परिचय पत्र जारी कराने का निर्देश दिया गया।
जन शिकायतों के निस्तारण और श्रावस्ती मॉडल के तहत विवादों के निस्तारण को लेकर भी चर्चा की। तैयारियों के मद्देनजर ही कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण और डीएम ने भी अपने कैंप कार्यालय पर बैठक की।
इमैनुअल मैक्रों और पीएम नरेंद्र मोदी को अस्सी घाट से दशाश्वमेध घाट तक नौका विहार करना है। इस बीच गंगा में पंद्रह से ज्यादा नाले गिरते हैं। नालों को इमैनुअल मैक्रों और पीएम नरेंद्र मोदी की नजरों से दूर रखने के लिए उन्हें कुछ घंटों के लिए बंद किया जा सकता है। साथ ही, गंगा में पानी भी छोड़ा जा सकता है। इसके लिए शासन स्तर पर वार्ता चल रही है।